Reliance Jio 129 रुपये, Airtel 148 रुपये या Vodafone 149, जानें किस नेटवर्क पर मिलेगा 28 दिनों के लिए सबसे ज्यादा फायदा

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2019/12/voda-jio-airtel.jpg

1 दिसंबर को देश की टेलीकॉम कंपनी Airtel और Vodafone Idea ने अपने नए प्लान्स की घोषणा कर दी थी। इन प्लान्स के सामने आते ही यह भी साफ हो गया था कि अब सस्ते इंटरनेट और फ्री कॉलिंग के दिन खत्म हो चुके हैं। इन दो बड़ी कंपनियों के प्लान सामने आने के बाद Reliance Jio के प्लान्स का इंतजार किया जा रहा था। Reliance Jio ही वह कंपनी है जिसने भारतीय दूरसंचार बाजार की सूरत बदली थी। Jio ने घोषणा की थी कि उसके प्लान अन्य टेलीकॉम कंपनियों की तुलना में 20 प्रतिशत तक सस्ते रहेंगे और अब Reliance Jio ने अपने प्लान्स को पेश कर यह बात साफ भी कर दी है।

Reliance Jio ने कल रात अपने सभी नए All-in-One प्लान पेश कर दिए हैं। कंपनी ने हर बजट में प्लान पेश किए हैं जिनका रिचार्ज एक महीने से लेकर एक साल की वेलिडिटी तक के लिए किया जा सकता है। अपने इस आर्टिकल में हमनें Reliance Jio, Airtel और Vodafone Idea के सबसे प्लान्स का तुलनात्मक अध्धयन किया है जिसकी कीमत 125 रुपये से लेकर 150 रुपये के बीच है। यदि आप भी इस कीमत पर कोई रिचार्ज कराना चाह रहें हैं तो आगे दी जानकारी आपको प्लान्स और कंपनी चुनने में मदद करेगी।

Reliance Jio

सबसे पहले Reliance Jio की ही बात करें तो इस रेंज में Jio ने 129 रुपये का प्लान पेश किया है। यह एक प्रीपेड प्लान है जो 28 दिनों की वेलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान में कंपनी द्वारा 2 जीबी 4G इंटरनेट डाटा दिया जा रहा है जो पूरे महीने तक वैध रहेगा। यानि इस प्लान में यूजर्स को प्रतिदिन के हिसाब से डाटा नहीं दिया जाएगा। इसके साथ ही 129 रुपये के प्लान में यूजर्स को पूरे महीने के लिए कुल 300 एसएमएस भी प्राप्त होंगे।

अब वॉयस कॉलिंग की बात करें तो यहां भी Reliance Jio ने अपनी सेवाओं को थोड़ा सिकोड़ लिया है। 129 रुपये वाले प्लान में कंपनी की ओर से ऑन-नेटवर्क यानि Jio से Jio नंबर पर तो वॉयस कॉलिंग पूरी तरह से फ्री दी जा रही है लेकिन अन्य कंपनियों के नंबर यानि ऑफ-नेटवर्क कॉलिंग के लिए उपभोक्ताओं को सिर्फ 1000 मिनट ही प्राप्त होगी।

Airtel

लंबे समय तक देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी का पदवी का आसीन रही Airtel ने इस रेंज अपने पुराने प्लान को अपडेट किया है। कंपनी की ओर से 1 दिसंबर से पहले तक तो मासिक प्लान 128 रुपये का दिया जा रहा था, उसी प्लान की कीमत अब 148 रुपये हो गई है। यह एक प्रीपेड प्लान है जो 28 दिनों की वेलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान के तहत भी Airtel यूजर्स को पूरे महीने के लिए कुल 2 जीबी 4G इंटरनेट डाटा प्राप्त होगा।

Airtel की ओर से 148 रुपये में पूरे महीने के लिए कुल 300 एसएमएस दिए जा रहे हैं। वहीं वॉयस कॉलिंग के लिए Airtel अपने यूजर्स को पूरे 28 दिनों के लिए अनलिमिटेड कॉलिंग की सुविधा दे रही है। बता दें कि Airtel की ओर से ये कॉलिंग पूरी तरह से फ्री रखी गई है और ऑन-नेटवर्क व ऑफ-नेटवर्क यानि देश कि किसी भी कंपनी के नंबर पर फ्री कॉल की जा सकती है। इसके साथ ही एयरटेल एक्सट्रीम, विंक और हैल्लो ट्यून्स का फायदा मिलेगा।

Vodafone Idea

दो कंपनियों के मर्ज़र के बाद Vodafone Idea इंडिया की सबसे टेलीकॉम कंपनी बन चुकी है। इस रेंज में Vodafone ने 149 रुपये का प्लान जारी किया है। यह भी प्रीपेड प्लान है जो 28 दिनों की वेलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान के तहत मिलने वाले बेनिफिट Jio के 129 रुपये वाले प्लान की ही तरह है। Vodafone की ओर से इस प्लान में पूरे महीने के लिए 2 जीबी 4G इंटरनेट डाटा और 300 एसएमएस दिए जा रहे हैं। वहीं साथ ही ऑन-नेटवर्क अनलिमिटेड फ्री कॉलिंग के साथ ऑफ-नेटवर्क कॉलिंग के लिए 1000 मिनट प्राप्त होगी।

Image Credit : Zee Business