Yamaha ने पेश किया पावरफुल और स्टाइलिश Electric Scooter, सिर्फ 3.5 सेकेंड में पकड़़ेगा 50 kmph की स्पीड

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2022/01/Yamaha-EMF-e-scooter-1.jpg

भारत के साथ ही पूरी दुनिया में इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर क्रेज पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ गया है। इसी क्रेज का कारण है कि कई कंपनियां एक के बाद एक इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्‍च कर रही हैं। अब इसी क्रम में Yamaha ने अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है। Yamaha ने Gogoro के साथ मिलकर स्वैपेबल बैटरी वाला EMF Electric Scooter फिलहाल ताइवाइन में ही पेश किया है। बता दें कि ईवी स्पेस में गोगोरो के साथ साझेदारी करने से रेडीमेड बैटरी आर्किटेक्चर और बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों के विस्तृत नेटवर्क तक पहुंच सहित कई लाभ मिलते हैं। इसके अलावा भारत में हीरो मोटोकॉर्प ने इलेक्ट्रिक वाहनों और बैटरी स्वैपिंग बुनियादी ढांचे को विकसित करने के लिए गोगोरो के साथ भागीदारी की है।

Yamah EMF Electric Scooter

अगर देखें यामाहा के इस नए ई-स्कूटर को तो यह कंपनी के वर्तमान दोपहिया वाहनों की तुलना में काफी अलग डिजाइन पर लाया गया है। इस नए इलेक्ट्रिक स्कूटर का आक्रामक स्टाइल और लुक इसे काफी खास बनाता है। वहीं, कंपनी ने इस स्कूटर को तीन कलर ऑप्शन- डार्क ब्लैक, डार्क ग्रीन और लाइट ब्लू में पेश किया है। इसके अलावा यामाहा ईएमएफ की कुछ प्रमुख विशेषताओं की बात करें तो इसमें स्टैक्ड डुअल एलईडी हेडलैंप, छेनी वाली प्रोफाइल के साथ फ्लैट फ्रंट एप्रन, ट्रेंडी रियर व्यू मिरर, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, सिंगल पीस सीट और आफ्टरबर्नर-स्टाइल डुअल एलईडी टेल लाइट्स शामिल हैं। स्कूटर में कुछ अनूठी विशेषताएं भी हैं जैसे कि फ्लोरबोर्ड के सेंटर में एक छोटा स्टोरेज का स्पेस है, जिसका उपयोग विभिन्न सामान, कप, बोतल आदि रखने के लिए किया जा सकता है। इसे भी पढ़ें: Electric Scooters की मार्केट हिलाने आ गया ये हाई-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानें क्या है खूबियां

चाबी से नहीं कार्ड से स्टार्ट होगा इलेक्ट्रिक स्कूटर

इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की खास बात है कि यह चाबी के बजाय एक एनएफसी कार्ड से चालू/बंद किया जा सकेगा। इसके अलावा कनेक्टिविटी सुविधाओं की बात करें तो इसे यामाहा ऐप के माध्यम से एक्सेस किया जा सकता है। कुछ प्रमुख कनेक्टिविटी फीचर्स के बारे में आपको जानकारी दें तो इसमें पार्किंग लोकेशन, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन और फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं।

टॉप स्पीड

Yamaha EMF इलेक्ट्रिक स्कूटर में कंपनी ने एक मिड-माउंटेड मोटर का उपयोग किया है जो 3,000 rpm पर अधिकतम 10.30 ps की शक्ति और 2,500 rpm पर 26 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। कंपनी का दावा है कि यह ई-स्कूटर 3.5 सेकेंड में 0 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक स्कूटर की टॉप स्पीड का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इसकी टॉप स्पीड लगभग 100 किमी प्रति घंटे की होगी। इसके अलावा रेंज को लेकर भी कंपनी ने जानकारी नहीं दी है। इसे भी पढ़ें: लॉन्च से पहले सड़कों पर दिखा Yamaha का नया और स्‍टाइलिश Electric Scooter, सिंगल चार्ज में देगा 80km की रेंज

कीमत

ताइवान में Yamaha EMF इलेक्ट्रिक स्कूटर NT$ 102,800 की शुरुआती कीमत (लगभग 2.77 लाख रुपए) में पेश किया गया है। हालांकि, अभी कंपनी ने कोई जानकारी नहीं दी है कि ताइवान से बाहर इंडिया या दूसरे देशों में Yamaha EMF को कब लॉन्च किया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर खबर है कि कंपनी इंडिया में पहले इलेक्ट्रिक वाहन के रूप में E01 ई-स्कूटर को पेश कर सकती है, जिसे हाल ही में रोड टेस्ट में स्पॉट किया गया था। इतना ही नहीं Yamaha पहले ही भारतीय बाजार के लिए E01 और EC-05 नामों का ट्रेडमार्क करा चुकी है।