
लंबे समय तक नोकिया के फोन बनाने वाली टेक कंपनी एचएमडी ग्लोबल इस महीने इंडिया में अपना खुद का स्मार्टफोन लेकर आ रही है। कंपनी की ओर से बताया जा चुका है कि वह 21 मई को HMD Vibe 2 5G फोन भारत में लॉन्च करेगी। यह सस्ता 5जी फोन होगा जिसके बाजार में आने से पहले ही इसकी कीमत इंटरनेट पर लीक हो गई है। एचएमडी वाइब 2 की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी भी सामने आई है जिन्हें आप आगे पढ़ सकते हैं।
HMD Vibe 2 प्राइस टिपस्टर अभिषेक यादव द्वारा शेयर किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए बताया गया है कि यह एक लो बजट 5जी स्मार्टफोन होगा जो तीन मेमोरी वेरिएंट्स में आएगा। लीक के मुताबिक HMD Vibe 2 5G फोन 8,999 रुपये में लॉन्च किया जाएगा। यह स्मार्टफोन का स्टार्टिंग प्राइस होगा जिसमें 4GB RAM + 64GB Storage मिलेगी।
लीक के अनुसार एचएमडी वाइब 2 5जी फोन के 4GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट को 9,999 रुपये में लॉन्च किया जाएगा। लीक में बताया गया है कि स्मार्टफोन के टॉप वेरिएंट को 6GB RAM + 128GB Storage के साथ लाया जाएगा और इसका प्राइस 10,999 रुपये होगा। अगर लीक सही साबित होता है तो सस्ता 5जी स्मार्टफोन की चाह रखने वाले लोगों के लिए HMD Vibe 2 5G बेहतर ऑप्शन बन सकता है।
HMD Vibe 2 5G के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो कंपनी की ओर से कंफर्म किया जा चुका है कि यह बड़ी बैटरी वाला मोबाइल इंडियन मार्केट में 6000mAh battery पर लॉन्च किया जाएगा। वहीं स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 18W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट भी मिलेगा।
कंपनी की ओर से कैमरा मॉड्यूल की जानकारी भी दी जा चुकी है। यह अपकमिंग 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया जो सेकेंडरी एआई लेंस के साथ मिलकर काम करेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए HMD Vibe 2 5G फोन 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
वहीं लीक्स की मानें तो एचएमडी वाइब 2 5जी फोन Unisoc T8200 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.1गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। लीक में यह डिटेल भी सामने आ गई है कि HMD Vibe 2 भारत में 4जीबी रैम और 6जीबी रैम पर बिकेगा।
डिस्प्ले की बात करें तो एचएमडी वाइब 2 5जी फोन को 6.75-इंच की एचडी+ स्क्रीन पर लॉन्च किया जा सकता है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन होगी जिसे एलसीडी पैनल पर बनाया जाएगा। इस डिस्प्ले पर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जा सकता है। लीक की मानें तो यह एचएमडी का सस्ता 5जी फोन IP64 रेटिंग के साथ लाया जा सकता है।











