
एलजी को लेकर हाल ही में खबर आई थी कि कंपनी एक ओर जहां अपने पहले 5जी फोन और वी40 थिंक पर काम कर रही है वहीं इन दोनों के साथ ही एक लो बजट स्मार्टफोन के12प्लस भी टेक मंच पर जल्द पेश करने की तैयारी कर रही है। एलजी 24 फरवरी को एमडब्ल्यूसी के मंच से अपने इन नए स्मार्टफोंस से पर्दा उठा सकती है। वहीं एमडब्ल्यूसी से पहले ही कंपनी ने अपना एक अन्य स्मार्टफोन एलजी क्यू9 वन ऑफिशियल कर दिया है। कंपनी की ओर से यह स्मार्टफोन कोरियन बाजार में उतारा गया है जो आने वाले दिनों में अन्य मार्केट्स में दस्तक देगा।
एलजी क्यू9 वन के नाम से ही पता चलता है कि कंपनी ने अपने इस फोन को एंडरॉयड वन वर्ज़न पर पेश किया है। एंडरॉयड वन बेस्ड होने के चलते यह फोन एंडरॉयड के लेटेस्ट वर्ज़न एंडरॉयड 9 पाई पर लॉन्च हुआ है। वहीं तकरीबन दो साल तक यह फोन एंडरॉयड के हर नए वर्ज़न पर अपडेट हो सकेगा। यानि एलजी क्यू9 वन को एंडरॉयड 10 के रोल आउट होते ही इस फोन को नए एंडरॉयड ओएस की अपडेट मिल जाएगी। आईये नज़र डालते हैं इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स पर :
डिजाईन व डिसप्ले
एलजी क्यू9 वन को कंपनी द्वारा 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है। इस फोन में 6.1-इंच की बड़ी फुलविज़न सुपर ब्राइट आईपीएस डिसप्ले दी गई है जो 3120 x 1440 पिक्सल रेज्ल्यूशन सपोर्ट करती है। फोन के फ्रंट पैनल पर रेग्यूलर नॉच दी गई है। क्यू9 वन के बैक पैनल पर बीच में सिंगल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो फ्लैश लाईट से लैस है। कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है।
एलजी क्यू9 वन आईपी 68 रेटिड है जो इसे पानी व धूल अवरोधक बनाता है। कंपनी का कहना है कि उन्होंने क्यू9 वन को मिलिट्री लेवल की मजबूती प्रदान की है। यानि यह फोन अन्य स्मार्टफोंस की अपेक्षा अधिक स्ट्रांग होगा तथा गिरने पर या किसी चीज से टकराने पर भी नहीं टूटेगा।
रैम व प्रोसेसर
एलजी क्यू9 वन को कंपनी द्वारा 4जीबी की रैम मैमोरी पर पेश किया गया है। यह स्मार्टफोन 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 2टीबी तक बढ़ाया जा सकता है। क्यू9 वन स्मार्टफोन ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 835 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एड्रेनो 540 जीपीयू मौजूद है।
6जीबी रैम वाला गैलेक्सी एम50 वेबसाइट पर लिस्ट, स्पेसिफिकेशन्स की मिली जानकारी
कैमरा सेटअप
एलजी क्यू9 वन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.6 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का रियर कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन एफ/1.9 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। एलजी ने अपने दोनों ही कैमरा सेटअप को वाईड एंगल लेंस की क्षमता से लैस किया है।
कनेक्टिविटी और बैटरी
एलजी क्यू9 वन बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही 4जी वोएलटीई भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए इस फोन में यूएसबी टाईप सी पोर्ट के साथ क्विक चार्ज 3.0 तकनीक से लैस 3000एमएएच की बैटरी दी गई है।
एलजी क्यू9 वन को मोरोक्कन ब्लू कलर में लॉन्च किया गया है। कोरिया में इस फोन की कीमत भारतीय करंसी अनुसार तकरीबन 37,900 रुपये है। यह फोन भारत कब तक आएगा इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है लेकिन उम्मीद है इंडिया में इस फोन की कीमत कोरिया की अपेक्षा कम ही रहेगी।























