Samsung के नए फोल्डेबल डिजाइन का पेटेंट आया सामने, मिल सकता है डुअल फ्रंट डिस्प्ले

Samsung के अगले फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल फोन को लेकर नया अपडेट सामने आया है। उम्मीद है इसमें अलग डिजाइन दिया जा सकता है। दरअसल कंपनी का एक नया पेटेंट World Intellectual Property Organization (WIPO) प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुआ है। जिसमें एक ऐसे फोल्डेबल फोन का डिजाइन दर्शाया गया है जिसमें फोन फोल्ड होने पर फ्रंट साइड पर डुअल डिस्प्ले जैसा सेटअप नजर आता है। हालांकि अभी कुछ भी कंफर्म नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि भविष्य में इसे Samsung Galaxy Z Flip series के किसी मॉडल में उपयोग किया जा सकता है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
पेटेंट में शेयर की गई इमेज में फोन को कई एंगल से दिखाया गया है और इसका डिजाइन काफी हद तक मौजूदा Samsung Galaxy Z Flip सीरीज जैसा क्लैमशेल फोल्डिंग स्टाइल वाला दिख रहा है। सबसे बड़ा बदलाव फोन के फ्रंट हिस्से में नजर आता है, जहां बड़े कवर डिस्प्ले के साथ एक छोटा गोलाकार कटआउट भी दिखाई दिया है। यह सर्कुलर कटआउट संभवतः एक सेकेंडरी डिस्प्ले हो सकता है, क्योंकि इसके पास डुअल कैमरा के लिए अलग कटआउट भी है।
पेटेंट इमेज से यह साफ नहीं हो पाया है कि यह सर्कुलर डिस्प्ले किस काम के लिए होगा। मौजूदा Samsung Galaxy Z Flip 7 में दिया गया कवर डिस्प्ले पहले से ही कई काम करता है, जैसे ऐप्स और विजेट एक्सेस करना, नोटिफिकेशन देखना, सेटिंग्स कंट्रोल करना और यहां तक कि प्रमुख कैमरे के साथ सेल्फी लेने के लिए व्यूफाइंडर के तौर पर भी उपयोग किया जा सकता है। ऐसे में नया छोटा डिस्प्ले किस तरह का अनुभव देगा, यह अभी साफ नहीं है।
डिजाइन को देखकर यह कुछ हद तक Huawei P50 Pocket की याद आ सकती है। जिसमें सर्कुलर कैमरा मॉड्यूल और छोटा कवर स्क्रीन दिया गया था। संभावना है कि यह छोटा डिस्प्ले ऑलवेज-ऑन स्क्रीन के तौर पर टाइम, नोटिफिकेशन या जरूरी जानकारी शो कर सकता है। जिससे बैटरी की खपत भी कम हो सकती है। यह एक डेडिकेटेड नोटिफिकेशन इंडिकेटर की तरह भी काम कर सकता है या फिर सिर्फ फोन के डिजाइन को और यूनिक बनाने के लिए दिया जा सकता है।
जब फोन को पूरी तरह अनफोल्ड किया जाता है, तो पेटेंट इमेज में यह बाकी Z Flip मॉडल्स की तरह लंबे और पतले डिस्प्ले के साथ दिखाई देता है। इसके अलावा फोल्डेड मोड में फोन के दाईं ओर एक बटन भी दिखाया गया है, जो संभवतः पावर या फिंगरप्रिंट सेंसर का काम कर सकता है।
बता दें कि यह सिर्फ एक पेटेंट डिजाइन है और इस बात की कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि यह फाइनल प्रोडक्ट में मिलेगा या नहीं, लेकिन इसके सामने आने से लगता है कि Samsung अपने फोल्डेबल स्मार्टफोंस के डिजाइन में कुछ अलग कर सकता है।
यदि यह कॉन्सेप्ट भविष्य में किसी डिवाइस में आता है, तो यह Samsung Galaxy Z Flip सीरीज का मॉडल होने की उम्मीद है। हालांकि फिलहाल जो यूजर्स फ्लिप-स्टाइल फोल्डेबल खरीदने की सोच रहे हैं, उनके लिए मौजूदा मॉडल जैसे Samsung Galaxy Z Flip 7 ही शानदार विकल्प है। हम और डिटेल्स मिलते ही आपको अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स पढ़ते रहें।