Motorola ला रही है दो नए सस्ते स्मार्टफोन Moto G17 और G17 Power, डिटेल्स आई सामने

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/11/Moto-G67-Power-5G-specs.jpg

मोटोरोला ने दिसंबर 2024 में ग्लोबल बाजार में लो बजट स्मार्टफोन Moto G15 और Moto G15 Power लॉन्च किए थे। ये दोनों ही 4जी मोबाइल थे जो पश्चिमी देशों में सेल के लिए उपलब्ध हुए थे। खबर आ रही है कि अब कंपनी इन स्मार्टफोंस के सक्सेसर भी ला रही है जो Moto G17 और Moto G17 Power नाम के साथ लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और एक इटालियन रिटेलर साइट पर इन स्मार्टफोंस की डिटेल सामने आई है।

मोटो जी17 और जी17 पावर की जानकारी टेक वेबसाइट जीएसएम एरिना द्वारा शेयर की गई है। रिपोर्ट के अनुसार मोटोरोला की यूएस साइट के सपोर्ट पेज पर इन दोनों अपकमिंग मोबाइल फोन का जिक्र किया गया है। यहां FAQ page पेज पर Moto G17 और G17 Power में सिम डालने और निकालने का तरीका बताया गया है। अगर कंपनी किसी मोबाइल के लिए एफएक्यू पेज बना रही है तो यह साफ हो जाता है कि बेहद जल्द ये मोबाइल मार्केट में उतार दिए जाएंगे।

Moto G15 Power

इस सपोर्ट पेज पर दोनों अपकमिंग मोटोरोला स्मार्टफोंस में 1TB microSD सपोर्ट दिए जाने की जानकारी भी दी गई है। वहीं इटालियन रिटेलर साइट का जिक्र करें तो Moto G17 को यहां पर दो कलर मॉडल्स Alaskan Blue और Evening Blue में लिस्ट किया जा चुका है। इस शॉपिंग साइट पर फोन को 8GB RAM + 256GB storage से लैस दिखाया गया है। यह मोबाइल का सबसे बड़ा वेरिएंट हो सकता है।

मोटो जी17 स्मार्टफोन को इस रिटेलर साइट पर फिलहाल “आउट ऑफ स्टॉक” दिखाया जा रहा है। उम्मीद कर सकते हैं कि आने वाले दिनों में इस पेज पर फोन की अन्य डिटेल्स के साथ ही लॉन्च डेट को भी ​टीज़ किया जा सकता है। बताते चलें कि कंपनी ने पहले वाले Moto G15 और G15 Power को भारतीय बाजार में पेश नहीं किया था। ऐसे में Moto G17 और G17 Power इंडिया लॉन्च के आसार भी बेहद कम ही नजर आ रहे हैं।

Moto G15

अगर मोटो जी15 और जी15 पावर की स्पेसिफिकेशन्स पर नज़र डालें तो ये दोनों एंड्रॉयड फोन Mediatek Helio G81 Extreme पर काम करते हैं। कंपनी ने इनमें LPDDR4X RAM लगाई थी और ग्राफिक्स के लिए ARM माली-जी52 एमपी2 GPU का सपोर्ट दिया था। ये दोनों मोटोरोला स्मार्टफोन 2400 × 1080 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.72-इंच की FHD+ डिस्प्ले सपोर्ट करते हैं​ जिसपर 60Hz रिफ्रेश रेट और कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 का सपोर्ट मिलता है।

पावर बैकअप के लिए Moto G15 में 5200mAh बैटरी दी गई थी और Moto G15 Power को 6000mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया था। दोनों में ही 18वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई थी। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50 मेगापिक्सल + 5 मेगापिक्सल वाला डुअल रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल सेल्फी कैमरा दिया गया था। ये मोबाइल 3.5mm जैक, IP54 रेटिंग और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर के साथ ही ब्लूटूथ 5.4 और NFC सपोर्ट करते हैं।

Tecno Spark Go 3

मोटो जी17 और जी17 पावर लो बजट फोन होंगे। इसकी बजट में लेटेस्ट स्मार्टफोन Tecno Spark Go 3 कुछ ही दिनों पहले भारत में 8,999 रुपये में लॉन्च हुआ है। यह एआई फीचर्स से लैस फोन है जो यूनिसोक टी7250 प्रोसेसर पर काम करता है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.75-इंच स्क्रीन दी गई है। 15W चार्जिंग के साथ 5000mAh बैटरी, 13MP बैक कैमरा और 8MP सेल्फी सेंसर मौजूद है। सस्ता फोन चाहिए तो इसे कंसीडर किया जा सकता है।