Honor 700S 5G फोन 200MP कैमरा और 9000mAh बैटरी के साथ चीन में लॉन्च, इसके बैक पैनल पर भी है AMOLED डिस्प्ले

ऑनर ने अपनी होम मार्केट चीन में नई ‘700 सीरीज’ पेश की है। इस सीरीज में Honor 700, Honor 700 Pro और Honor 700S स्मार्टफोन शामिल हैं। ऑनर 700 और 700 प्रो की डिटेल्स यहां क्लिक कर पढ़ी जा सकती हैं वहीं सीरीज के सबसे किफायती मॉडल Honor 700S की जानकारी आगे दी गई है। यह 5G फोन 200MP Camera, 9000mAh बैटरी और AMOLED डिस्प्ले सपोर्ट करता है जिसके बैक पैनल पर भी छोटी स्क्रीन लगी है।
Honor 700S स्पेसिफिकेशन्स (चीन)
ऑनर 700एस 5जी फोन में 2728 x 1264 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.57 इंच की 1.5K AMOLED डिस्प्ले दी गई है। इस स्क्रीन पर 120Hz रिफ्रेश रेट, 3840Hz PWM डिमिंग और 8000nits पीक ब्राइटनेस मिलती है। वहीं मोबाइल के बैक पैनल पर 1.59 इंच की AMOLED रियर डिस्प्ले दी गई है। इस पर नोटिफिकेशन्स देखे जा सकते हैं और बैक कैमरा से सेल्फी लेते समय व्यूफाइंडर की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन की बैक स्क्रीन पर कस्टमाइजेशन और विजेट्स का सपोर्ट भी मिलता है।
Honor 700S 5G फोन एंड्रॉयड 17 आधारित MagicOS 11 पर लाया गया है। प्रोसेसिंग के लिए इसमें Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट दिया गया है। यह 4 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.8 GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए फोन में Adreno 722 जीपीयू दिया गया है। चीन में इस ऑनर फोन को 12GB RAM पर लॉन्च किया गया है जो 256GB व 512GB स्टोरेज सपोर्ट करता है। वहीं कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6, Bluetooth 5.4 और NFC जैसे फीचर्स मिलते हैं।
फोटोग्राफी के लिए ऑनर 700एस 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.9 अपर्चर वाला 200 मेगापिक्सल का मेन OIS सेंसर दिया गया है जो एफ/2.2 अपर्चर वाले 12 मेगापिक्सल ultra-wide + macro सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह मोबाइल 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जो एफ/2.0 अपर्चर पर काम करता है। फोन के फ्रंट और बैक दोनों कैमरा से 4K वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है।
पावर बैकअप के लिए Honor 700S स्मार्टफोन में 9,000mAh बैटरी दी गई है। इसे तेजी से चार्ज करने के लिए 80W SuperCharge फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट मौजूद है। यह स्मार्टफोन IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ आता है, जो इसे धूल और पानी से बचाने में मदद करता है। गौरतलब है कि इस ऑनर फोन में PPG सेंसर भी दिया गया है, जिसकी मदद से हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन और हार्ट रेट वैरिएबिलिटी जैसी चीजें चेक की जा सकती है। हालांकि ये कितनी सटीक हैं या मेडिकल तौर पर कितनी भरोसेमंद हैं, इस बारे में कुछ पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता है।
Honor 700S के साथ कंपनी ने रियर स्क्रीन वाले इंडस्ट्री ट्रेंड को फॉलो किया है। ऑनर 700 सीरीज के तीनों स्मार्टफोंस के बैक पैनल पर छोटी सी सेकेंडरी डिस्प्ले लगाई गई है। यह डिजाइन इन्हें अन्य स्मार्टफोंस से कुछ अलग भी बनाता है। वहीं 9,000mAh बैटरी के साथ लंबा बैकअप देने वाले स्मार्टफोंस और 200 मेगापिक्सल सेंसर के साथ हाई रेजोल्यूशन कैमरा वाले मोबाइल्स की लिस्ट में भी Honor 700S 5G शुमार होने की कोशिश करता है। यह स्मार्टफोन उन यूजर्स के लिए बेहतर विकल्प बन सकता है जिन्हें रियर डिस्प्ले और बड़ी बैटरी जैसे फीचर्स चाहिए। हालांकि फ्लैगशिप लेवल परफॉर्मेंस की उम्मीद करने वाले यूजर्स को ऑनर 700एस के साथ समझौता करना पड़ सकता है। वहीं फोन में Telephoto कैमरा ना होना भी कई यूजर्स को निराश कर सकता है।
Honor 700S प्राइस (चीन)
ऑनर 700एस 12GB RAM वाला 5G फोन है जो चाइना में दो स्टोरेज वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। इसके 256GB मेमोरी वाले बेस वेरिएंट का प्राइस 3599 युआन यानी इंडियन करंसी अनुसार तकरीबन 50 हजार रुपये है। वहीं 512GB स्टोरेज वेरिएंट को 3899 युआन यानी 54 हजार रुपये के करीब है। चीन में यह फोन Clear sky, Cold White, Powder mist और Blues कलर में बिकेगा।
तकरीबन 3 साल से भारत में ऑनर की नंबर सीरीज लॉन्च नहीं हुई है। लिहाजा Honor 700S इंडिया लॉन्च की भी पुष्टि अभी नहीं की जा सकती है। लेकिन अगर आप 50 हजार की रेंज में कोई नया स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं तो इस बजट में iQOO 15R स्मार्टफोन Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर, 7600mAh बैटरी और 100W चार्जिंग देता है। इसी तरह Motorola Edge 70 Max में Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर और 7,100mAh बैटरी मिलती है। इस रेंज में बड़ी बैटरी वाला फोन ढूंढ रहे हैं तो 10,000mAh बैटरी और 100W चार्जिंग से लैस Redmi Note 17 Pro Max को चेक किया जा सकता है। वहीं बेहतर फोटोग्राफी के लिए 50MP Front कैमरा वाला vivo V70 Elite कंसिडर किया जा सकता है।