Redmi Turbo 5 रिव्यू : गेमिंग में शानदार है

Join Us icon

Xiaomi के Redmi सीरीज की जब भी बात आती है तो हमेशा हम एक ऑलराउंडर स्मार्टफोन की आशा करते हैं। एक ऐसा फोन जो न सिर्फ डिजाइन में बल्कि परफॉर्मेंस में भी बेहतर हो। हालांकि रेडमी में सबसे ज्यादा पॉपुलर नोट सीरीज है, लेकिन इस बार कंपनी ने अपने परफॉर्मेंस सेंट्रिक फोन Redmi Turbo 5 को भी भारत में उतारा है। लॉन्च के साथ ही इस फोन को लेकर काफी चर्चा भी है। लोग खासकर इस फोन के गेमिंग परफॉर्मेंस के बारे में जानना चाहते हैं। रिव्यू के लिए हमारे पास जब यह फोन आया तो हमने परीक्षण के दौरान हरेक फीचर को जांचा। परंतु गेमिंग और बेंचमार्क को विशेष तौर पर परखा है, जिससे कि यूजर्स के सवालों का जवाब दे सकें। रिव्यू की शुरुआत भी हमने इसी से की है।

परफॉर्मेंस: गेमिंग के लिए बढ़िया

redmi-turbo-5-review-in-hindi

Redmi Turbo 5 को कंपनी ने MediaTek Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर पर पेश किया है। इस प्रोसेसर पर पहले भी हम POCO X8 Pro और Xiaomi 17T जैसे फोन देख चुके हैं, जो परफॉर्मेंस के मामले में काफी अच्छे हैं। वहीं फोन में 8GB और 12GB की रैम मेमोरी दी गई है। कंपनी ने LPDDR5X रैम तकनीक का उपयोग किया है। स्टोरेज के लिए 256GB का ऑप्शन उपलब्ध है, जो UFS 4.1 स्टोरेज तकनीक से लैस है।

चूंकि यह परफॉर्मेंस वाला फोन है, ऐसे में Redmi Turbo 5 में कंपनी ने 3D Ice Loop Cooling सिस्टम का उपयोग किया है, जो 5,300 mm² का है। वहीं खास बात यह कही जा सकती है कि कंपनी ने स्टेनलेस स्टील लेयर और Graphite लेयर का उपयोग किया है। इस कूलिंग सिस्टम के बारे में कंपनी का दावा है कि ट्रेडिशनल वेपर चैंबर के मुकाबले यह तीन गुना बेहतर थर्मल मैनेजमेंट देता है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

फोन के उपयोग के दौरान हमने चेक किया और पाया कि यह तकनीक वास्तव में स्मार्टफोन के रोजाना उपयोग के दौरान स्मूथ परफॉर्मेंस देने में मदद करती है। हालांकि कई बार मुझे गेम खेलने के दौरान कैमरे के आस-पास थोड़ी हीट महसूस हुई। हो सकता है कि यह सॉफ्टवेयर अपडेट से ठीक हो जाए, लेकिन फिलहाल यह थोड़ा गर्म हो रहा था।

अपने टेस्ट के दौरान हमने इस फोन में BGMI और COD Mobile जैसे हैवी ग्राफिक्स वाले गेम खेले, जहां यह बेहतर परफॉर्म कर रहा था। सबसे खास बात यह रही कि जब हमने इसमें Wild Boost ऑन किया, तो यह फोन 120fps की गेमिंग परफॉर्मेंस दे रहा था। बहुत कम ही फोन में इस तरह का स्टेबल परफॉर्मेंस हमने देखा है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

फोन की टेस्टिंग के दौरान हमने इसमें Burnout और CPU Throttling जैसे बेंचमार्क रन किए, जो फोन के प्रोसेसर पर अतिरिक्त लोड के साथ CPU की क्षमता को जांचते हैं। टेस्ट के दौरान फोन का तापमान 14 डिग्री तक बढ़ गया था, लेकिन फिर भी टास्क को मैनेज करने में OnePlus Nord 6 और Motorola Edge 70 Pro 5G से कहीं बेहतर साबित हुआ। Redmi Turbo 5 ने 50 प्रतिशत के आसपास स्कोर किया, जबकि बाकी फोन 45 प्रतिशत या उससे नीचे ही रहे।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

थ्रॉटलिंग के साथ ही हमने फोन में परफॉर्मेंस बेंचमार्क रन किया, जहां AnTuTu बेंचमार्क पर यह फोन 21,35,669 तक गया। गौरतलब है कि AnTuTu बेंचमार्क फोन का ओवरऑल परफॉर्मेंस बताता है और इस मामले में रेडमी थोड़ा पीछे रहा। फोन का सबसे नजदीकी प्रतियोगी OnePlus Nord 6, 23 लाख से ज्यादा का स्कोर करने में सफल रहा।

वहीं Geekbench पर यह फोन सिंगल-कोर में 1,725 और मल्टी-कोर में 6,657 तक का स्कोर करने में सफल रहा। कुल मिलाकर कहें तो परफॉर्मेंस के मामले में यह कहीं भी पीछे नहीं था।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

फोन के कोर परफॉर्मेंस के बाद यदि बैटरी की बात करते हैं, तो यहां भी यह डिवाइस आपको निराश नहीं करता है। फोन में 7,540mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 100W हाइपरचार्ज के साथ आती है। फोन की टेस्टिंग के दौरान हमने इस पर PCMark बैटरी बेंचमार्क टेस्ट किया, जहां यह फोन अच्छा परफॉर्म कर रहा था। PCMark टेस्ट फोन में अलग-अलग तरह के कंटेंट प्ले कर बैटरी की क्षमता को मापता है और इस टेस्ट में यह फोन 16 घंटे 5 मिनट तक चला। हालांकि अपने सेगमेंट में इसे बेस्ट नहीं कह सकते, क्योंकि Nord 6 कहीं बेहतर परफॉर्म कर रहा था। परंतु यह भी काफी अच्छा है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

इस टेस्ट के अलावा भी हमने फोन में गेमिंग और वीडियो स्ट्रीमिंग की, जहां 30 मिनट की वीडियो स्ट्रीमिंग और 60 मिनट की गेमिंग में कुल मिलाकर सिर्फ 14 प्रतिशत तक का बैटरी ड्रॉप था। यहां भी फोन ने अच्छा परफॉर्म किया। बैटरी ड्रेन टेस्ट के अलावा हमने फोन में चार्जिंग टेस्ट भी किया और वहां भी रिजल्ट बेहतर था। सिर्फ 51 मिनट में यह फोन 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज हो गया।

Redmi Turbo 5 को HyperOS 3 की लेयरिंग के साथ पेश किया गया है, जो Android 16 पर आधारित है। फोन में 22 थर्ड-पार्टी ऐप्स समेत कुल 63 प्री-इंस्टॉल्ड ऐप्स हैं। हालांकि उनमें से कुछ को आप अनइंस्टॉल कर सकते हैं, लेकिन फिर भी इतने थर्ड-पार्टी ऐप्स होना कमी तो कही जाएगी।

फोन का एनिमेशन स्मूथ है और इसमें आपको गॉसियन ब्लर इफेक्ट, डेप्थ इफेक्ट के साथ पर्सनलाइज्ड लॉक स्क्रीन ऑप्शन मिलते हैं, जो विजुअल्स को और बेहतर बनाते हैं। इसके अलावा AI Pets ऑप्शन मिलता है, जिसे आप होम स्क्रीन पर रख सकते हैं। फोन में Hyper Island दिया गया है, जो Apple के Dynamic Island की तरह काम करता है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

फोन में HyperOS 3 का क्रॉस-इकोसिस्टम इंटीग्रेशन है, जो न सिर्फ Xiaomi डिवाइस पर, बल्कि Xiaomi Interconnectivity और Link to Windows फीचर्स के साथ भी बेहतर काम करता है। इसके माध्यम से आप Windows PC, Mac, iPad और iPhone के साथ भी आसान कनेक्टिविटी बना सकते हैं।

वैसे तो फोन का ओएस अच्छा है, लेकिन आज Samsung One UI, OPPO ColorOS या OnePlus OxygenOS को देखें, तो ये कहीं बेहतर लगते हैं।

कैमरा: भी ठीक है

बैटरी के बाद अब करते हैं कैमरे का रुख, तो आपको बता दूं कि फोन के कैमरे से आप ज्यादा आशा नहीं रख सकते। हालांकि ऐसा नहीं है कि कैमरा खराब है। फोन की कैमरा क्वालिटी अच्छी है, लेकिन बेस्ट नहीं कह सकते।

फोटोग्राफी के लिए Redmi Turbo 5 में 50MP का मेन कैमरा है। कंपनी ने Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा सेंसर का उपयोग किया है, जो OIS सपोर्ट के साथ आता है। वहीं इसमें f/1.5 अपर्चर मिल जाता है, जो कम रोशनी में भी आपको बेहतर तस्वीर क्लिक करने का भरोसा देता है। इसके साथ ही फोन में 8MP का अल्ट्रावाइड लेंस है, जो f/2.2 अपर्चर के साथ आता है। फ्रंट में आपको 20MP का सेल्फी कैमरा मिलता है।

फोन में रियर कैमरे से 4K वीडियो 60fps पर रिकॉर्ड कर सकते हैं। वहीं अल्ट्रावाइड कैमरे के साथ 1080p वीडियो 60fps तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।

रही बात कैमरा क्वालिटी की, तो दिन की रोशनी में यह अच्छी तस्वीरें क्लिक करता है। आपको डिटेलिंग अच्छी मिलेगी और सब्जेक्ट अच्छे से उभरकर आते हैं। परंतु रंग थोड़े बनावटी लगते हैं। जैसे लाल रंग गाढ़ा लाल दिखाई देगा और आसमान ज्यादा ब्लू। हालांकि अल्ट्रावाइड लेंस पर शिफ्ट होते ही कलर बदल जाता है और थोड़ा सॉफ्ट हो जाता है।

पोर्ट्रेट शॉट की बात करें, तो ओवरऑल अच्छा लगता है, लेकिन कभी-कभी बनावटी अहसास कराता है। हां! पोर्ट्रेट मोड्स काफी अच्छे हैं और उनका उपयोग आप डेली यूज में कर सकते हैं।

रही बात लो-लाइट यानी कम रोशनी वाली फोटोग्राफी की, तो Redmi Turbo 5 यहां अपना प्रभाव छोड़ता है और ज्यादा शार्प फोटो के साथ बेहतर स्टेबलाइजेशन देता है। कभी-कभी तस्वीरें ज्यादा ब्राइट लगती हैं, परंतु ओवरऑल रिजल्ट सही है।

फोन के सेल्फी कैमरे की बात करें, तो वहां भी रिजल्ट मिला-जुला ही रहा। डिटेलिंग अच्छी है, लेकिन कलर थोड़ा बदल देता है और फोटो ज्यादा चमकदार लगती हैं।

डिजाइन और डिस्प्ले: शानदार

redmi-turbo-5-review-in-hindi

परफॉर्मेंस देखने के बाद फोन के डिजाइन और डिस्प्ले की बात करें, तो आज जबकि फोन हल्के हो रहे हैं, ऐसे में यह थोड़ा भारी प्रतीत होता है। Redmi Turbo 5 का वजन 204 ग्राम है। यदि यह 190 ग्राम से नीचे होता, तो बेहतर कहा जाता। हालांकि इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन और बेहतर फॉर्म फैक्टर हाथों में अच्छा अनुभव देता है। इसके कोने कर्व्ड हैं और साइड बिल्कुल फ्लैट है। ऐसे में यह हाथ में आरामदायक लगता है। फोन की मोटाई 8.18mm है, जो बड़ी बैटरी को देखते हुए सही कही जाएगी।

रही बात लुक की, तो कंपनी ने इसे एल्यूमिनियम फ्रेम पर पेश किया है और बैक पैनल में ग्लास का उपयोग किया गया है। वहीं फोन पर उंगलियों के निशान न पड़ें, इसलिए पैनल को थोड़ा मैट फिनिश रखा गया है। ऐसे में लंबे समय के उपयोग के बाद भी यह साफ-सुथरा लगता है। जहां तक क्वालिटी की बात है, तो इसमें कोई शक नहीं कि यह फोन प्रीमियम अहसास कराता है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

इन सबके साथ फोन की सुरक्षा के लिए इसे IP66, IP68, IP69 और IP69K सर्टिफाइड किया गया है। ऐसे में यह न सिर्फ धूल और पानी से सुरक्षित रहता है, बल्कि गर्म पानी के जेट प्रेशर से भी बचा रहता है। यह बहुत अच्छी बात कही जा सकती है।

फोन के बैक पैनल पर आते हैं, तो इसमें प्लेन पैनल में ऊपर की ओर दो रिंग हैं, जहां इसके कैमरे उपलब्ध हैं। वहीं रिंगों के अंदर पिक्सल मैट्रिक्स का उपयोग किया गया है, जो इसे दूसरे डिवाइस से थोड़ा अलग बनाता है।

सबसे खास बात कही जा सकती है कि यह पिक्सल मैट्रिक्स गेमिंग, नोटिफिकेशन, कॉल अलर्ट और म्यूजिक के दौरान जलता है। इसमें 8 रंगों का समायोजन है और म्यूजिक व कॉल अलर्ट के साथ जलता है, तो अलग अहसास कराता है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

रही बात डिस्प्ले की, तो Redmi Turbo 5 में कंपनी ने 6.59 इंच की 12-बिट AMOLED डिस्प्ले का उपयोग किया है, जो 1.5K रेजल्यूशन और 120Hz स्क्रीन रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। इसके साथ ही फोन में HDR10+, Dolby Vision और Wet Touch आदि का भी सपोर्ट मिलता है। फोन में 3,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलती है। ऐसे में आप दिन की तेज रोशनी में भी आराम से स्क्रीन कंटेंट का उपयोग कर सकते हैं। देखने में कोई परेशानी नहीं होती। स्क्रीन TÜV Triple Eye Protection के साथ आती है, जो रात में आंखों को नुकसान पहुंचाने वाली ब्लू लाइट से बचाती है।

चूंकि यह एक परफॉर्मेंस सेंट्रिक फोन है, ऐसे में हाई परफॉर्मेंस वाले कंटेंट जैसे कि गेमिंग आदि के लिए 2,560Hz टच सैंपलिंग रेट का सपोर्ट दिया गया है।

redmi-turbo-5-review-in-hindi

इन सबके साथ कंपनी ने स्क्रीन पर Corning Gorilla Glass 7i का प्रोटेक्शन दिया है, जो इसे छोटी-मोटी खरोंच और थोड़ी ऊंचाई से गिरने पर सुरक्षित रखता है।

फोन की डिस्प्ले क्वालिटी बहुत अच्छी है और आपको इसका अनुभव पसंद आएगा। खासकर यदि आप HDR कंटेंट स्ट्रीम करते हैं या फिर गेम खेलते हैं, तो अनुभव काफी बेहतर मिलेगा। इसके साथ ही फोन में स्टीरियो स्पीकर दिए गए हैं और ये अच्छे हैं। गेमिंग या वीडियो स्ट्रीमिंग में आपको साउंड को लेकर कोई परेशानी नहीं मिलेगी।

निष्कर्ष

सब कुछ देखने के बाद बात आती है अंतिम निर्णय की। ऐसे में आपको बता दूं कि Redmi Turbo 5 को भारतीय बाजार में 37,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह फोन MediaTek Dimensity 8500 Ultra पर काम करता है, जो गेमिंग परफॉर्मेंस के मामले में शानदार है। वहीं फोन का डिस्प्ले काफी वाइब्रेंट है और साउंड क्वालिटी भी अच्छी है। इसके साथ ही 7,540mAh की बड़ी बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है।

फोन की सुरक्षा के लिए IP66/IP68/IP69/IP69K की रेटिंग मिलती है, जो बहुत ही अच्छी कही जाएगी। ये सभी फोन के मजबूत पक्ष हैं। हां, सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस साधारण मिलेगा और कैमरा ठीक-ठाक है। ऐसे में यही कहूंगा कि फोन वैल्यू फॉर मनी है और यह उनके लिए बेस्ट है जो ज्यादा गेमिंग पसंद करते हैं या फिर वीडियो स्ट्रीम करते हैं। यदि आपकी पहली प्राथमिकता कैमरा है, तो फिर आपके लिए यह फोन नहीं है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here