
Coronavirus महामारी को फैलने से रोकने के लिए सभी अपना-अपना प्रयास कर रहे हैं। इसी को देखते हुए टेलीकॉम जगत की दिग्गज कंपनी रिलायंस जियो ने हाल ही में एक टूल लॉन्च किया था। इस टूल की मदद से यूजर अपने आप यह चेक कर सकते हैं कि उनमें कोरोना वायरस के लक्षण हैं या नहीं। वहीं, अब भारती एयरटेल इसी प्रकार के टूल को लॉन्च किया है, जिससे COVID-19 की जांच खुद की जा सकती है।
नए टूल्स की मदद से एयरटेल कोरोना को रोकने का प्रयास करने में लगी है। जियो की तरह ही एयरटेल के नए टूल यूजर्स से उनकी हेल्थ और हाल ही में ट्रैवल हिस्ट्री के बारे में सवाल किए जाएंगे। इससे यह जानने की कोशिश होगी कि उस यूजर को कोरोना से खतरा तो नहीं है। ऐसा करके लोग खुद ही जान पाएंगे कि उन्हें कोरोना हो सकता है या नहीं।
एयरटेल ने अपने टूल को अपोलो हॉस्पिटल के साथ साझेदारी में बनाया है। इस टूल को Apollo 247 का नाम दिया गया है। इस टूल को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
भारती एयरटेल के टूल में यूजर द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, एयरटेल अपोलो टूल रिसक का लेवल बताता है। यह टूल Airtel Thanks ऐप में मौजूद है। हालांकि, रिस्क लेवल चेक करने के बाद भी यह ऐप आपको हिदायत देगा कि आप डॉक्टर से परामर्श जरुर लें।

बता दें कि चीन के वुहान में नवंबर 2019 से कोरोना संक्रमण की शुरूआत हुई थी। वहीं, आज इस वायरस की चपेट में चीन समेत पूरा विश्व आ चुका है। इस खतरनाक वायरस को देखते हुए मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे भारत में 21 दिनों की बंदी की घोषणा की है। यानी 14 अप्रैल तक पूरा इंडिया लॉकडाउन रहेगा।



















