
Samsung 22 जुलाई को होने वाले अपने Galaxy Unpacked इवेंट में नई फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज लॉन्च करने वाला है। इसी बीच कंपनी के आने वाले फोल्डेबल डिवाइस को लेकर खास जानकारी सामने आई है। लेटेस्ट लीक रिपोर्ट के अनुसार Samsung का एक नया पेटेंट सामने आया है, जिसमें Galaxy Z Flip जैसा क्लैमशेल फोल्डेबल फोन दिखाया गया है। इसमें 360-डिग्री हिंज दिया गया है, जिसकी मदद से डिस्प्ले अंदर और बाहर दोनों तरफ फोल्ड हो सकता है। आइए, आगे पूरी डिटेल्स जानते हैं।
360° हिंज के साथ आ सकता है नया फोल्डिंग डिजाइन
रिपोर्ट के अनुसार, यह पेटेंट Fixyflow और टिप्स्टर @xleaks7 द्वारा शेयर किया गया है। डिजाइन में फोन Galaxy Z Flip जैसा दिखाई देता है, लेकिन इसका हिंज सामान्य फोल्डेबल फोंस से अलग है। नए 360-डिग्री हिंज की मदद से डिस्प्ले को पूरी तरह अंदर और बाहर दोनों मोड़ा जा सकता है।
पेटेंट में दिखाया गया है कि फोन के बीच में प्राइमरी फोल्डेबल डिस्प्ले होगा। जबकि बाहरी हिस्से के ऊपरी भाग में कर्व्ड स्क्रीन सेक्शन दिए जाएंगे। जब फोन बंद रहेगा, तब भी कर्व्ड बाहरी डिस्प्ले दिखाई देगा। जिससे नोटिफिकेशन, इनकमिंग कॉल, म्यूजिक कंट्रोल, टाइमर, विजेट्स और कैमरा प्रीव्यू जैसी जानकारी बिना फोन ओपन किए देखी जा सकेगी।
रिपोर्ट में बताया गया है कि इस तरह के डिजाइन में सबसे बड़ी दिक्कत कर्व्ड डिस्प्ले और फोल्डिंग हिंज को एक साथ काम करने लायक बनाना है। इसके लिए पेटेंट में हिंज के पास छोटे-छोटे गैप रखने का सुझाव दिया गया है ताकि फोल्ड होने के दौरान कर्व्ड डिस्प्ले आपस में टकराए नहीं और डिजाइन सफल हो सके।
हालांकि इन गैप्स की वजह से डिस्प्ले की इंटरनल वायरिंग प्रभावित हो सकती है। इस समस्या को हल करने के लिए Samsung ने पेटेंट में मल्टी-लेयर इंटरनल वायरिंग का सुझाव दिया है। जिससे डिस्प्ले के इलेक्ट्रिकल कनेक्शन बिना टकराए सुरक्षित तरीके से काम कर सकते हैं। बताया गया है कि फोल्ड होने वाला हिस्सा और कर्व्ड एज डिस्प्ले को अलग-अलग डिजाइन किया गया है।
यह केवल एक पेटेंट है अभी ब्रांड ने लॉन्च को लेकर जानकारी नहीं दी है, लेकिन उम्मीद है कंपनी इस संभावित फोल्डेबल के नए डिजाइन और तकनीकों पर काम कर रही है। ऐसे में देखना होगा कि इस 360-डिग्री फोल्डिंग डिवाइस को बाजार में लाया जाता है या नहीं। हम आपको आगे भी अपडेट मिलने पर जानकारी देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।









