10000mAh से ज्यादा बैटरी वाला फोन ला रहा realme, टीजर में हुआ कंफर्म

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/08/realme-1x000mah-battery-phone-launch-date-teaser.jpg

Realme स्मार्टफोन मार्केट में सबसे बड़ी बैटरी टेक्नोलॉजी के साथ नया कदम बढ़ा रहा है। बता दें कि कंपनी ने मई 2025 में एक ऐसा कॉन्सेप्ट फोन पेश किया था। जिसमें 10,000mAh सिलिकॉन-एनोड बैटरी दी गई थी। हालांकि उस वक्त यह फोन महज 8.5mm मोटा और 212 ग्राम वजन वाला कहा गया था। जो सबसे अनोखा माना जा रहा था। वहीं, अब कंपनी ने नया टीजर जारी किया है जिसके अनुसार वह अब तक की सबसे बड़ी बैटरी वाला डिवाइस ला रही है। इसमें THE BIGGEST JUST GOT EVEN BIGGER टैग लाइन का उपयोग हुआ है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

रियलमी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें ब्रांड के हेड भी नजर आए हैं। इस दिलचस्प पोस्ट में “1x000mAh” का जिक्र साफ देखा जा सकता है। यह विजुअल अब तक की सबसे बड़ी बैटरी वाले डिवाइस का इशारा है। टीजर में फोन का नाम नहीं बताया गया है लेकिन लॉन्च डेट 27 अगस्त 2025 सामने आई है। इस दिन कंपनी सभी जानकारियां शेयर कर सकती है।

ब्रांड हेड ने पोस्ट में कहा है कि “”बैटरी की सीमाएं फिर से टूटीं-आखिरकार मेरे मानकों पर खरी उतरी! लेकिन असल में कितनी बड़ी? “आने वाले 27 अगस्त को जानते हैं। यानी कंपनी का इशारा साफ है कि असल जानकारी 27 अगस्त को दी जाएगी। वहीं, अनुमान लगाया जा सकता है कि रियलमी इस बार 12,000mAh या उससे भी बड़ी बैटरी वाला स्मार्टफोन पेश कर सकता है।

रियलमी बैटरी के साथ-साथ चार्जिंग स्पीड में भी नए कीर्तिमान स्थापित कर सकता है। पिछले साल के 828 Fan Festival के दौरान ब्रांड ने अपनी 320W SuperSonic Charge Technology को दर्शाया था। जिससे सिर्फ 4 मिनट 30 सेकंड में 4420mAh बैटरी को फुल चार्ज होने की जानकारी दी गई थी। इसलिए उम्मीद है कि रियलमी अपने नए हाई-कैपेसिटी बैटरी फोन के साथ फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी को भी आगे बढ़ा सकता है। जिसकी मदद से इतनी बड़ी बैटरी को जल्दी चार्ज किया जा सके।

बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोंस की चर्चा इन दिनों चरम पर है। हाल ही में Honor के आगामी फोन का लीक सामने आया है। जिसमें 10,000mAh बैटरी दिए जाने की बात सामने आई है। यह डिवाइस 2026 की पहली छमाही में आने की उम्मीद है। वहीं, रियलमी का यह नया कॉन्सेप्ट डिवाइस अगर वाकई 12,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च होता है तो यह इंडस्ट्री का सबसे बड़ी बैटरी वाला डिवाइस बन सकता है। बता दें कि कुछ समय पूर्व में Honor X70 लॉन्च हुआ है। इसमें 8,300mAh बड़ी बैटरी दी गई है, लेकिन रियलमी का नया डिवाइस इससे भी आगे निकल सकता है।

आखिर में आपको बताते चलें कि आज के इस दौर में ग्राहक लंबे बैकअप, ज्यादा गेमिंग और फुल कनेक्टिविटी को पसंद करते हैं। जहां 5,000 से 6,000mAh बैटरी आम हो गई है। वहीं, देखना होगा कि आगामी 10,000mAh या उससे ज्यादा बैटरी वाले स्मार्टफोन कितने सफल होते हैं।