ओपो आर17 प्रो 4 दिसंबर को भारत में होगा लॉन्च, 3 रियर कैमरा, 8जीबी रैम और इनडिसप्ले फिंगरप्रिंट स्कैनर

ओपो ने इसी हफ्ते अपने आॅफिशियल इंडियन ट्वीटर हैंडल पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि कंपनी इंटरनेशनल मार्केट में हिट हो चुकी कंपनी की ‘आर स्मार्टफोन सीरीज़’ को भारत में लाने वाली है। वहीं ओपो इंडिया ने आज मीडिया इन्वाईट भेजते हुए इस दमदार स्मार्टफोन सीरीज़ की लॉन्च डेट से पर्दा उठा दिया है। ओपो ने मीडिया इन्वाईट में यह भी बता दिया है कि ओपो की आर स्मार्टफोन सीरीज़ की शुरूआत भारत अपने पावरफुल स्मार्टफोन आर17 प्रो के साथ करेगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार ओपो दिसंबर की 4 तारीख को मुबंई में एक ईवेंट का आयोजन करेगी और इसी ईवेंट के मंच से ओपो आर सीरीज़ भारतीय टेक बाजार में दस्तक देगी। 4 दिसंबर को ओपो इंडिया द्वारा लॉन्च किया जाने वाला स्मार्टफोन ओपो आर17 प्रो होगा। ओपो ने हालांकि अभी तक नहीं बताया है कि आर17 प्रो कितनी कीमत पर लॉन्च किया जाएगा और किस दिन से सेल के लिए उपलब्ध होगा। ओपो आर17 प्रो की वास्तविक कीमत व इसकी उपलब्धता के लिए 4 दिसंबर का इंतजार करना होगा।
As we gear up for the arrival of #OPPOR17 series, let’s have a look at the history of #OPPO R-Series! pic.twitter.com/W4uqOSgeLl
— OPPO Mobile India (@oppomobileindia) November 21, 2018
ओपो आर17 प्रो के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह फोन भी ‘वी’ शेप की नॉच वाली वाटरड्रॉप डिसप्ले पर पेश किया गया है। फोन में 6.4-इंच की फुलएचडी+ एमोलेड डिसप्ले दी गई है जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 6 से प्रोटेक्टेड है। इस फोन का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 91.5 प्रतिशत का है तथा ओपो ने अपने इस फोन को अंडर-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस किया है।
लॉन्च से पहले असूस ने शेयर की ज़ेनफोन मैक्स प्रो एम2 की फोटो, नॉच के साथ दिखें 3 रियर कैमरा सेंसर
यह फोन एंडरॉयड 8.1 ओरियो के साथ ओपो के आॅपरेटिंग सिस्टम कलर ओएस 5.2 पर पेश किया गया है। ओपो आर17 प्रो 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आॅक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 710 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में एड्रेनो 616 जीपीयू मौजूद है। कंपनी की ओर से आर17 प्रो को 8जीबी की पावर फुल रैम मैमोरी पर पेश किया गया है। वहीं फोन में 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो ओपो आर17 प्रो ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ लॉन्च हुआ है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ तीन कैमरा सेंसर दिए गए हैं जिनमें 12-मेगापिक्सल + 20-मेगापिक्सल + 3डी डेफ्थ सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी के लिए इस फोन के फ्रंट पैनल पर 25-मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया गया है जो एआई ब्यूटी मोड से लैस है।
ओपो आर17 प्रो 4जी फोन है तथा बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही यह फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। पावर बैकअप के लिए इस फोन में सुपर वीओओसी चार्जिंग सपोर्ट वाली 3,700एमएएच की बैटरी दी गई है। ओपो आर17 प्रो को पर्पल और ब्लू ग्रेडिएंट कलर में चीन में लॉन्च किया गया है। ओपो आर17 को चीन में 4,299 युआन की कीमत पर लॉन्च किया गया है जो भारतीय करंसी अनुसार तकरीबन 44,000 रुपये है।