
प्रमुख मोबाइल निर्माता कंपनी सैमसंग ने आज ग्लोबल मार्केट के साथ भारतीय बाजार में भी अपने नए फोल्डेबल फोन से पर्दा उठा दिया है। यह पहली बार है जब कंपनी ने एक साथ Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra, Samsung Galaxy Z Fold 8 और Samsung Galaxy Z Flip 8 को लॉन्च किया है। हालांकि, इस बार Samsung Galaxy Z Fold 8 सबसे ज्यादा चर्चा में है।
इसे नए स्टाइल और नए डिजाइन के साथ पेश किया गया है, जो वाकई आकर्षक है। आइए, इस पोस्ट में सिर्फ 10 फोटो के जरिए जानते हैं इस फोन की खास बातें।
पासपोर्ट साइज
Samsung Galaxy Z Fold 8 को कंपनी ने बाहर से बिल्कुल पासपोर्ट जैसा डिजाइन दिया है। यह फोन थोड़ा चौड़ा जरूर लगता है, लेकिन यही इसकी सबसे बड़ी खूबी है। अपने नए स्टाइल की वजह से यह पारंपरिक फोल्ड डिजाइन से अलग नजर आता है और बिल्कुल नया लुक देता है।
लाइट फोल्ड
वैसे तो लॉन्च से पहले माना जा रहा था कि इसे Samsung Galaxy Z Fold 8 Wide नाम से पेश किया जाएगा। लेकिन जब यह फोन हमारे हाथों में आया, तो यह Wide Fold से ज्यादा Light Fold जैसा महसूस हुआ। फोन का डिजाइन और साइज ऐसा है कि यह आसानी से आपकी हथेली में समा जाता है। वहीं इसका वजन मात्र 201 ग्राम है, जिससे इसे इस्तेमाल करते समय जरा भी भारीपन का अहसास नहीं होता।
बेहद स्लीक
पिछले साल कंपनी ने Galaxy Z Fold 7 को 4.4 मिमी की मोटाई के साथ पेश किया था, जो अपने आप में बड़ा इनोवेशन था। इस बार भी कंपनी ने इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। Samsung Galaxy Z Fold 8 बेहद पतला और स्लीक है। अनफोल्ड होने पर इसकी मोटाई सिर्फ 4.5 मिमी है, जबकि फोल्ड होने पर यह 9.7 मिमी मोटा है, जो काफी प्रभावशाली है।
वाइड स्क्रीन
अगर आप इस फोन के बारे में सिर्फ पढ़ रहे हैं, तो दूसरे फोल्डेबल फोन की तुलना में इसकी स्क्रीन आपको छोटी लग सकती है। इसकी मेन स्क्रीन 7.6 इंच की है, जबकि अब कई फोल्डेबल फोन में 8 इंच तक की स्क्रीन मिलती है। लेकिन यही इसकी सबसे बड़ी खूबी भी है। फोल्ड खोलने पर यह बिल्कुल टैबलेट जैसा अनुभव देता है और इसमें 16:9 आस्पेक्ट रेशियो वाले वीडियो देखने का अनुभव शानदार रहता है।
फोन में 7.6-इंच का QXGA+ Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले दिया गया है, जो 1,848 × 2,448 पिक्सल रेजोल्यूशन, 403ppi और 120Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है।
कवर स्क्रीन भी है काम की
इस फोल्डेबल का कवर स्क्रीन भी काफी उपयोगी है। इसमें 5.5 इंच का WUXGA+ Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले मिलता है। कंपनी ने इसके लिए 1,248 × 1,972 पिक्सल रेजोल्यूशन दिया है, जो 428ppi और 120Hz अडैप्टिव रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। कई वीडियो कंटेंट 3:4 आस्पेक्ट रेशियो में होते हैं और ऐसे कंटेंट के लिए यह स्क्रीन बेहतरीन साबित होती है।
ब्राइट डिस्प्ले
Samsung Galaxy Z Fold 8 को फिलहाल दुनिया का सबसे ब्राइट डिस्प्ले वाला फोल्डेबल फोन कहा जा रहा है। इसमें 3,000 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है, जिससे आप घर के अंदर ही नहीं, बल्कि तेज धूप में भी स्क्रीन को आसानी से देख सकते हैं।
पावरफुल परफॉर्मेंस
Samsung Galaxy Z Fold 8 भले ही स्क्रीन के मामले में Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra से छोटा हो, लेकिन कंपनी ने इसकी परफॉर्मेंस में कोई समझौता नहीं किया है। यह फोन Qualcomm Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर काम करता है, जो फिलहाल सबसे पावरफुल मोबाइल प्रोसेसर में से एक माना जाता है।
सबसे नया एंड्रॉयड
यह फोन Android 17 के साथ लॉन्च हुआ है और फिलहाल यह दुनिया का पहला स्मार्टफोन है, जो इस नए ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आया है। इसके साथ आपको Samsung One UI 9 का लेटेस्ट इंटरफेस भी मिलता है।


















