
नथिंग कंपनी अपना नया मोबाइल लेकर आ रही है जो इस बार ‘a’ नहीं बल्कि ‘b’ टाइटल के साथ आएगा। आने वाली 7 जुलाई को Nothing Phone 4b इंडिया में लॉन्च होगा। यह मिडबजट 5G फोन होगा जिसे 25 हजार से 35 हजार की रेंज में लाया जा सकता है। कंपनी की ओर से हालांकि अभी इस स्मार्टफोन की स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया गया है। लेकिन एक ताजा लीक में नथिंग फोन 4बी की फुल स्पेक्स लॉन्च से पहले ही सामने आ गई है।
Nothing Phone 4b स्पेसिफिकेशन्स (लीक)
नथिंग फोन 4बी को लेकर बताया गया है कि यह मोबाइल Snapdragon 6 Gen 4 चिपसेट पर लॉन्च होगा। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.3गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। लीक की मानें तो यह मोबाइल एंड्रॉयड 16 पर आएगा और लेटेस्ट Nothing OS के साथ काम करेगा।
Nothing Phone 4b को LPDDR4X RAM पर लॉन्च किया जा सकता है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाए रखने में मदद करेगा। लीक के अनुसार यह 8GB RAM वाला 5G फोन बनकर इंडियन मार्केट में आएगा और 128GB व 256GB मेमोरी वेरिएंट्स में सेल के लिए उपलब्ध होगा। इस नए नथिंग फोन UFS 2.2 storage पर पेश किया जा सकता है।

लीक के अनुसार पावर बैकअप के लिए इस अपकमिंग नथिंग फोन को 6000mAh battery के साथ लॉन्च किया जाएगा। गौरतलब है कि अभी तक कोई भी नथिंग का फोन इंडिया में इतनी बड़ी बैटरी पर नहीं आया है। यानी अगर लीक सही साबित होता है तो Nothing Phone 4b ब्रांड का सबसे बड़ी बैटरी वाला फोन हो सकता है। वहीं ग्लोबल मार्केट में इस फोन को भारतीय बाजार की तुलना में कुछ छोटी बैटरी पर लाया जा सकता है।
Nothing Phone 4b में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। सामने आए लीक के अनुसार इसमें 50 मेगापिक्सल मेन OIS सेंसर दिया जाएगा जिसके साथ 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस मौजूद रहेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए नथिंग फोन 4बी में 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिए जाने की बात लीक में सामने आई है।

लीक डिटेल्स के अनुसार नया नथिंग फोन 4बी 6.7-इंच स्क्रीन पर लॉन्च किया जाएगा जो फुलएचडी+ रेजोल्यूशन वाली होगी। यह फ्लैट पैनल वाली AMOLED डिस्प्ले बताई जा रही है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलेगी। लीक के मुताबिक कंपनी इस नए 5जी फोन को इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस कर भारतीय बाजार में उतारेगी।
Nothing Phone 4b 5G फोन में ब्रांड के अन्य मोबाइल्स की ही तरह Glyph lights देखने को मिल सकती है। वहीं डिवाइस को पानी से बचाने के लिए इसमें IP64 या IP65 रेटिंग दी जा सकती है। कहा जा रहा है कि यह स्मार्टफोन इंडिया में Black, White और Blue कलर में बिकेगा। बहरहाल Nothing Phone 4b प्राइस और स्पेक्स की कंफर्म डिटेंल्स के लिए 7 जुलाई का इंतजार करना होगा।









