
स्मार्टफोंस की बदलती तकनीक ने मोबाइल फोंस की डिसप्ले, लुक व डिजाईन के साथ ही इनके कैमरा व परफॉर्मेंस में भी बड़े बदलाव किए हैं। आज स्लाईडर पैनल, पॉप-अप कैमरा, पंच-होल डिसप्ले वाले फोन बाजार में आ चुके हैं। स्मार्टफोन बेशक कितना ही पावरफुल हो लेकिन अगर फोन में बैटरी कमजोर है तो सभी फीचर्स धरे के धरे रह जाते हैं। यूं तो टेक कंपनियां 4,000 से 5,000एमएएच बैटरी वाले फोन की बाजार में ला चुकी है। लेकिन आज एमडब्ल्यूसी 2019 के मंच से विश्व के सामने एक ऐसे स्मार्टफोन ने कदम रखा है जो 18,000एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है।
जी हां, सुनने के बेशक अजीब लगे लेकिन यह सच है कि 18,000एमएएच की बैटरी से लैस स्मार्टफोन लॉन्च हो चुका है। और इस स्मार्टफोन को पेश करने वाली कंपनी है एनर्जाइज़र। एमडब्ल्यूसी 2019 में टेक कंपनी एनर्जाइज़र ने अपना नया स्मार्टफोन पावर मैक्स पी18के पॉप पेश किया है जो 18,000एमएएच की पावरफुल बैटरी सपोर्ट करता है। फोन की बैटरी तेजी से चार्ज करने के लिए इस फोन में यूएसबी टाईप-सी पोर्ट के साथ फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।
एनर्जाइज़र पावर मैक्स पी18के पॉप के स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इस फोन को फुलव्यू बेजल लेस डिसप्ले पर पेश किया गया है। यह फोन 6.2-इंच की फुलएचडी प्लस डिसप्ले सपोर्ट करता है। इस फोन में पॉप-अप सेल्फी कैमरा दिया गया है जो 2 सेंसर सपोर्ट करता है। फोन के पॉप-अप कैमरे में 16-मेगापिक्सल और 2-मेगापिक्सल के दो सेंसर दिए गए हैं। फोन के रियर कैमरा सेटअप की बात करें तो यहां 12-मेगापिक्सल + 5-मेगापिक्सल + 2-मेगापिक्सल के तीन कैमरा सेंसर मौजूद है।
पावर मैक्स पी18के पॉप में 6जीबी की रैम मैमोरी दी गई है। यह फोन 128जीबी की इंटरनल मैमोरी सपोर्ट करता है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकता है। एंडरॉयड बेस्ड यह फोन 2.0गीगाहर्ट्ज़ आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक पी70 चिपसेट पर करता है।


















