
Vivo से निकलकर बने स्मार्टफोन ब्रांड iQOO ने कम समय में भी टेक मार्केट में अपनी अच्छी खासी पहचान बना ली है। आईक्यू की फैन फॉलोइंग इंडिया में भी काफी बढ़ रही है और यह ब्रांड भी कम कीमत पर पावरफुल स्पेफिकेशन्स वाले फोन लेकर आता है। इसी कड़ी में कंपनी ने आज टेक मंच पर अपनी नई ‘आईक्यू 8’ सीरीज़ को पेश किया है जिसके तहत दो ताकतवर फोन iQOO 8 और iQOO 8 Pro लॉन्च किए गए हैं। चलिए जानते हैं सीरीज़ के बिग ब्रदर यानी आईक्यू 8 प्रो में क्या है खास।
iQOO 8 Pro की डिसप्ले
आईक्यू 8 प्रो को कंपनी की ओर से 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 3200 x 1440 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.78 इंच की क्वॉड एचडी+ डिसप्ले सपोर्ट करता है। यह Samsung E5 AMOLED स्क्रीन है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। क्वॉलकॉम अल्ट्रासोनिक इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करने के साथ ही यह स्क्रीन HDR10+, Dolby Vision, 1.07 billion colors और DCI-P3 color gamut जैसे फीचर्स से लैस है।
iQOO 8 Pro की प्रोसेसिंग
आईक्यू 8 प्रो स्मार्टफोन को एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया गया है जो ओरिजन ओएस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में 3गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन पर बना क्वॉलकॉम का अभी तक का सबसे ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 888+ दिया गया है। वहीं ग्राफिक्स के लिए यह फोन एड्रेनो 660 जीपीयू सपोर्ट करता है।
iQOO 8 Pro की फोटोग्राफी
फोटोग्राफी के लिए यह नया आईक्यू फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.75 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी Sony IMX766V सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 48 मेगापिक्सल का Sony IMX598 अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और एफ/2.23 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का पोर्टरेट लेंस सपोर्ट करता है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस फोन में एफ/2.0 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
iQOO 8 Pro की बैटरी
आईक्यू 8 प्रो स्मार्टफोन में पावर बैकअप के लिए 4,500एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है जो 120वॉट अल्ट्राफास्ट फ्लैश चार्जिंग तकनीक से लैस है। इसके साथ ही यह मोबाइल फोन 50वॉट वायरलेस फ्लैश चार्जिंग टेक्नोलॉजी सपोर्ट करता है तथा कंपनी ने iQOO 8 Pro को 10वॉट वायरलेस रिवर्स चार्जिंग तकनीक से भी लैस किया है। साफ जाहिर होता है कि कंपनी ने पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स का लुफ्त उठाने के लिए अपने फोन को ताकतवर पावरबैकअप भी दिया है। यह भी पढ़ें : Android 12 की पावर के साथ Google ने लॉन्च किया Pixel 5A 5G फोन, कम कीमत में मिलेगी फ्लैगशिप की झलक
iQOO 8 Pro कीमत
आईक्यू 8 प्रो को तीन वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। फोन का बेस वेरिएंट 8GB RAM के साथ 256GB storage सपोर्ट करता है तथा इसकी कीमत 4999 yuan यानी भारतीय करंसी अनुसार 57,000 रुपये के करीब है। इसी तरह फोन के दूसरे वेरिएंट में 12GB RAM + 256GB storage दी गई है तथा इसका प्राइस 5499 yuan (तकरीबन 63,000 रुपये) है। वहीं iQOO 8 Pro का सबसे बड़ा वेरिएंट 12GB RAM + 512GB storage के साथ 5999 yuan में लॉन्च हुआ है तथा यह दाम 68,900 रुपये के करीब है। इस फोन की सेल चीन में 26 अगस्त से शुरू होगी।






















