
HMD Global द्वारा आज आयोजित किए गए बड़े इवेंट में कंपनी ने नए नोकिया स्मार्टफोन्स को पेश कर दिया है। इस इवेंट में कंपनी ने 6 नए नोकिया फोन्स से पर्दा उठाया है जो बहु-प्रतिक्षित X सीरीज़, C सीरीज और G सीरीज़ के स्मार्टफोन हैं। साथ ही यह स्मार्टफोन लो बजट व मिड-रेंज सेगमेंट में लाए गए हैं। लॉन्च किए गए फोन्स में एक्स10, एक्स20, सी10, सी20, जी20 और जी10 स्मार्टफोन शामिल हैं। कंपनी ने अभी फोन की भारतीय उपलब्धता और कीमत को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन, उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में फोन्स भारतीय मार्केट में पेश कर दिए जाएंगे।
डिजाइन
अगर बात करें लुक की तो Nokia G10 और Nokia G20 दोनों एक जैसे ही हैं। इन फोन को वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। इस फोन के तीनों किनारे बेजल लैस हैं। वहीं, बॉटम पर दोनों डिवाइस के थोड़ा मोटो चिन पार्ट मौजूद है, जिसमें नोकिया की ब्रांडिंग देखने को मिलेगी। इसके अलावा रियर पर सर्कुलर शेप में कैमरा मौजूद है। Nokia G10 में ट्रिपल और Nokia G20 में क्वाड कैमरा सेटअप है। इसके अलावा नोकिया जी10 में राइट साइड पर पावर बटन में फिंगरप्रिंट सेंसर इंबेड है। इसके अलावा राइट साइड में वॉल्यूम बटन भी है। दूसरी ओर नोकिया जी20 में राइट साइड पर वॉल्यूम रॉकर बटन व ऑन-ऑफ बटन है
Nokia G10 व G20 का डिसप्ले
अगर बात करें जी-सीरीज के अंदर पेश किए गए Nokia G10 और Nokia G20 की तो इनका डिसप्ले साइज एक जैसा ही है। दोनों फोन में 6.5-इंच एचडी+ वी नॉच है। डिसप्ले 20:9 आस्पेक्ट रेश्यो सपोर्ट के साथ आता है। साथ ही इन दोनों ही फोन में ब्राइटनेस बूस्ट नाम का खास फीचर दिया गया है।
Nokia G10 और Nokia G20 की प्रोसेसिंग पावर
दोनों फोन में प्रोसेसिंग पावर के लिए ही मीडियाटेक का प्रोसेसर दिया गया है। लेकिन, दोनों ही फोन में अलग-अलग प्रोसेसर हैं। नोकिया जी10 फोन ऑक्टा-कोर मीडियाटेक हीलियो जी25 प्रोसेसर से लैस है। वहीं जी20 फोन में मीडियाटेक हीलियो जी35 प्रोसेसर दिया गया है। Nokia G10 में 3GB रैम के साथ 32GB की स्टोरेज और 4GB रैम व 64GB की स्टोरेज दी है। इसके अलावा Nokia G20 में 4GB रैम के साथ 64GB व 128GB की स्टोरेज दी गई है। साथ ही दोनो फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के माध्यम से 512जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा।
Nokia G10 और Nokia G20 की बैटरी
जी10 और जी20 दोनों फोन की बैटरी 5,050 एमएएच की हो सकती है और कनेक्टिविटी विकल्पों में ब्लूटूथ, वाई-फाई और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट शामिल होगा। इसके अलावा फोन में गूगल असिस्टेंट बटन भी दिया गया है। फोन की बैटरी को टाइप-सी के माध्यम से चार्ज करने का ऑप्शन मिलता है।
Nokia G10 और Nokia G20 का कैमरा
Nokia G10 में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इस सेटअप में 13MP प्राइमरी सेंसर+2 MP मैक्रो सेंसर + 2 MP डेप्थ सेंसर है। वहीं, वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए फोन में 8MP का कैमरा दिया गया है। इस फोन में नाइट मोड और पोर्टेट मोड फीचर्स हैं। वहीं, Nokia G20 के रियर में क्वाड कैमरा सेटअप दिया गया है। इस सेटअप में 48एमपी का मेन सेंसर, 2एमपी UW सेंसर, 2एमपी मैक्रो, 2एमपी मैक्रो सेंसर है। वहीं, वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है।
कीमत
Nokia G10 स्मार्टफोन को 139 यूरो (करीब 12,300 रुपये) की शुरुआती कीमत में लॉन्च किया है। यह कीमत इस स्मार्टफोन के 3GB रैम और 32GB स्टोरेज वेरिएंट की है। इसके साथ ही Nokia G20 को 159 यूरो (करीब 14,300 रुपये) की शुरुआती कीमत में पेश किया है। यह कीमत इस स्मार्टफोन को 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की है।
























