
Redmi 17 4G फोन लॉन्च के लिए तैयार हो रहा है। बीते कई दिनों से इस मोबाइल से जुड़े लीक्स सामने आ रहे हैं। कंपनी की ओर से हालांकि इस स्मार्टफोन से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन यह अपकमिंग रेडमी फोन कई सर्टिफिकेशन्स में नजर आ चुका है। इसी कड़ी में अब रेडमी 17 4जी यूरोपियन रेगुलेटरी EPREL पर स्पॉट हुआ है जहां इसकी बैटरी से जुड़ी अहम डिटेल्स सामने आई हैं।
Redmi 17 4G की बैटरी
रेडमी 17 4जी स्मार्टफोन को यूरोपीय प्रोडक्ट रजिस्ट्री फॉर एनर्जी लेबलिंग पर लिस्ट किया गया है। इस डाटाबेस में स्मार्टफोन Redmi 2606FRN72Y मॉडल नंबर के साथ ही सामने आया है जो पहले की विभिन्न सर्टिफिकेशन्स में देखा जा चुका है। EPREL लिस्टिंग में सामने आया है कि यह अपकमिंग रेडमी फोन एक बार फुल चार्ज करने के बाद लगातार 73 घंटे 54 मिनट तक चल सकता है।
गौरतबल है कि EPREL सर्टिफिकेशन साइट किसी स्मार्टफोन को एनर्जी एफिशियंसी, बैटरी और ड्यूरेबिलिटी की जानकारी दिखाता है। इस लिस्टिंग में Redmi 17 4G की बैटरी को ‘बी’ रेटिंग प्राप्त हुई है जो इसे बेहतर बताती है। यहां फोन का बैटरी बैकअप 73h 54min का बताया गया है जिसे लेकर कई रिपोर्ट्स दावा कर रही है कि रेडमी 17 4जी स्मार्टफोन 7,500mAh battery पर लॉन्च किया जा सकता है।
Redmi 17 4G स्मार्टफोन की बड़ी बैटरी के साथ ही इस लिस्टिंग में सामने आया है कि यह मोबाइल 1000 चार्ज साइकल की क्षमता के साथ आ सकता है। यानी 1 हजार बार फोन को 0 से 100% चार्ज के बाद भी इसकी बैटरी हेल्थ मेंटेन रहेगी। वहीं लिस्टिंग की मानें तो यह मोबाइल 45W फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ लॉन्च हो सकता है।
Redmi 17 4G की ड्यूरेबल बॉडी
नए सर्टिफिकेशन में सामने आया है कि यह रेडमी 17 4जी स्मार्टफोन ड्रॉप रेजिस्टेंट बॉडी पर लॉन्च किया जाएगा। यानी मोबाइल जमीन पर गिरने के बाद भी टूटेगा नहीं। वहीं स्मार्टफोन को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए Redmi 17 4G में IP64 दिए जाने की जानकारी लिस्टिंग में प्राप्त हुई है। यानी यह सस्ता रेडमी फोन हल्की फुल्की पानी की बौछारों से खराब नहीं होगा।
Redmi 17 4G की लीक डिटेल्स
बीते दिनों विभिन्न सर्टिफिकेशन्स साइट और लीक्स के जरिये सामने आया है कि यह रेडमी स्मार्टफोन क्वालकॉम के Snapdragon 6s 4G Gen 2 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। गौरतलब है कि यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.9गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.9गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए रेडमी 17 4जी फोन में Adreno 610 GPU मिल सकता है।

लीक्स की मानें तो रेडमी 17 4जी फोन मोबाइल ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप पर लाया जाएगा जिसमें RGB light भी शामिल होगी। वहीं इस स्मार्टफोन का डायमेंशन 170.12 x 78.42 x 8.8mm और वजन 232 ग्राम बताया गया है। लीक्स के मुताबिक यह लो बजट रेडमी स्मार्टफोन टेक मार्केट में Deep Blue, Black, Oak Green और Lotus Purple कलर में बेचा जा सकता है।













