
लो बजट सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के बाद अब इंडियन मोबाइल कंपनी लावा का निशाना मिड बजट सेगमेंट पर है। इसी सप्ताह लावा ने 4जी मोबाइल फोंस के लिए नई Smart series पेश की है। वहीं अब बेहद जल्द कंपनी मिडबजट सेग्मेंट में भी नई स्मार्टफोन सीरीज लेकर आने वाली है। 91मोबाइल्स को इस अपकमिंग लावा स्मार्टफोन सीरीज की जानकारी स्वयं कंपनी के प्रोडक्ट हेड ने दी है और आने वाले लावा फोन के खास फीचर्स के बारे में भी बताया है।
लावा की नई स्मार्टफोन सीरीज
लावा कंपनी बेहद जल्द भारत में एक नई स्मार्टफोन सीरीज की शुरुआत करने वाली है जिसकी जानकारी हमें लावा इंटरनेशनल प्रोडक्ट हेड सुमित सिंह से प्राप्त हुई है। ब्रांड की ओर से हालांकि अभी ऑफिशियल तौर पर इस अपकमिंग मोबाइल सीरीज का टाइटल या सीरीज में लॉन्च होने स्मार्टफोन का नाम नहीं बताया गया है। लेकिन यह जरूर साफ कर दिया गया है कि जुलाई-अगस्त के दौरान इस नई Lava Smarphone series को बाजार में उतार दिया जाएगा।
20 हजार की रेंज का गेमिंग फोन
लावा की अपकमिंग स्मार्टफोन सीरीज को मिडबजट सेगमेंट में लाया जाएगा। कंपनी प्रोडक्ट हेड के अनुसार सीरीज में पेश होने वाले पहले 5जी फोन की कीमत 20,000 रुपये से 25,000 रुपये के बीच रखी जाएगी। यह लावा मोबाइल मिड रेंज में बढिया गेमिंग एक्सपीरियंस देने की कोशिश करेगा जिसे खासतौर पर इस प्राइस सेगमेंट में बेहतर परफॉर्मेंस देने के लिए डिजाइन किया जा रहा है।

इन स्मार्टफोन सीरीज में लॉन्च होने वाले इस Lava 5G Mobile में LPDDR5 RAM का इस्तेमाल किया जाएगा। यह रैम टेक्नोलॉजी हैवी गेमिंग को स्मूथली हैंडल कर सकती है और लैगफ्री परफॉर्मेंस प्रदान करती है। वहीं साथ ही यह रैम स्मार्टफोन मल्टीटास्किंग को फास्ट बनाती है और एक साथ कई ऐप्स को बिना परेशानी बैकग्राउंड में रन किया जा सकता है।
6 नए स्मार्टफोन लाएगी लावा
लावा की नई स्मार्टफोन सीरीज की जानकारी देने के साथ ही ब्रांड के प्रोडक्ट हेड सुमित सिंह ने 91मोबाइल्स को बताया है कि, कंपनी साल 2026 की दूसरी छमाही में तकरीबन 6 नए स्मार्टफोन इंडिया में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ये सभी स्मार्टफोन कीमत के मामले में काफी अग्रेसिव होंगे जो अपने कंपटीशन ब्रांड की तुलना में कम रेट पर ही लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी अधिकारी के मुताबिक इन 6 अपकमिंग स्मार्टफोंस में कुछ मॉडल 20 हजार से कम की प्राइस रेंज में मार्केट में उतारे जाएंगे।
Lava Smart 4 Plus
लावा ने भारतीय बाजार में नई ‘स्मार्ट’ सीरीज की शुरुआत कर दी है जो खासतौर पर 4जी मॉडल्स के लिए बनाई गई है। सीरीज के तहत सबसे पहले Lava Smart 4 Plus स्मार्टफोन लॉन्च हुआ जिसका प्राइस 9,999 रुपये है। यह सस्ता स्मार्टफोन Unisoc SC9863A चिपसेट पर काम करता है जिसे Android 15 Go एडिशन पर लाया गया है। पावर बैकअप के लिए इसमें 5000mAh बैटरी दी गई है जिसके साथ 10W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मौजूद है। इस फोन में 3.5mm हेडफोन जैक, एफएम और OTG जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।

Lava Smart 4 Plus 4G में 6.75-इंच की एचडी+ डिस्प्ले दी गई है जिसपर 90Hz रिफ्रेश रेट सहित, 260PPI और 16M कलर सपोर्ट मिलता है। यह मोबाइल IP64 रेटिंग वाला है, जो पानी की बौछारों से फोन को सुरक्षित रखने में मदद करती है। फोटोग्राफी के लिए Lava Smart 4 Plus 4G फोन 13 मेगापिक्सल रियर कैमरा सपोर्ट करता है और फ्रंट पर 8 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर मौजूद है।









