
नोकिया-ब्रांड के स्मार्टफोन बनाने वाली HMD Global को लेकर खबर सामने आ रही है कि कंपनी नए 5G स्मार्टफोन को लॉन्च करने की प्लानिंग कर रही है। इस नए 5G फोन को कंपनी इस साल 11 नवंबर से पहले एक इस डिवाइस को बाजार में लॉन्च कर सकती है। खास बात यह है कि इसका खुलासा चीनी क्षेत्र में नोकिया मोबाइल फोन के लिए एचएमडी ग्लोबल के प्रोडक्ट मैनेजर झांग युचेंग ने वीबो पर यूजर्स के साथ बातचीत के दौरान किया। इससे साफ हो गया है कि कंपनी का नया फोन आने वाले महीनों में टेक मंच पर पेश कर दिया जाएगा। हालांकि, अभी लॉन्च डेट को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
Nokia के 5G फोन
Nokia ने अब तक टेक मार्केट में ज्यादा 5G स्मार्टफोन लॉन्च नहीं किया है। हालांकि, कंपनी का पहला 5G स्मार्टफोन – Nokia 8.3 5G लॉन्च किया गया था। हालांकि, काफी समय से जानकारी सामने आ रही है कि ब्रांड कुछ समय से एक नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन पर काम कर रहा है, लेकिन अभी तक फोन के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।
फोन में होंगे 5 कैमरे
Nokia के इस अपकमिंग फोन में एक या दो नहीं एक बार फिर पेंटा (पांच) रियर कैमरे होगा। कुछ समय पहले सामने आई रिपोर्ट में इस बात खुलासा हुआ था। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस अपकमिंग स्मार्टफोन में मिलने वाला प्राइमरी कैमरा 108 मेगापिक्सल का है। कंपनी ने इससे पहले नोकिया 9 प्योरव्यू में पेंटा रियर कैमरा सेटअप ऑफर किया था।
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि कंपनी एक अपर मिड-रेंज फोन पर पेंटा-लेंस सेटअप के साथ काम कर रही है, जो कि नोकिया 8.3 5 जी स्मार्टफोन के अपग्रेडेड वर्जन के तौर पर पेश किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी इसे मार्केट में नोकिया 8.4 5G के नाम से नहीं, बल्कि एक्स-सीरीज फोन के रूप में बाजार में पेश कर सकती है। इस फोन को Nokia X50 के नाम से लॉन्च कर सकती है। लेकिन, अभी इस बारे में कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है।
होंगे ये धांसू फीचर और स्पेसिफिकेशन
इस अपकमिंग फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स के बारे में लीक रिपोर्ट्स में बताया गया है स्मार्टफोन में 6.5 इंच का प्योर डिसप्ले V4 मिलेगा। यह डिस्प्ले क्वॉड एचडी+ रेजॉलूशन और 120Hz के रिफ्रेश रेट के साथ आ सकता है। प्रोसेसर की बात करें तो फोन में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 775G चिपसेट हो सकता है। क्वॉलकॉम ने इस चिपसेट को अभी लॉन्च नहीं किया है। लेकिन, माना जा रहा है कि जल्द इस चिपसेट को मार्केट में लाया जा सकता है। वहीं, दूसरी ओर कुछ एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस फोन में स्नैपड्रैगन 780G चिपसेट दे सकती है।























