
Reliance Jio ने भारत के टेलीकॉम बाजार में कदम रखते ही बता दिया था, यह कंपनी पहले से चले आ रहे कई नियमों को तोड़ने वाली है और इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री में बड़े बदलाव का कारण बनेगी। 4G सर्विस, फ्री में सिम और मुफ्त टेलीकॉम सेवाएं देने वाली जियो का उस दौरान देश की जनता ने हाथोंहाथ लिया था। Jio यूजर्स की गिनती तेजी से बढ़ी और यह देश की नंबर वन दूरसंचार कंपनी बन गई है। लगातार सफलता पा रही रिलायंस जियो ने अब एक और बड़ा खिताब अपने नाम कर दिया है। Reliance Jio इंडिया में 40 करोड़ यूजर्स जोड़ने वाली पहली टेलीकॉम कंपनी बन गई है।
इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री से जुड़ी यह बड़ी जानकारी देश की टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी यानि TRAI ने दी है। ट्राई ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में साल की दूसरी छमाही के पहले महीने के आकंड़े शेयर किए हैं, जिनमें सभी दूरसंचार कंपनियों के यूजर्स की गिनती को बताया गया है। इस रिपोर्ट के जरिये सामने आया है कि जुलाई महीने में Reliance Jio के यूजर्स की गिनती 40 करोड़ की संख्या पार कर गई है। इस गिनती तक आज तक भारत में कोई भी कंपनी नहीं पहुॅंची है। रिलायंस जियो 40 करोड़ सब्सक्राइबर का यह आकंड़ा छूने वाली देश की पहली कंपनी बन गई है।
किसने क्या पाया क्या खोया –
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक जुलाई महीने में Jio कंपनी ने अपने नेटवर्क पर 35 लाख से अधिक नए यूजर्स जोड़े हैं, इन नए ग्राहकों के जुड़ने के साथ ही जियो के टोटल सब्सक्राइबर्स की गिनती 40 करोड़ का विशाल आंकड़ा पार कर गई। नए उपभोक्ताओं कें साथ ही देश के टेलीकॉम बाजार में रिलायंस जियो का मार्केट शेयर भी बढ़कर 35 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
इसी तरह देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Bharti Airtel से जुड़ने वाले नए यूजर्स की गिनती में भी बढ़ोतरी हुई है। जुलाई महीने में तकरीबन 33 लाख नए यूजर्स एयरटेल नेटवर्क से जुड़े हैं। नए ग्राहकों को जोड़ने के साथ ही एयरटेल के कुल सब्सक्राइबर्स की गिनती 32 करोड़ के करीब पहुॅंच चुकी है। देश के टेलीकॉम बाजार में एयरटेल का मार्केट शेयर 27.96 प्रतिशत का हो गया है।
VI यानि Vodafone Idea के यूजर्स लगातार कम होते जा रहे हैं। जुलाई महीने में 37 लाख के करीब लोगों ने वोडाफोन आइडिया का साथ छोड़ा। इन ग्राहकों के टूटने के साथ ही वोडाफोन आइडिया के कुल सब्सक्राइबर्स की गिनती 30 करोड़ के करीब आ लुढ़की है और कंपनी का मार्केट शेयर भी 26.34 प्रतिशत हो गया है।
देश की सरकारी कंपनी BSNL यानि भारतीय संचार निगम लिमिटेड भी धीरे-धीरे ही सही लेकिन इंडियन यूजर्स का भरोसा मजूबत करती जा रही है। जुलाई महीने में 3 लाख 88 हजार के करीब लोगों ने बीएसएनएल को चुना, जिसके बाद BSNL नेटवर्क यूज़ करने वाले कुल सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा बढ़कर 12 करोड़ के करीब आ पहुॅंचा है। इस वक्त इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री में 10.37 प्रतिशत मार्केट हिस्से पर बीएसएनएल की मजूबत पकड़ है।























