
Huawei ने भारत में अपने ओपन-ईयर FreeClips ईयरबड्स को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है, जिससे कंपनी ने अपने ग्लोबल ऑडियो पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। इस ओपन-ईयर डिजाइन को आराम, बहुपयोगिता और एडवांस फीचर्स के बेहतरीन संयोजन के रूप में पेश किया गया है। जैसा कि नाम से स्पष्ट है, Huawei FreeClips का डिजाइन काफी अनोखा है, जो बाजार में मौजूद सामान्य वायरलेस ईयरबड्स से काफी अलग दिखता है। इसमें C-bridge तकनीक है, जिसमें एक सिरे पर स्पीकर होता है और दूसरा सिरा आपके कान के बाहरी हिस्से पर टिकने के लिए ग्रिप का काम करता है।
Huawei FreeClips में ओपन-ईयर डिजाइन दिया गया है, जिसका मतलब है कि ये ईयरबड्स पूरी तरह से आपके कान की नली (ear canal) में फिट नहीं होते। इस के साथ एक फायदा भी है और एक नुकसान भी। फायदा यह है कि चूंकि ये आपके कान को पूरी तरह बंद नहीं करते, इसलिए आप अपने आसपास की आवाजों से जुड़े रहते हैं और बाहर की हलचल सुन सकते हैं। लेकिन नुकसान यह है कि इसके कारण इनमें नॉइज कैंसलेशन नहीं होता, जिससे आपको बाहरी शोर सुनाई देता रहेगा। हालांकि, Huawei का कहना है कि FreeClips में एक उन्नत माइक्रोफोन सिस्टम दिया गया है, जो मल्टी-चैनल डीप न्यूरल नेटवर्क (DNN) एल्गोरिद्म का इस्तेमाल करता है। इसकी मदद से यह सिस्टम आसपास के शोर को प्रभावी रूप से कम करता है और आपकी आवाज की स्पष्टता सुनिश्चित करता है।

Huawei पहली कंपनी नहीं है जिसने ओपन-ईयर डिजाइन पेश किया है। इससे पहले भी हमने कुछ हद तक ऐसा डिजाइन Galaxy Buds Live में देखा है, जो दिखने में किडनी बीन्स जैसे लगते हैं। हालांकि, जो डिजाइन में सबसे ज्यादा Huawei FreeClips के करीब हैं, वो हैं Noise Air Clips, जिनमें भी एक C-शेप डिजाइन देखने को मिलता है। बता दें कि Noise Air Clips की कीमत ₹3,999 है, जो कि काफी सस्ती है। वहीं, Huawei FreeClips की कीमत ₹14,999 रखी गई है।

इन ईयरबड्स में सेल्फ-एडैप्टिव लेफ्ट-राइट ऑडियो चैनल्स की सुविधा भी दी गई है, जिससे यूजर्स किसी भी ईयरबड को किसी भी कान में पहन सकते हैं, जिससे इस्तेमाल में ज्यादा लचीलापन और सुविधा मिलती है। हर ईयरबड में एक 10.8mm का डुअल-मैग्नेट हाई-सेंसिटिव ड्राइवर यूनिट दी गई है, जिसे एक डायनामिक बेस एल्गोरिद्म के साथ जोड़ा गया है। इसका परिणाम है क्लियर वोकल्स और गहरे, दमदार बेस, जो ऑडियो अनुभव को और बेहतर बनाते हैं।
Huawei FreeClips को लेकर दावा किया गया है कि ये लगातार 8 घंटे तक का म्यूजिक प्लेबैक दे सकते हैं और चार्जिंग केस के साथ कुल 36 घंटे तक की बैटरी लाइफ मिलती है। यह फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है, जिससे सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में आपको लगभग 3 घंटे तक का लिसनिंग टाइम मिल सकता है। Huawei FreeClips में आपको सभी हिस्सों पर जेस्चर कंट्रोल्स मिलते हैं चाहे वह ‘Acoustic Ball’ हो, ‘C-bridge’ हो या ‘Comfort Bean’, हर हिस्से पर टच कंट्रोल काम करता है।सबसे दिलचस्प फीचर है इसका हेड मोशन कंट्रोल सपोर्ट। इसका मतलब है कि आप सिर्फ सिर हिलाकर कॉल रिसीव या रिजेक्ट कर सकते हैं यानी सिर हिलाना (nod) कॉल उठाने के लिए और सिर घुमाना (shake) कॉल काटने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
Huawei FreeClips में डुअल-डिवाइस कनेक्टिविटी का सपोर्ट मिलता है, जिसका मतलब है कि ये एक साथ दो डिवाइसों से कनेक्ट रह सकते हैं। आप इन्हें iOS, Android, और Windows डिवाइसेज के साथ आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं। ये ईयरबड्स अब Amazon India और rtcindia.net पर उपलब्ध हैं और इनकी कीमत ₹14,999 है। वहीं, इसे Beige, Purple, और Black रंगों में खरीदा जा सकता है।









