
पिछला साल गेमिंग स्मार्टफोंस के लिए काफी खास रहा था। इस दौरान सभी ब्रांड्स ने अपने स्मार्टफोंस को जहां गेमिंग मोड्स से लैस कर बाजार में उतारा था वहीं Black Shark और ASUS ROG जैसे गेमिंग फोन भी मार्केट में लॉन्च हुए थे। इन गेमिंग फोंस को लोगो द्वारा काफी पसंद किया गया था। इस साल ये डिवाईस और भी स्मार्ट और पावरफुल होकर आएगे और लगता है इसकी शुरूआत भी जल्द ही होने वाली है। Black Shark 3 स्मार्टफोन सर्टिफिकेशन्स साइट और बेंचमार्किंग साइट पर सामने आया है जिससे एक ओर जहां फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स का पता चला है वहीं साथ ही यह भी साफ हो गया है कि यह पावरफुल गेमिंग फोन जल्द ही बाजार में दस्तक दे सकता है।
Black Shark 3 कुछ दिनों पहले 3सी सर्टिफिकेशन्स साइट पर लिस्ट हुआ था। वहीं अब इस डिवाईस को चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर देखा गया है। गीकबेंच पर इस फोन को Shark KLE-A0 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। यह लिस्टिंग 22 फरवरी की है तथा ब्लैक शार्क फोन को एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 से लैस बताया गया है। Black Shark 3 में klein मॉडल नंबर वाला मदरबोर्ड बताया गया है जो क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 865 5जी चिपसेट होगा। यह चिपसेट 1.80गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर पर रन करेगा।
ब्लैक शार्क 3 को गीकबेंच पर 12 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया है। वहीं बेंचमार्किंग स्कोर की बात करें तो Black Shark 3 को गीकबेंच पर सिंगल-कोर में जहां 4302 स्कोर प्राप्त हुआ है वहीं मल्टी-कोर में इस डिवाईस ने 12448 स्कोर पाया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले सामने आई एक रिपोर्ट में बताया गया था कि Black Shark 3 को 5,000एमएएच की पावरफुल बैटरी के साथ लॉन्च किया जाएगा जो 66वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी।
Black Shark 2 Pro
Black Shark 2 Pro की बात करें तो कंपनी ने इस गेमिंग फोन में डीसी डिमिंग 2.0 और लिक्विड कूलिंग 3.0+ भी दी है। इस टेक्नोलॉजी से यूजर्स का गेमिंग एक्सपीरियंस और बेहतर होगा। इसका मतलब है कि फोन में ज्यादा समय तक गेम खेलने के बाद भी फोन के गर्म होने की समस्या का सामने यूजर्स को नहीं करना होगा। वहीं फोन में क्वालकॉम का स्नैपड्रैगन 855 प्लस चिपसेट दिया गया है जो जीपीयू प्रोसेसिंग को 15 प्रतिशत तक अधिक बूस्ट करने में सक्षम है। वहीं फोन में 675मेगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर काम करने वाला एड्रेनो 640 जीपीयू मौजूद है।
इस फोन में 6.39-इंच का ऐमोलेड डिसप्ले दिया गया है। इस डिसप्ले में स्क्रीन रिजोल्यूशन 1,080 x 2,340 पिक्सल है। इसके अलावा हैंडसेट में डीसी डिमिंग और हाई टच सैमपलिंग रेट 240 गीगाहर्ट्ज है। Black Shark 2 Pro में डुअल रियर कैमरा दिया गया है। रियर पर एक 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा और दूसरी ओर 13-मेगापिक्सल का सेकंडरी कैमरा है। वहीं, सेल्फी के लिए फोन में 20-मेगापिक्सल का कैमरा है। वहीं, फोन में 4,000mAh की बैटरी दी गई है जो क्विक चार्ज 4.0 टेक्नोलॉजी सपोर्ट के साथ आती है।
नई अपडेट के मुताबिक ब्लैक शार्क सीरीज़ आने वाली 3 मार्च को लॉच की जा सकती है। इस दिन कंपनी की ओर से Black Shark 3 और Black Shark 3 Pro 5G बाजार में उतारे जा सकते हैं।






















