HMD 400 का डिजाइन और फीचर्स लीक, कंपनी जल्द ला सकती है ये किफायती Android फोन

HMD ने पिछले हफ्ते भारतीय बाजार में अपने नए फीचर फोन HMD 100 और HMD 101 लॉन्च किए हैं। वहीं, अब कंपनी नए डिवाइस HMD 400 को लॉन्च कर सकती है। इसे लेकर ब्रांड ने कोई ऐलान नहीं किया है, लेकिन लेटेस्ट लीक में इसके स्पेक्स और कैमरा डिजाइन की जानकारी सामने आई है। जिससे लगता है जल्द ही ग्राहकों को एक किफायती एंड्राइड फोन मिल सकता है। इसके साथ ही दो टैबलेट के बारे में भी जानकारी दी गई है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
सबसे पहले आगामी सस्ते फोन HMD 400 की बात करें तो इसमें 2.8 इंच का IPS डिस्प्ले दिया जा सकता है। जो QVGA रिजॉल्यूशन को सपोर्ट कर सकता है। फोन में स्नैपड्रैगन चिपसेट का उपयोग होने की बात सामने आई है। ऑपरेटिंग सिस्टम के मामले में यह Android OS पर रन कर सकता है।
कैमरा सेटअप में बैकअप पैनल पर 5MP का प्राइमरी सेंसर और फ्रंट में 1.3MP का कैमरा शामिल किया जा सकता है। बैटरी के मामले में 2,500mAh की बैटरी दी जा सकती है। इसमें USB-C पोर्ट और 2GB RAM, 32GB स्टोरेज के साथ 64GB माइक्रोSD कार्ड सपोर्ट जैसी बेसिक सुविधा दी जा सकती है।
कैमरा डिजाइन में फोन को ब्लू कलर में दर्शाया गया है। जिसमें पिल-शेप्ड कैमरा मॉड्यूल नजर आ रहा है। यहां कैमरा सेंसर और LED फ्लैश दोनों शामिल हैं। जिसकी झलक आप नीचे इमेज में देख सकते हैं। यह डिजाइन सिंपल लगता है, लेकिन सस्ते में अच्छा लुक दे सकता है।
लीक में HMD Tab और HMD Tab Lite के फीचर्स भी सामने आए हैं। इनमें से HMD Tab में 10.6 इंच का IPS LCD डिस्प्ले मिलने की बात सामने आई है। जो 2K रिजॉल्यूशन और 90Hz रिफ्रेश रेट प्रदान कर सकता है। इसमें Unisoc T615 प्रोसेसर दिया जा सकता है। यह Android OS पर आधारित होने की उम्मीद है। टैबलेट में 8,500mAh की बैटरी के साथ 20W फास्ट चार्जिंग, 6GB या 8GB RAM और 128GB इंटरनल स्टोरेज हो सकता है।
HMD Tab Lite की बात करें तो यह कॉम्पैक्ट साइज में पेश किया जा सकता है। इसमें 8.4 इंच का IPS LCD डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। जो HD रिजॉल्यूशन और 90Hz रिफ्रेश रेट दे सकता है। यह भी Unisoc T615 चिपसेट पर रन कर सकता है। टैबलेट में 8,000mAh की बैटरी, 20W फास्ट चार्जिंग, 4GB या 6GB RAM और 128GB स्टोरेज दिया जा सकता है। दोनों ही बजट टैबलेट ग्राहकों के लिए कम कीमत में अच्छे विकल्प बन सकते हैं।
HMD 400 फोन उन यूजर्स के लिए हो सकता है जिन्हें फीचर फोन की मजबूती के साथ स्मार्टफोन जैसे ऐप्स और Android की बेसिक सुविधा की जरूरत है। यह फोन बुजुर्ग या एंट्री-लेवल ग्राहकों को पसंद आ सकता है। इसका मुकाबला संभावित तौर पर Itel Super Guru 4G Max और Jio Bharat J1 जैसे फीचर फोन से हो सकता है। हालांकि Android आधारित छोटी स्क्रीन वाला आगामी HMD 400 इस सेगमेंट में आगे रह सकता है।
यदि आप ऐसा फोन चाहते हैं जो साधारण फीचर फोन से ज्यादा स्मार्ट हो, Android पर चले और बढ़िया बैटरी लाइफ दे तो HMD 400 अच्छा विकल्प हो सकता है। आप इसके आने के लिए रुक सकते हैं। हम आपको आगे भी इससे जुड़े अपडेट देंगे। हमारे साथ बने रहें।