
सस्ते स्मार्टफोन बनाने के लिए मशहूर टेक ब्रांड आइटेल ने कुछ ही दिनों पहले भारतीय बाजार में 5,799 रुपये वाला फोन Zeno 20 Max लॉन्च किया था। वहीं अब कंपनी ने एक और लो बजट स्मार्टफोन itel Zeno 100 को इंडियन मार्केट में उतार दिया है। यह सस्ता मोबाइल सिर्फ 6866 रुपये में लाया गया है जिसमें मजबूत Military Grade बॉडी और तगड़ी 5000mAh Battery की पावर दी गई है। आईटेल ज़ेनो 100 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स डिटेल आप आगे पढ़ सकते हैं।
itel Zeno 100 इंडिया में दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। फोन के बेस वेरिएंट में 3GB RAM + 64GB Storage दी गई है जिसका प्राइस 6866 रुपये है। वहीं मोबाइल का दूसरा वेरिएंट 64GB मेमोरी के साथ 4GB RAM सपोर्ट करता है जिसे 7285 रुपये में लॉन्च किया गया है। इस फोन को Titanium Gold, Pure Black और Silk Green कलर में खरीदा जा सकता है जो सिर्फ शॉपिंग साइट अमेजन पर बिकेगा।
नया आइटेल ज़ेनो 100 स्मार्टफोन MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड बॉडी पर बनाया गया है जो इसे मजबूती देती है। इसकी रियर लुक OnePlus 15 से मेल खाती है। कंपनी की मानें तो यह मोबाइल 1.2 मीटर की उंचाई से गिरने पर भी सुरक्षित रहेगा। वहीं माइनस 35 डिग्री की ठंड और 43 डिग्री की गर्मी में भी itel Zeno 100 बिना रूकावट काम कर सकता है।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो आईटेल ज़ेनो 100 एंड्रॉयड 15 गो पर लॉन्च हुआ है। Android Go होने के चलते इस स्मार्टफोन में गूगल गो ऐप्स को डाउनलोड और इंस्टाल किया जा सकता है। ये ऐप्स फोन में कम स्टोरेज घेरती है और हल्का प्रोसेसर होने के बावजूद स्मूथ प्रोसेस कर सकती है। वहीं एंड्रॉयड गो फोन में काम करने वाली ऐप्लीकेशन में इंटरनेट भी कम खर्च होता है और बैटरी की खपत भी कम ही होती है।
itel Zeno 100 4G स्मार्टफोन Unisoc T7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च हुआ है। यह एंट्री लेवल मोबाइल चिपसेट है जो 1.2गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 1.6गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। बताते चलें कि पिछले साल मई 2025 में कंपनी ने itel A90 स्मार्टफोन लॉन्च किया था और यह मोबाइल भी इसी प्रोसेसर पर आया था। कंपनी चिपसेट को थोड़ा एडवांस कर देती तो ज्यादा बेहतर रहता।
यह 4G मोबाइल फोन itel Zeno 100 इंडिया में 6.6-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च हुआ है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली आईपीएस एलसीडी स्क्रीन है जिसपर 90Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया है। 7000 से कम के फोन में इतनी हाई रिफ्रेश रेट मिलना वाकई में बढिया है। जो लोग फोन में रील्स व वीडियोज़ देखने का शौक रखते हैं, उन्हें इस सस्ते स्मार्टफोन में कंटेंट देखने में मजा आएगा।
पावर बैकअप के लिए itel Zeno 100 स्मार्टफोन को कंपनी ने तगड़ी 5000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए मोबाइल में 10वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट दिया गया है। फोटोग्राफी के लिए यह सस्ता मोबाइल एलइडी फ्लैश से लैस 8 मेगापिक्सल कैमरा सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस लो बजट स्मार्टफोन में 5 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा लगाया गया है।
आइटेल ज़ेनो 100 के अन्य फीचर्स पर नज़र डालें तो यह मोबाइल Ultra Link तकनीक से लैस है। इस टेक्नोलॉजी के चलते फोन में नेटवर्क ना होने पर भी कॉल की जा सकेगी। सिक्योरिटी और फोन अनलॉकिंग के लिए itel Zeno 100 में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ ही फेस अनलॉक फीचर भी दिया गया है। इसमें IR blaster भी दिया गया है, यानी यह फोन TV Remote भी बन सकता है।












