
वनप्लस का सबसे सस्ता स्मार्टफोन आज इंडिया में लॉन्च हो गया है। कंपनी की ओर से OnePlus N6 भारतीय बाजार में उतार दिया गया है जो ‘5G फोन अंडर 25000’ की कैटेगरी में पेश हुआ है। वनप्लस एन6 में बड़ी 8000mAh battery, 50MP Camera, 6GB RAM और Dimensity 6360 Apex प्रोसेसर की ताकत दी गई है। नए 5जी फोन OnePlus N6 का प्राइस, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
OnePlus N6 प्राइस
वनप्लस एन6 का प्राइस 22,999 रुपये है। यह स्मार्टफोन के 4GB RAM + 128GB Storage वाले बेस वेरिएंट की कीमत है। वहीं मोबाइल के बड़े वेरिएंट को 6GB RAM + 128GB Storage पर लॉन्च किया गया है जिसकी कीमत 24,999 रुपये है। शुरुआती सेल में कंपनी इस सस्ते 5जी फोन पर 2,000 रुपये का बैंक डिस्काउंट देगी। वहीं 4 जुलाई से 6 जुलाई के बीच अमेजन से फोन खरीदने पर 1,000 रुपये की एक्स्ट्रा छूट भी मिलेगा। यानी ऑफर के साथ OnePlus N6 5G फोन 19,999 रुपये का पड़ेगा।

OnePlus N6 स्पेसिफिकेशन्स
वनप्लस एन6 5जी फोन को 1570 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.8-इंच की एचडी डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह IPS LCD पैनल पर बनी पंच-होल स्क्रीन है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट, 401ppi और 1200nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। यह स्मार्टफोन MIL-STD-810H सर्टिफाइड मिलिट्री ग्रेड बॉडी पर लाया गया है जो इसे मजबूती प्रदान करती है। वहीं पानी से फोन बचाने के लिए इसमें IP65 रेटिंग दी गई है।
OnePlus N6 5G फोन एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च हुआ है जो OxygenOS 16 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना MediaTek Dimensity 6360 Apex ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका AnTuTu Score 588319 आ चुका है। हैवी परफॉर्मेंस के लिए इस डिवाइस को ठंडा रखने के लिए 5300mm Vapor Chamber Cooling सिस्टम दिया गया है।

फोटोग्राफी के लिए यह वनप्लस एन6 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी एआई अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह वनप्लस का 5जी फोन 8 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर सपोर्ट करता है।
OnePlus N6 कंपनी का बड़ी बैटरी वाला फोन है। पावर बैकअप के लिए इसे तगड़ी 8000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद यह नॉर्मल यूज में 3 दिन निकाल सकती है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका PCMark battery बेंचमार्क स्कोर 19 घंटे, 17 मिनट का आया है। बताते चलें कि यह वनप्लस फोन 7 साल की बैटरी हेल्थ के साथ लाया गया है।

वनप्लस एन6 को कंपनी ने Bypass Charging टेक्नोलॉजी से चार्ज किया है। यह तकनीक हैवी परफॉर्मेंस या गेमिंग के दौरान मोबाइल का चार्ज करने पर, करंट बैटरी की बजाय सीधे मदरबोर्ड की ओर ट्रांसफर कर देती है जिससे बैटरी हीट नहीं होती है। OnePlus N6 को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 45W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट दिया गया है। साथ ही इस स्मार्टफोन में 5W Reverse चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी दी गई है।









