
HMD ने अपने नए बजट 4G स्मार्टफोन HMD Luma को ग्लोबल वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया है। यह डिवाइस फिलहाल नाइजीरिया और घाना की वेबसाइट पर दिख रहा है। हालांकि प्राइस अभी सामने नहीं आया है, लेकिन फुल स्पेसिफिकेशंस शेयर किए गए हैं। उम्मीद है इसे जल्द ही सस्ते दामों पर सेल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। यह एंट्री लेवल यूजर्स के लिए अच्छा विकल्प बन सकता है। आइए, आगे आपको विस्तार से फोन की जानकारी देते हैं।
HMD Luma 4G में 6.67 इंच का HD+ LCD पैनल है, जिसका रिजॉल्यूशन 720 x 1604 पिक्सल है। कंपनी ने इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट दिया है, जो इस सेगमेंट में बड़ा अपग्रेड माना जा सकता है। इससे स्क्रॉलिंग और यूआई नेविगेशन स्मूद हो सकता है। स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस करीब 500 निट्स बताई गई है, जो आउटडोर यूज के लिए सही मानी जा सकती है।
HMD Luma सिर्फ 4G स्मार्टफोन है, जो Unisoc T615 प्रोसेसर पर आधारित है। यह फोन रोजमर्रा के काम जैसे मैसेजिंग, सोशल मीडिया ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग, नेविगेशन और हल्के मल्टीटास्किंग के लिए अच्छा ऑप्शन है। मेमोरी कॉन्फिग्रेशन की बात करें तो HMD Luma 4G में 4GB रैम फिक्स दी गई है, जबकि 128GB और 256GB के दो स्टोरज विकल्प मिलेंगे।
HMD Luma 4G में कैमरा सेटअप बेसिक है। रियर में 50MP का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जबकि फ्रंट में 8MP का सेल्फी कैमरा मिलता है। वीडियो कॉलिंग और बेसिक फोटोग्राफी के लिए यह सेटअप अच्छा लग सकता है।
HMD Luma 4G में बैटरी 5,000mAh साइज की है। जो लंबा बैकअप प्रदान कर सकती है। फोन में चार्जिंग 18W पर सीमित है और USB-C 2.0 पोर्ट का सपोर्ट मिलता है। इसमें 3.5mm हेडफोन जैक दिया गया है, जो आजकल कम होता जा रहा है। बजट यूजर्स के लिए यह बड़ा फायदा हो सकता है। इसके अलावा स्टीरियो स्पीकर्स, Bluetooth 5.0 और डुअल-सिम 4G कनेक्टिविटी भी दी गई है।
डिजाइन की बात करें तो HMD Luma Titanium और Blue कलर ऑप्शन में आया है। इसका वजन करीब 198 ग्राम है और मोटाई 8.65mm बताई गई है। सॉफ्टवेयर के तौर पर यह Android 15 के साथ काम करेगा। हालांकि लंबे समय तक मिलने वाले अपडेट्स को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
HMD Luma ऐसा स्मार्टफोन है जो बेसिक उपयोग पर फोकस करता है। अगर कंपनी इसे सस्ते में सेल करती है तो यह उन ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प बन सकता है जो बेसिक जरूरतों के लिए 4G फोन तलाश रहे हैं। यदि इसके विकल्प देखें तो Realme P4 Lite 4G, Infinix Smart 10 और Lava Bold N2 अच्छे हैं। आप अपनी पसंद के ब्रांड अनुसार चुनाव कर सकते हैं। बाकि हम HMD Luma 4G की कीमत और सेल डिटेल्स आते ही अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।











