
साल 2018 अपने अंतिम पड़ाव में है और नया साल आने वाला है। 2018 तकनीक के क्षेत्र में काफी खास रहा है। स्मार्टफोन व गैजेट्स के साथ ही इंटरनेट के बढ़ते जाल ने भी साल 2018 को नए मुकाम पर पहुॅंचाया है। इंटरनेट के जरिये यूट्यूब, व्हाट्सऐप व फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर अनेंको लोग सेलेब्रेटी बने तथा कई ऐसी वीडियोज़ वायरल हुई जिन्होंने लोगों के ज़ेहन में अलग छाप छोड़ी है। यूट्यूब पर बने चैनल्स की एक ऐसी ही लिस्ट अमेरिकी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स ने जारी की है जिसमें साल 2018 में सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप 10 यूट्यूबर्स को शामिल किया गया है। आपको जानकारी हैरानी होगी कि लिस्ट में सबसे पहला नाम एक 7 साल के बच्चे का है।
फोर्ब्स ने टॉप 10 यूट्यूबर्स आॅफ 2018 की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में उन यूट्यूबर्स का नाम शामिल है जिन्होंन अपने चैनल के माध्यम से सबसे ज्यादा पैसे कमाए हैं। इस लिस्ट में सबसे पहला नाम एक 7 साल के बच्चे है। इस बच्चे का नाम रेयान है और इसके यूट्यूब चैनल का नाम ‘रेयान टॉय रिव्यू’ है। यूट्यूब से होने वाली इस बच्चे की सालाना इनकम सुनकर शायद आपके होश उड़ सकते हैं। क्योंकि यूट्यूब के जरिये इस बच्चे की होने वाली कमाई 1,54,84,00,000 रुपये है, यानि तकरीबन 155 करोड़ रुपये। और यह कमाई सिर्फ एक वर्ष यानि साल 2018 की है।
रेयान अपने यूट्यूब चैनल पर खिलौनों का रिव्यू करता है और सिर्फ एक साल में इस 7 साल के बच्चे ने 155 करोड़ रुपये कमाए हैं। आपको बता दें कि टॉप 10 यूट्यूबर्स की लिस्ट में रेयान का नाम पिछले साल 8वें नंबर पर था। फोर्ब्स की इस टॉप 10 कमाई वाले यूट्यूबर्स की लिस्ट में 10वें नंबर पर आए यूट्यूबर की कमाई 102 करोड़ आंकी गई है। वहीं अगर सभी 10 यूट्यूबर्स की कुल कमाई की बात करें तो सिर्फ इन 10 लोगों ने पूरे साल में यूट्यूब से 1 हजार 270 करोड़ रुपये कमाए हैं।
इन 10 यूट्यूबर्स की 1,270 करोड़ रुपये की कुल कमाई जो पिछले साल की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक बताई गई है। गौरतलब है कि टॉप 10 की लिस्ट में जैक पॉल, डूड परफेक्ट, डैनटीडीएम, जैफरी स्टार, मार्किपलायर, वानोस गेमिंग, जेकसैपटिकआई, प्यूडीपाई और लोगन पॉल शामिल है। लगे हाथ सबसे ज्यादा यूट्यूब सब्सक्राइबर्स पाने वाले चैनल्स की बात करें तो इसमें पहला नाम प्यूडीपाई का है जिसके 73,587,229 सब्सक्राइबर्स है। वहीं गर्व की बात यह है कि भारतीय कंपनी टी-सीरीज़ दुनिया की दूसरी सबसे ज्यादा यूट्यूब सब्सक्राइबर्स पाने वाली कंपनी है। टी-सीरीज़ ने इस साल 73,452,416 सब्सक्राइबर्स का आंकड़ा पार कर लिया है, जो पहले नंबर के बेहद करीब है।




















Comments are closed.