Samsung के पहले स्लाइडिंग स्क्रीन फोन का डिजाइन पेटेंट में आया सामने, 2027 में हो सकता है लॉन्च

Samsung अपने स्मार्टफोन डिजाइन में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में लग रहा है। क्योंकि कंपनी के एक नए पेटेंट में ऐसे Galaxy स्मार्टफोन का डिजाइन सामने आया है। जिसकी स्क्रीन ऊपर की तरफ स्लाइड करके बड़ी हो सकती है। माना जा रहा है कि यह डिजाइन कंपनी के चर्चित Galaxy Z Slide से जुड़ा हो सकता है। जिसे नए साल 2027 में पेश किया जा सकता है। हालांकि, ब्रांड ने फिलहाल इस डिवाइस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। आइए, अब तक आई डिटेल्स जानते हैं।
Samsung स्लाइडिंग स्क्रीन फोन लीक
Gizchina की रिपोर्ट के अनुसार Samsung का यह पेटेंट US 2026/0333595 A1 नंबर के तहत पब्लिश हुआ है। इसमें एक ऐसे स्मार्टफोन का डिजाइन दिखाया गया है। जिसमें दो मूविंग सेक्शन दिए गए हैं। फोन का निचला हिस्सा हाथ में रहेगा, जबकि ऊपरी हिस्सा ऊपर की तरफ स्लाइड होगा। इससे फोन की फ्लेक्सिबल डिस्प्ले का अतिरिक्त हिस्सा बाहर आएगा और स्क्रीन का साइज बढ़ जाएगा।
इस डिजाइन की खास बात इसका कैमरा सेटअप भी होगा। इमेज में रियर कैमरे और LED फ्लैश को फोन के स्लाइड होने वाले ऊपरी हिस्से में दिखाया है। वहीं, निचले हिस्से में एक छोटा कटआउट दिया गया है। जिससे फोन बंद रहने पर भी कैमरे इस्तेमाल किए जा सकेंगे। यानी फोटो खींचने या वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए हर बार स्क्रीन को स्लाइड करके खोलने की जरूरत नहीं होगी।
यह पहली बार नहीं है जब Samsung की स्लाइडिंग स्क्रीन तकनीक चर्चा में आई है। कंपनी ने MWC 2026 के दौरान Samsung Display के जरिए एक स्लाइडिंग स्क्रीन प्रोटोटाइप भी दिखाया था। इस प्रोटोटाइप की स्क्रीन 5.1 इंच से बढ़कर 6.7 इंच तक होने की जानकारी दी गई थी।
इसमें भी स्क्रीन को ऊपर की तरफ स्लाइड करने वाला मैकेनिज्म दिया गया था जो नए पेटेंट में दिखाए गए डिजाइन से कुछ मिलता-जुलता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि Samsung इसी डिजाइन वाला स्मार्टफोन बाजार में उतारेगा। फिलहाल यह सिर्फ पेटेंट और टेक्नोलॉजी से जुड़ा संकेत है।
पेटेंट में फोन बंद रहने पर इसका डिजाइन Galaxy Z Fold 8 जैसा भी दिखा है। इससे लगता है कि कंपनी सामान्य स्मार्टफोन जैसा डिजाइन बनाए रखते हुए यूजर्स को बड़ी स्क्रीन का विकल्प देना चाहती है।
2027 में लॉन्च हो सकता है फोन
रिपोर्ट्स में Samsung के स्लाइडिंग स्क्रीन स्मार्टफोन को 2027 में लॉन्च किए जाने की बात सामने आई थी। इसे आगामी Galaxy Z Fold 9 और Galaxy Z Fold 9 Ultra के साथ पेश किया जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने Galaxy Z Slide के नाम, लॉन्च या इसके फाइनल डिजाइन की पुष्टि नहीं की है।
इस टेक्नोलॉजी की वजह से फोन की कीमत भी सामान्य फोल्डेबल स्मार्टफोन से ज्यादा हो सकती है। फिलहाल पेटेंट से Samsung की नई तकनीक की जानकारी मिली है। आगे देखना होगा कि ब्रांड इसे लेकर असल में क्या ऐलान करता है। 91मोबाइल्स के साथ हर अपडेट के लिए बने रहें।