
91मोबाइल्स ने पिछले हफ्ते ही खबर प्रकाशित की थी कि टेक ब्रांड वीवो का नया स्मार्टफोन Vivo Y53s भारतीय बाजार में कदम रख चुका है और ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर बिकना शुरू हो चुका है। वहीं आज कंपनी ने इस फोन की आधिकारिक घोषणा करते हुए वीवो वाई53एस को ऑफिशियली लॉन्च कर दिया है। Vivo Y53s को अब रिटेल स्टोर्स के साथ ही ऑनलाईन शॉपिंग साइट्स से भी 19,490 रुपये की कीमत पर खरीदा जा सकेगा। बता दें कि यह वीवो फोन 8GB RAM, Helio G80 चिपसेट और 5,000mAh Battery सपोर्ट करता है।
Vivo Y53s की स्पेसिफिकेशन्स
वीवो वाई53एस को कंपनी की ओर से 2408 × 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.58 इंच की बड़ी फुलएचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है जो एलसीडी पैनल पर बनी है तथा पी3 कलर गामुट सपोर्ट करती है। Vivo Y53s को प्लास्टिक बॉडी पर बनाया गया है जिसका डायमेंशन 164.00×75.46×8.38एमएम और वज़न 190 ग्राम है। इंडियन मार्केट में यह फोन Deep Sea Blue और Fantastic Rainbow कलर में लॉन्च किया गया है।
Vivo Y53s को एंडरॉयड 11 ओएस पर लॉन्च किया गया है जो फनटच ओएस 11.1 के साथ मिलकर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक का हीलियो जी80 चिपसेट मौजूद है। वीवो वाई53एस को इंडियन मार्केट में 8 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया गया है जिसे 3 जीबी अतिरिक्त एक्सटेंड किया जा सकता है। यानी यह फोन 8GB RAM की पावर से लैस हो सकता है। फोन में 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Vivo Y53s ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.79 अपर्चर वाला 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ एफ/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का बोका लेंस और इतने ही अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए वीवो का यह नया फोन एफ/2.0 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
Vivo Y53s एक डुअल सिम फोन है जो 4G VoLTE सपोर्ट करता है। 3.5एमएम जैक और बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां फोन के साईड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड पावर बटन दिया गया है वहीं पावर बैकअप के लिए यह फोन 5,000एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है। बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 18वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है।























