POCO X8 रिव्यू: डेली यूज के लिए साथ लंबा निभाने की ताकत रखता है यह फोन

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/10/POCO-X8-review.jpg

टेक ब्रांड पोको ने सितंबर के पहले सप्ताह में अपना बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन POCO X8 5G इंडिया में लॉन्च किया था। यह मोबाइल 29,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर भारतीय बाजार में लाया गया है जो Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 प्रोसेसर पर काम करता है। इस प्राइस रेंज में पोको एक्स8 5जी फोन को खरीदना चाहिए या नहीं, यह जानने के लिए हमने पूरा 1 महीना POCO X8 चलाया और इसे परखा। आगे 5 प्वाइंट्स में ही आप जान पाएंगे कि पोको एक्स8 आपके लिए बेस्ट साबित हो सकता है या नहीं।

डिजाइन

पोको एक्स8 5जी फोन की पहली झलक ही आपको iPhone 16 की याद दिला देगी। दरअसल इस फोन में वर्टिकल शेप वाला रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो काफी हद तक पहले वाले आईफोन जैसा लगता है। इस कैमरा मॉड्यूल में दो बड़े सर्किल लगे हैं जिनके साइड में फ्लैश लाइट मौजूद है। POCO X8 5G का डिजाइन नॉर्मल फोन से डिफरेंट है।

इसके बैक पैनल पर segmented pattern के साथ geometric lines और textures दिए गए हैं जो इसे भीड़ में अलग दिखाते हैं। कंपनी ने इसमें पॉलीकॉर्बोनेट बॉडी का इस्तेमाल किया है। इस मोबाइल का वजन 226 ग्राम के करीब है वहीं सिंगल हैंड फोन चलाने में ग्रिप भी परफेक्ट बनती है। इंडियन मार्केट में Black, Fiery Orange और Frost White कलर में लाया गया है जिनमें से हमें ऑरेंज कलर मिला। यह वाकई में अटरेक्टिव है।

ड्यूरेबिलिटी

डिफरेंट होने के साथ ही POCO X8 5G ड्यूरेबल भी है। इस मोबाइल को SGS 5-स्टार सर्टिफिकेशन प्राप्त है जो इसे क्रैश, ड्रॉप और बेंडिंग रेजिस्टेंस बनाता है। देखो, फोन को पटक कर हमने इसकी मजबूती तो टेस्ट नहीं की है लेकिन उम्मीद की जा सकती है कि यह पोको फोन डेली लाइफ की टफ कंडीशन्स को झेल सकता है। वहीं मोबाइल में मौजूद कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास Victus 2 की लेयर डिस्प्ले को स्क्रैच इत्यादि से भी सुरक्षित रख सकती है।

मोबाइल को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए पोको एक्स8 5जी IP66 + IP68 + IP69 + IP69K रेटिंग के साथ पेश किया गया है। यह न सिर्फ फोन को पानी में गिरने के बाद भी खराब होने से बचाएगी बल्कि साथ ही गर्म चाय या कॉफी गिरने, या फिर तेज जैसे चिकने लिक्विड मोबाइल पर पड़ने के बाद भी इसे सुरक्षित रख सकती है। कुल मिलाकर ड्यूरेबिलिटी के मामले में पोको एक्स8 को अपने सेगमेंट का मजबूत और भरोसेमंद फोन माना जा सकता है।

डिस्प्ले

पोको एक्स8 5जी फोन में 2772 x 1280 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.83-इंच की 1.5K स्क्रीन दी गई है जो AMOLED पैनल पर बनी है। इस स्मार्टफोन स्क्रीन पर 120Hz रिफ्रेश का सपोर्ट दिया गया है जो स्क्रॉलिंग को स्मूथ बनाती है। इस रिफ्रेश के चलते मोबाइल में ऐनिमेशन फास्ट मिलते हैं और लैग जैसी समस्या देखने को नहीं मिलती है। वहीं स्मार्टफोन स्क्रीन पर दिए गए 3500nits पीक ब्राइटनेस के चलते हमें आउटडोर में फोन यूज़ करने पर भी विजिबिलिटी को कोई दिक्कत नहीं हुई। तेज धूप में भी यह फोन आराम से चलाया जा सकता है।

POCO X8 5G फोन में 12-bit कलर डेप्थ और DCI-P3 वाइड कलर गामुट का सपोर्ट दिया गया है। इनके चलते स्क्रीन पर कलर्स काफी वाइब्रेंट और पंची दिखाई देते हैं। यहां कुछ यूजर्स को HDR की कमी खल सकती है। इस मॉडल में अगर एचडीआर भी मिल जाता तो OTT अनुभव और भी बेहतर हो सकता था। लेनिक जैसे कि हमने पहले ही कहा, कलर डेप्थ और स्क्रीन ब्राइटनेस मिलकर व्यूइंग एक्सपीरियंस को शानदार बनाए रखती है।

अगर आप उन लोगों में से हैं जो दिन का ज्यादातर समय फोन में कंटेंट देखने में ही बिताते हैं तो पोको एक्स8 आपको पसंद आ सकता है। ब्राइट स्क्रीन और बड़ा डिस्प्ले साइज कंटेंट देखने में मजा देता है। सिर्फ इतना ही नहीं, ज्यादा देर मोबाइल चलाने पर आंखों को नुकसान ना हो इसके लिए पोको एक्स8 को TUV ट्रिपल आई प्रोटेक्शन भी दिया गया है। वहीं जल्दबाजी में गीलें हाथों से भी फोन चलाओगे, तो भी फोन में मौजूद Wet Touch 2.0 फीचर आपके काम में रूकावट नहीं आने देगा।

बैटरी

POCO X8 5G फोन की सबसे बड़ी ताकत इसकी 9000mAh battery है। यह Silicon-Carbon बैटरी है जो कंपनी के दावेनुसार सिंगल चार्ज में तकरीबन 3.2 दिनों तक नॉन-स्टॉप काम कर सकती है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में यह 18 घंटे, 27 मिनट का PCMark Battery बेंचमार्क स्कोर अचीव कर चुकी है। वहीं जब हमने इसमें गेमिंग टेस्ट किए तो 30 मिनट तक BGMI खेलने के बाद बैटरी 4% गिरी और आधा घंटा COD:M गेम खेलने के बाद सिर्फ 5% बैटरी ड्रॉप हुई।

बैटरी टेस्ट बैटरी ड्रॉप
YouTube (60 मिनट) 4%
BGMI (30 मिनट) 5%
BGMI (40 मिनट) 7%
COD:M (30 मिनट) 4%
COD:M (40 मिनट) 6%

रियल लाइफ यूज़ की बात करें तो हमने मोबाइल को एक बार फुल चार्ज किया और फिर नॉर्मल इस्तेमाल के बाद यह दो दिन और एक रात का वक्त निकाल गया। यानी POCO X8 की बैटरी पर भरोसा किया जा सकता है। कंपनी ने इसमें Xiaomi Surge G1 बैटरी मैनेजमेंट चिप भी लगाई है जो बैटरी हेल्थ और चार्जिंग का ऑप्टिमाइज और कंट्रोल करती रहती है। बता दें कि यह मोबाइल साल की 6 बैटरी हेल्थ के साथ आता है जो ब्रांड के मुताबिक 1600 चार्ज सायकल के बाद भी 80 प्रतिशत या उससे ज्यादा कैपेसिटी बनाए रख सकती है।

चार्जिंग पावर की बात करें तो पोको एक्स8 5जी फोन को 67W HyperCharge तकनीक के साथ पेश किया गया है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में हमनें फोन को 20% से 100% तक चार्ज किया और मोबाइल फुल चार्ज होने में 75 मिनट का समय लगा। इसके साथ ही मोबाइल में 22.5W reverse चार्जिंग तकनीक भी दी गई है जो POCO X8 को पावर बैंक बनाती है। यानी इस मोबाइल से आप दूसरे फोन को भी चार्ज कर सकते हैं। बड़ी बैटरी और भरोसेमंद बैकअप वाला फोन चाहिए तो पोको एक्स8 चूकेगा नहीं।

कैमरा

POCO X8 5G फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन कैमरा लगाया गया है जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइज़ेशन (OIS) तकनीक से लैस है। इसके साथ ही 2 मेगापिक्सल का डेप्थ सेंसर लगाया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह पोको फोन 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

डेलाइट फोटोग्राफी में यह स्मार्टफोन सही रिजल्ट देता है। डिटेल्स अच्छी कैप्चर होती हैं और कलर्स भी काफी सटीक आते हैं। यहां यूजर्स को ऑप्शन मिलता है कि वह 50MP मोड पर फोटो खींचना चाहते हैं या फिर 12.5MP मोड पर। फोन में डेप्थ सेंसर लगा है लेकिन यह पोर्ट्रेट फोटोग्राफी को ज्यादा प्रभावशाली नहीं बना पाता है। बोका इफेक्ट क्रिऐट तो होता है लेकिन यह कई जगहों पर ऐज डिटेक्शन मिस कर देता है। वहीं नाइट फोटोग्राफी को भी औसत ही कहा जाएगा।

Day
Night

कम रोशनी में खींची गई फोटोज़ में डिटेल्स की कमी रहती है और पिक्चर कुछ पिक्सलेट भी हो जाती है। लो लाइट फोटोग्राफी में हमें ग्रेनी रिजल्ट मिला। हालांकि फोन में Night Mode भी दिया गया है लेकिन यह बहुत ज्यादा मदद नहीं कर पाता है। इस फोन का कैमरा डेली यूज़ के हिसाब से बुरा नहीं है लेकिन अगर आप मोबाइल फोटोग्राफी का शौक रखते हैं जो यह बहुत ज्यादा इम्प्रैस नहीं करेगा।

POCO X8 का 16MP Selfie कैमरा भी डे लाइट कंडीशन में सही काम करता है और नाइट फोटोग्राफी में कुछ हल्का पड़ जाता है। यह एफ/2.4 अपर्चर पर काम करता है जिससे 1080p 30fps वीडियो रिकॉर्ड की जा सकती है। सेल्फी में स्कीन टोन और कलर्स नॉर्मल रहते हैं। वहीं इनबिल्ट AI मोड सेल्फी को सोशल मीडिया रेडी बना देते हैं। इस फोन में HDR, Portrait, Panorama, Ultra HD, Pro Mode और Dual Video जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

परफॉर्मेंस

पोको एक्स8 5जी फोन को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो HyperOS 3 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में Qualcomm Snapdragon 6s Gen 4 चिपसेट दिया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस मोबाइल में Adreno GPU लगाया गया है। फोन प्रोसेसर की ताकत टेस्ट करने के लिए हमने इसमें कुछ बेंचमार्क रन किए जिनका स्कोर​ आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

बेंचमार्क टेस्ट बेंचमार्क स्कोर
AnTuTu 8,89,090
Geekbench (सिंगल-कोर) 1016
Geekbench (मल्टी-कोर) 2,979
PC Mark Performance 12,492
Burn out test 57.1

बेंचमार्क स्कोर के अलावा अगर रियल लाइफ यूज की बात करें तो POCO X8 5G फोन डेली टॉस्क को बखूबी पूरा कर लेता है। मल्टीटास्किंग के दौरान कहीं कोई हैंग जैसी समस्या नहीं आती है। ऐप स्वीचिंग तेजी से होती है और स्क्रॉलिंग भी स्मूथ बनी रहती है। हमने इस फोन में बीजीएमआई और कॉल ऑफ ड्यूटी जैसे गेम खेले जिनका रिस्पांस ठीक-ठाक रहा। हॉं, बीच-बीच में कई जगह पर फोन गर्म महसूस तो हुआ है लेकिन यह बहुत ज्यादा नहीं था। कुल मिलाकर प्रोसेसिंग के मामले में पोको एक्स8 को बैलेंस्ड फोन कहा जा सकता है।

निष्कर्ष

POCO X8 उन लोगों के लिए बेस्ट 5G है जो चाहते हैं कि उन्हें दिन में बार-बार मोबाइल चार्ज ना करना पड़े। पोको एक्स8 की बैटरी ही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। वहीं दूसरी ओर मोबाइल की स्क्रीन पर कंटेंट देखने में मजा आता है। हम पोको एक्स8 को गेमिंग फोन का टैग नहीं देंगे, यह बुरा नहीं है लेकिन फिर भी कई जगह और भी बेहतर होने के गुंजाइश दिखती है। वहीं फोटोग्राफी सेग्मेंट में भी पोको एक्स8 को थोड़ा और इंप्रूव किया जा सकता था। हॉं, डिजाइन के मामले में यह स्मार्टफोन पूरे नंबर ले जाता है। कुल मिलाकर अगर आप हैवी मोबाइल गेमिंग नहीं करते हैं और फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग की बारीकियों में नहीं पड़ना चाहते हैं तो, नॉर्मल दिनचर्या के लिए POCO X8 आपका साथ लंबा निभाने की ताकत रखता है।