
जहां एक ओर शाओमी और वनप्लस जैसे मोबाइल निर्माता खुद का ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म तैयार करने पर लगे हैं। वहीं दूसरी ओर ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म अपने नए डिवाइस लॉन्च करने वाले हैं। अमेजन पहले ही इस लाइन में दस्तक दे चुका है। कंपनी ने अमेजन किंडल, अमेजन फायर और अमेजन इको जैसे डिवाइस लॉन्च किए हैं वहीं अब भारतीय ईकॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट अपने नए डिवाइस लॉन्च करने वाला है। 91मोबाइल्स को मिली जानकारी के अनुसार कंपनी 15 नवंबर को अपने फोन लॉन्च कर सकती है।

फ्लिपकार्ट द्वारा बिलियन सीरीज में फोन लॉन्च किया जाएगा और कंपनी का पहला मॉडल कैप्चर प्लस होगा। जैसा कि नाम से ही स्पष्ट है इसे खास कर बेहतरीन कैमरा फीचर से लैस किया जाएगा। हमें जो डॉक्यूमेंट प्राप्त हुए हैं उनमें स्पष्ट तौर पर देख सकते हैं कि फोन के बैक पैनल में डुअल रियर कैमरा दिया गया है।
फोटो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि डुअल कैमरे के साथ फ्लैश उपलब्ध है और नीचे की ओर फिंगरप्रिंट सेंसर है। फोन का बैक पैनल ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। हालांकि फोन के स्पेसिफिकेशन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन डॉक्यूमेंट में देखा जा सकता है कि कंपनी ने फुल एचडी स्क्रीन होने का दावा किया है। इसके साथ ही फास्ट चार्जिंग सपोर्ट होने की भी बात कही गई है।
इसके साथ ही असीमित क्लाउड स्टोरेज और नए आॅपरेटिंग सिस्टम की बात कही गई है। हालांकि तस्वीर में देख सकते हैं कि एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम नुगट दिया गया है ओरियो नहीं। फोन के साथ ही कंपनी ने भारत के 125 शहरों में 130 सर्विस सेंटर की बात कही है। हालांकि अब तक कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं है लेकिन आशा है कि फ्लिपकार्ट द्वारा इसे 10,000-12,000 रुपये के बीच लॉन्च किया जाए। अब तक मिली जानकारी के अनुसार फ्लिपकार्ट द्वारा इस फोन को 15 नवंबर को लॉन्च किया जा सकता है लेकिन अब तक कंपनी ने मीडिया इनवाइट आदि शेयर नहीं किया है ऐसे में हो सकता है कि आगे भी बढ़ा दिया जाए।














