Vivo V70 और V70 Elite इंडिया में फरवरी में होंगे लॉन्च! मिलेगा Snapdragon प्रोसेसर और Sony का कैमरा

वीवो ‘वी’ सीरीज इंडिया में अपने कैमरा और फोटोग्राफी स्किल्स के लिए पहचानी जाती है। वीवो वी60 सीरीज के जरिये जबरदस्त फैन फालोइंग बनाने के बाद इस कंपनी ने नई Vivo V70 Series के लिए भी कमर कस ली है। ब्रांड की ओर से हालांकि अभी इस नई जेनरेशन को लेकर कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है लेकिन ताजा लीक में Vivo V70 और Vivo V70 Elite इंडिया लॉन्च टाइमलाइन के साथ ही कई अहम डिटेल्स भी सामने आ गई है।
वीवो वी70 सीरीज से जुड़ी ताजा जानकारी टेक वेबसाइट स्मार्टप्रिक के जरिये सामने आई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वीवो कंपनी अगले महीने यानी फरवरी में अपनी ‘वी’ सीरीज की नेक्स्ट जेनरेशन मार्केट में उतार देगी। लीक के मुताबिक मिड-फरवरी यानी 10 फरवरी से 19 फरवरी के बीच Vivo V70 Series भारतीय बाजार में अनाउंस की जा सकती है। अगर यह लॉन्च टाइमलाइन सही साबित होती है तो कुछ ही दिनों बाद अपकमिंग वीवो स्मार्टफोन सीरीज के टीज़र देखने को मिल सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार वी70 सीरीज के तहत दो स्मार्टफोन मॉडल लाए जाएंगे जो इंडिया में Vivo V70 और Vivo V70 Elite नाम के साथ लॉन्च होंगे। गौरतलब है कि इससे पहले वीवो की वी सीरीज में कभी भी ‘एलिट’ मॉडल नहीं आया है। यह पहली बार होगा जब कंपनी V Series का Elite फोन इंडिया में लॉन्च होगा। वहीं चर्चा है कि वी70 एलिट स्मार्टफोन सीरीज के वनिला मॉडल यानी वी70 की तुलना में अधिक पावरफुल होगा। इन दोनों में ही Qualcomm Snapdragon चिपसेट दिया जा सकता है।
लीक के मुताबिक वीवो वी70 सीरीज के अपकमिंग मोबाइल फोंस को कंपनी ZEISS कैमरा लेंस के साथ लॉन्च करेगी। वीवो वी70 और वी70 एलिट दोनों स्मार्टफोंस में Sony के कैमरा सेंसर्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं मोबाइल फोटोग्राफी के बेहतर बनाने के लिए इनमें AI द्वारा संचालित इमेज-प्रोसेसिंग एल्गोरिदम शामिल किया जा सकता है। लीक की मानें तो वीवो अपनी ‘V70 series’ को “pocket studio” टाइटल के साथ टीज़ करेगी।
लीक स्पेसिफिकेशन्स पर नजर डालें तो Vivo V70 5G फोन को Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 50 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर के साथ 50 मेगापिक्सल ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है। पावर बैकअप के लिए वीवो वी70 में 6,500mAh से लेकर 7,000mAh तक की बैटरी दी जा सकती है और साथ ही 90W फास्ट चार्जिंग तकनीक भी मिल सकती है। लीक के अनुसार यह अपकमिंग वीवो फोन 1.5K OLED डिस्प्ले पर लॉन्च होगा और इसमें IP69 रेटिंग मिलेगी।
Vivo V70 Elite 5G फोन को इंडिया में क्वालकॉम के Snapdragon 8s Gen 3 प्रोसेसर पर लॉन्च किया जा सकता है। पावर बैकअप के लिए इसमें 6500mAh से बड़ी बैटरी और 90W फास्ट चार्जिंग दी जा सकती है। इस मोबाइल में वायरलेस चार्जिंग भी मिल सकती है। वहीं वी70 एलिट के कैमरा सेटअप में 3x Periscope Telephoto कैमरा भी शामिल किया जा सकता है। बहरहाल पुख्ता डिटेल्स के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।