Samsung Galaxy F70 Pro 5G फोन का इंडिया लॉन्च कंफर्म, फ्लिपकार्ट पर लाइव हुआ मोबाइल

सैमसंग ने फरवरी महीने में अपना सस्ता 5G फोन Galaxy F70e इंडिया में लॉन्च किया था जो सिर्फ 12,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लाया गया था। अब कंपनी इसी मोबाइल का ‘प्रो’ मॉडल लेकर आ रही है। कंपनी की ओर से Samsung Galaxy F70 Pro 5G इंडिया लॉन्च कंफर्म कर दिया गया है। यह मोबाइल आने वाले कुछ ही दिनों में भारतीय बाजार में उतार दिया जाएगा जो कम कीमत में स्टाइलिश लुक और शानदार स्पेसिफिकेशन्स प्रदान करेगा।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G इंडिया लॉन्च
सैमसंग गैलेक्सी एफ70 प्रो इंडिया लॉन्च कंफर्म हो गया है। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट पर इस अपकमिंग 5जी फोन की माइक्रोसाइट लाइव कर दी गई है। इसी वेबसाइट पर Galaxy F70 Pro 5G फोन की ऑफिशियल जानकारी दी गई है। फिलहाल कंपनी की ओर से मोबाइल लॉन्च डेट अनाउंस नहीं की गई है लेकिन उम्मीद कर सकते हैं कि अगस्त के पहले सप्ताह में ही यह सैमसंग फोन बाजार में उतार दिया जाएगा। इस फोन में गैलेक्सी एफ70 प्रो Green कलर शेड में दिखाया गया है जिसमें ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मौजूद है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G प्राइस
सैमसंग गैलेक्सी एफ70 प्रो 5जी फोन का प्राइस कुछ दिनों पहले ही लीक में सामने आ चुका है। टिपस्टर अभिषेक यादव द्वारा शेयर की गई पोस्ट में बताया गया था कि यह मोबाइल तीन मेमोरी वेरिएंट्स में लाया जाएगा। स्मार्टफोन के बेस वेरिएंट में 6GB RAM + 128GB Storage दी जा सकती है जिसका लॉन्च प्राइस 32,999 रुपये लीक हुआ है। वहीं 8GB RAM वाले 5G फोन के 128GB स्टोरेज वेरिएंट को 36,999 रुपये में और 256GB मेमोरी वाले फोन को 41,999 रुपये में लॉन्च किया जा सकता है।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G स्पेसिफिकेशन्स
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो अभी तक सामने आए लीक्स के अनुसार यह सैमसंग 5जी फोन Qualcomm Snapdragon 6 Gen 3 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टाकोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। यह अपकमिंग सैमसंग 5जी फोन LPDDR5X RAM पर लाया जा सकता है जो मोबाइल में मल्टीटास्किंग को फास्ट और स्मूथ बनाए रखने में मदद करेगा।
Samsung Galaxy F70 Pro 5G फोन को एंड्रॉयड 16 पर लाया जा सकता है जिसके साथ ग्राहकों को 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिल सकती है। यह सैमसंग का फोन 6.7-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। लीक्स के अनुसार यह sAMOLED पैनल पर बनी स्क्रीन होगी जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट देखने को मिल सकता है।
फोटोग्राफी के लिए सैमसंग गैलेक्सी एफ70 प्रो 5जी फोन को ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप पर लॉन्च किया जा सकता है। लीक्स की मानें तो स्मार्टफोन के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया जा सकता है जिसके साथ 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल मैक्रो सेंसर शामिल होगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Galaxy F70 Pro 5G फोन में 12 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
लीक्स में सामने आया है कि पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy F70 Pro 5G फोन को तगड़ी 6000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 45वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट दिया जा सकता है। उम्मीद कर सकते हैं कि कुछ ही दिनों में सैमसंग इस 5जी फोन की स्पेक्स अनविल कर देगी।