आने वाले Android smartphones में मिल सकते हैं 8 साल तक सॉफ्टवेयर अपडेट, जानिए कैसे

हाल के वर्षों में स्मार्टफोन के लिए सॉफ्टवेयर सपोर्ट में सुधार हुआ है, जहां कई ब्रांड अब 2 साल से अधिक अपडेट प्रदान कर रहे हैं। Samsung और Google ने इसे एक नए स्तर पर ले जाते हुए अपने फ्लैगशिप फोंस, Galaxy S24 और Pixel 8 सीरीज के लिए 7 साल तक के सॉफ्टवेयर सपोर्ट की घोषणा की थी। यही नीति उनके आगामी सक्सेसर डिवाइसेस पर भी लागू होगी।
अब, Qualcomm और Google ने मिलकर Android स्मार्टफोंस के लिए 8 साल तक के अपडेट देने की योजना बनाई है। यह एक सराहनीय पहल है, जिससे ग्राहक लंबे समय तक अपने फोन का उपयोग कर सकेंगे और नए सॉफ्टवेयर फीचर्स की कमी महसूस नहीं करेंगे।
क्वालकॉम और गूगल दे सकते हैं 8 साल का सॉफ्टवेयर सपोर्ट
- नई योजना के तहत, Snapdragon 8 Elite प्रोसेसर वाले और Android 15 पर चलने वाले पहले डिवाइस 8 साल तक के सॉफ्टवेयर अपडेट के लिए पात्र होंगे।
- हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि OnePlus 13, iQOO 13 और अन्य डिवाइस इस अवधि तक अपडेट प्राप्त करेंगे। आखिरी फैसला डिवाइस निर्माता (OEM) पर निर्भर करेगा कि वे पूरे 8 साल के अपडेट प्रदान करेंगे या नहीं।
- Qualcomm केवल सपोर्ट फ्रेमवर्क प्रदान कर रहा है और यह कार्यक्रम संभव हुआ है क्योंकि चिपमेकर ने अपने Application-Specific Integrated Circuits (ASICs) और Google’s Project Treble का उपयोग किया है, जिससे OEM को बड़े बदलाव करने की आवश्यकता नहीं होगी।
- Qualcomm अपने मोबाइल प्लेटफार्म के Android Common Kernel (ACK) को दो बार अपग्रेड करेगा ताकि 8 साल तक के सपोर्ट की सुविधा दी जा सके।
- इसके अलावा कंपनी ने पुष्टि की है कि इस साल लॉन्च होने वाले नए Snapdragon 8 और 7-सीरीज प्रोसेसर वाले फोन इस विस्तारित सॉफ्टवेयर प्रोग्राम के लिए पात्र होंगे।
- यह नई योजना Qualcomm के अगले पांच जनरेशन के चिपसेट तक विस्तारित होगी।
- हालांकि, पुराने Snapdragon प्लेटफार्म को 8 साल के OS अपडेट नहीं मिलेंगे।
एक्सटेंटेड सॉफ्टवेयर सपोर्ट प्रोग्राम OEMs और उपभोक्ताओं दोनों के लिए फायदेमंद है। यह अपडेट प्रक्रिया को सरल बनाता है, संभावित खर्चों को कम करता है और डिवाइसेस की लाइफ को बढ़ाता है।