itel A100 Pro का नया 4GB वैरियंट भारत में लॉन्च, फ्री मिलेगा 1,499 रुपये का नेकबैंड

itel ने भारतीय बाजार में अपने बजट स्मार्टफोन itel A100 Pro का नया 4GB रैम वैरियंट लॉन्च कर दिया है। इससे पहले यह स्मार्टफोन 3GB + 64GB स्टोरेज विकल्प में आया था। लेकिन अब कंपनी ने ज्यादा रैम के साथ इसका नया मॉडल पेश किया है। नया मॉडल 4GB रैम के साथ 8GB तक वर्चुअल रैम सपोर्ट दे सकता है। जिससे यूजर्स को बेहतर मल्टीटास्किंग और स्मूद परफॉरमेंस मिलेगा। खास बात यह है कि ऑफर के तहत ग्राहक फ्री नेकबैंड भी पा सकते हैं। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
itel A100 Pro 4GB कीमत और ऑफर्स
कंपनी ने इस नए वैरियंट के साथ ग्राहकों के लिए खास ऑफर भी पेश किया है। यानी itel A100 Pro खरीदने पर बॉक्स के अंदर ही लगभग 1,499 रुपये कीमत का प्रीमियम नेकबैंड मुफ्त दिया जा रहा है।
कीमत की बात करें तो itel A100 Pro के नए 4GB + 64GB मॉडल को भारत में सिर्फ 10,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है। खास बात यह है कि कंपनी 100 दिनों के अंदर मुफ्त स्क्रीन रिप्लेसमेंट सुविधा भी दे रही है। कलर्स के मामले में नया वैरियंट Comet Orange, Cloud White और Black में मिलेगा।
itel A100 Pro स्पेसिफिकेशंस
itel A100 Pro की सबसे बड़ी खासियत इसकी मजबूती है। फोन MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफिकेशन के साथ आता है। इसके साथ ही इसमें UltraLink फीचर भी दिया गया है, जिसकी मदद से कमजोर नेटवर्क वाली जगहों में भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने का दावा किया गया है।
itel A100 Pro स्मार्टफोन में 6.6 इंच की HD+ IPS स्क्रीन दी गई है, जो 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। फोन में Dynamic Bar फीचर भी मिलता है, जो नोटिफिकेशन, कॉल और बैटरी जैसी जरूरी जानकारियां आसान तरीके से शो करता है। साथ ही इसमें DTS सपोर्ट वाला स्पीकर दिया गया है।
परफॉरमेंस की बात करें तो itel A100 Pro स्मार्टफोन में Unisoc T7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है। यह डिवाइस Android 15 Go Edition पर काम करता है। सिक्योरिटी के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर भी मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए itel A100 Pro में 8MP AI रियर कैमरा मिलता है, जबकि सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 5MP फ्रंट कैमरा मौजूद है। इसके साथ फोन में IR Blaster फीचर भी मौजूद है, जिससे टीवी और एयर कंडीशनर जैसे घरेलू उपकरणों को कंट्रोल किया जा सकता है।
पावर बैकअप के लिए itel A100 Pro फोन में 5000mAh की बैटरी दी गई है, जिसके साथ बॉक्स में 10W चार्जर भी मिलता है। कंपनी का दावा है कि यह बैटरी पूरे दिन का बैकअप देने में सक्षम है।
यह स्मार्टफोन उन यूजर्स को पसंद आ सकता है जो कम बजट में बड़ा डिस्प्ले, लंबी बैटरी लाइफ और अच्छा 4G परफॉरमेंस वाला डिवाइस चाहते हैं। मार्केट में इसका मुकाबला Redmi, POCO, Lava और Infinix के बजट स्मार्टफोंस से देखने को मिलेगा। उम्मीद करते हैं अगर आप सस्ता फोन देख रहे हैं तो यह जानकारी आपके काम आएगी। ऐसी ही और खबरों के लिए 91मोबाइल्स विजिट करते रहें।