
Vivo V40e और Motorola Edge 50 दोनों मिड-रेंज डिवाइस हैं, जिनकी कीमत लगभग समान है। यह जानने के लिए कि इस कीमत में कौनसे स्मार्टफोन का कैमरा ज्यादा अच्छा है। हमने इस पोस्ट में कैमरा कंपैरिजन किया है। यदि आप इन दोनों में से कोई एक फोन लेने का मन बना रहे हैं तो आगे पूरी डिटेल देख सकते हैं।
इन फोन की कीमत इस प्रकार हैं:
| Vivo V40e | Motorola Edge 50 |
| 8GB+128GB: 28,999 रुपये | 8GB+256GB: 27,999 रुपये |
| 8GB+256GB: 30,999 रुपये | – |
डे-लाइट
Motorola Edge 50 और Vivo V40e की दिन के समय की तस्वीरों में डिटेल के मामले में दोनों ही फोन एक समान हैं। हालांकि दोनों ही कलर एक्युरेसी में थोड़ी परेशानी का सामना करते हैं, Motorola Edge 50 असली रंगों को दर्शाता है, जबकि Vivo V40e रंगों में ज्यादा चमक दिखाता है। Edge 50 थोड़ा बेहतर डायनामिक रेंज प्रदान करता है, जिसे आप डार्क इलाकों जैसे पेड़ों और आसमान के आसपास देख सकते हैं, जहां यह बादलों में अधिक डिटेल कैप्चर करता है।


विजेता: Motorola Edge 50
अल्ट्रावाइड
Vivo V40e के अल्ट्रावाइड शॉट्स में किनारों पर लेंस डिस्टॉर्शन साफ नजर आता है, जबकि Motorola Edge 50 में यह डिस्टॉर्शन उतना अधिक नहीं है। दोनों फोन दिन के उजाले वाले शॉट्स के समान कलर प्रोफाइल बनाए रखते हैं, लेकिन Motorola Edge 50 की तस्वीरें थोड़ी फीकी लगती हैं, क्योंकि इसकी एक्सपोजर कम है। डिटेल और शार्पनेस की बात करें, तो Motorola Edge 50 का 13MP लेंस बेहतर परिणाम देता है, जिससे तस्वीरें ज्यादा साफ आती हैं। इसके विपरीत, Vivo V40e की तस्वीरें, खासकर पेड़ और हरियाली जैसी जगहों पर थोड़ी सॉफ्ट दिखाई देती हैं।


विजेता: Motorola Edge 50
पोर्ट्रेट
दोनों फोन के पोर्ट्रेट शॉट्स में साफ अंतर है, जो स्वाभाविक है क्योंकि Vivo V40e में Motorola Edge 50 की तरह टेलीफोटो लेंस नहीं है। Vivo V40e अक्सर त्वचा के रंगों को ओवरएक्सपोज और ज्यादा ब्राइट कर देता है, जिससे तस्वीरें नकली दिखती हैं। जबकि, Motorola Edge 50 अधिक बैलेंस्ड कलर प्रदान करता है और चेहरे की डिटेल्स को बनाए रखता है। वहीं, V40e उन्हें स्मूथ कर देता है। बेहतर पोर्ट्रेट शॉट्स के साथ यहां Motorola Edge 50 ने फिर बाजी मारी है।


विजेता: Motorola Edge 50
सेल्फी
दोनों फोन में शानदार सेल्फी आती हैं, लेकिन इसमें भी बहुत हल्का सा अंतर हैं। Motorola Edge 50 की सेल्फी थोड़ी ब्राइट होती हैं और यह स्किन को बेहतर तरीके से कैप्चर करता है, जबकि Vivo V40e इसे थोड़ा स्मूथ कर देता है। हालांकि, Vivo V40e से ली गई फोटो का स्किन टोन असली रंग के ज्यादा करीब है। इसलिए इस राउंड में दोनों फोन के बिच टेस्ट टाई रहा है। क्योंकि दोनों का अंतर बहुत ही मामूली है यह लोगों की पसंद पर निर्भर करेगा की वे कौनसा फोन पसंद करेंगे।


विजेता: टाई
लो लाइट (नाइट मोड ऑफ)
लो-लाइट परफॉर्मेंस की टेस्टिंग के लिए, हमने दोनों फोन को बिना नाइट मोड के इस्तेमाल किया है। नाइट मोड बंद करने पर ज्यादा फर्क नहीं देखा गया है। क्योंकि दोनों फोन लो-लाइट सेटिंग्स में लंबी एक्सपोजर का इस्तेमाल करते हैं। टेस्टिंग के दौरान V40e ने अधिक असली कलर्स दिखाए हैं। खास तौर पर रेड ज्यादा नेचुरल है। हालांकि यह डिटेल्स में Motorola Edge 50 से भले ही पीछे रहा है, लेकिन V40e की तस्वीर में डार्क जगहों पर कुछ नॉइज भी दिखा है। जिसे Edge 50 ने बेहतर ढंग से दिखाया है। Edge 50 ने लेंस फ्लेयर को भी अधिक प्रभावी ढंग से मैनेज किया है। जिससे इस राउंड में Motorola Edge 50 का नाम आगे हो गया है।


विजेता: Motorola Edge 50
लो लाइट (नाइट मोड ऑन)
नाइट मोड चालू करने पर, दोनों फोन की फोटो क्वालिटी में थोड़ा सुधार नजर आता है। फिर भी Motorola Edge 50 के रंग ज्यादा सटीक देखने मिले हैं, जबकि Vivo V40e रात के आसमान को गहरे नीले रंग को नकली दिखा रहा था। डिटेल्स के मामले में, Edge 50 आगे रहा है। V40e की तुलना में इसका लेंस फ्लेयर को बेहतर तरीके से कंट्रोल करता है। इसलिए इस राउंड में भी Motorola डिवाइस ही विजेता रहा है।


विजेता: Motorola Edge 50
निष्कर्ष
दोनों फोन में कैमरे की तुलना करने पर साफ तौर पर Motorola Edge 50 ही विजेता साबित हुआ है। क्योंकि, दोनों फोन की टेस्टिंग के दौरान यह काफी मामलों में Vivo V40e को पीछे कर देता है। इसका रियर कैमरा सिस्टम ज्यादा अच्छा है। अगर आप 30 हजार के अंदर का कोई बेहतरीन कैमरा फोन तलाश रहे हैं, तो Motorola Edge 50 इन दोनों में बेहतर विकल्प है।
कैमरा सैंपल: गौरव शर्मा और आदित्य पांडे


















