
इंडियन मोबाइल कंपनी लावा इन दिनों काफी अग्रेसिव नजर आ रही है। पिछले हफ्तों में कंपनी दो सस्ते 5जी फोन Lava Bold N2 5G और Lava Shark 2 5G लॉन्च कर चुकी है। वहीं अब ब्रांड द्वारा एक नया मोबाइल Lava Smart 4 Plus भी भारतीय बाजार में उतार दिया है। यह 10 हजार से कम का स्मार्टफोन है जो स्टाइलिश लुक और शानदार स्पेसिफिकेशन्स से लैस है। इस लो बजट मोबाइल फोन की फुल डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Lava Smart 4 Plus प्राइस
लावा स्मार्ट 4 प्लस को ऑफलाइन मार्केट में उतार दिया गया है। इंडस्ट्री सोर्स से मिली जानकारी के अनुसार लावा स्मार्ट 4 प्लस इंडिया में 9,999 रुपये में सेल के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। यह मोबाइल सिंगल मेमोरी वेरिएंट में लाया गया है जिसमें 4GB RAM + 64GB Storage दी गई है। Lava Smart 4 Plus एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी से लैस है।
यह तकनीक स्मार्टफोन की 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर इसे 8GB RAM की पावर (4जीबी+4जीबी) दे सकती है। वहीं इस मोबाइल में 256जीबी का मेमोरी कार्ड भी लगाया जा सकता है। यह सस्ता स्मार्टफोन लावा स्मार्ट 4 प्लस रिटेल स्टोर्स और मोबाइल की दुकान से Himalayan Silver और Nilgiri Blue कलर में खरीदा जा सकता है।
Lava Smart 4 Plus स्पेसिफिकेशन्स
लावा स्मार्ट 4 प्लस 4जी फोन को Android 15 Go एडिशन पर लाया गया है। एंड्रॉयड गो होने के चलते इसमें गूगल गो ऐप्स को डाउनलोड और इंस्टाल किया जा सकता है। ये ऐप्लिकेशन मोबाइल में कम स्टोरेज घेरती है और इंटरनेट डेटा भी कम खर्च करती है। वहीं गूगल गो ऐप्स हल्के प्रोसेसर पर भी बिना लैग किए स्मूथ काम कर सकती है।
Lava Smart 4 Plus को Unisoc SC9863A चिपसेट पर लाया गया है। यह ऑक्टा-कोर प्रोसेसर 1.2गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 1.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। कनेक्टिविटी के लिए इस फोन में बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही 3.5mm हेडफोन जैक, एफएम और OTG जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

पावर बैकअप के लिए लावा स्मार्ट 4 प्लस 4जी को 5000mAh बैटरी से लैस किया गया है। मौजूदा बड़ी बैटरी वाले ट्रेंड में यह कुछ छोटी लग सकती है। हालांकि ब्रांड का दावा है कि फुल चार्ज के बाद इसपर लगातार 615 मिनट यानी 10.25 घंटे तक Youtube वीडियोज़ चलाई जा सकती है। वहीं इस सस्ते लावा फोन में 14 दिन से ज्यादा का स्टेंडबॉय टाइम मिल सकता है। फोन फास्ट चार्ज करने के लिए इसमें 10W सपोर्ट मौजूद है।
लावा स्मार्ट 4 प्लस 4जी स्मार्टफोन 20:9 आस्पेक्ट रेश्यो पर बना है जिसमें 720 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.75-इंच की एचडी+ डिस्प्ले दी गई है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन है जिसपर 90Hz रिफ्रेश रेट सहित, 260PPI और 16M कलर सपोर्ट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसपर 2.5D Glass लेयर भी चढ़ाई गई है। बताते चलें कि यह मोबाइल IP64 रेटिंग वाला है, जो इसे पानी की बौछारों से सुरक्षित रखने में मदद करती है।

फोटोग्राफी के लिए Lava Smart 4 Plus 4G फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 13 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी एआई लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह लावा स्मार्टफोन 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। यह सस्ता फोन साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक फीचर सपोर्ट करता है।









