
सैमसंग ने आज भारतीय बाजार में अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन Samsung Galaxy A08 लॉन्च किया है। यह LTE यानी 4G Smartphone है जिसे कंपनी ने Mediatek Helio G99+ प्रोसेसर की ताकत से साथ पेश किया है। इस 20 हजार से कम के सैमसंग फोन में बड़ी 6000mAh Battery और 50MP Camera जैसी स्पेसिफिकेशन्स मौजूद हैं। सैमसंग गैलेक्सी ए08 4जी फोन की कीमत और अन्य डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy A08 4G प्राइस
सैमसंग गैलेक्सी ए08 स्मार्टफोन इंडिया में 18,499 रुपये में लॉन्च हुआ है। यह मोबाइल सिंगल मेमोरी वेरिएंट में लाया गया है जिसमें 4GB RAM के साथ 64GB Storage दी गई है। इस नए सैमसंग फोन की सेल ऑफलाइन मार्केट में शुरू हो गई है और Galaxy A08 को किसी भी रिटेल स्टोर या मोबाइल की दुकान से खरीदा जा सकता है। सैमसंग ने अपने फोन को Dark blue, Silver और Green कलर में पेश किया है।

Samsung Galaxy A08 4G स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग गैलेक्सी ए08 4जी फोन को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो One UI के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में Mediatek Helio G99+ चिपसेट दिया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस मोबाइल में Mali-G57 MC2 जीपीयू मौजूद है।
यह सस्ता Samsung Smartphone LPDDR5X RAM से लैस कर इंडियन मार्केट में उतारा गया है जो फोन में मल्टीटास्किंग को फास्ट और स्मूथ बनाए रखने में मदद करेगी। वहीं मोबाइल में RAM Plus फीचर भी मौजूद है जो 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर इसे 8GB RAM की ताकत दे सकता है। इस सैमसंग फोन में 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिलेगी।

Samsung Galaxy A08 4G स्मार्टफोन को 720 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की एचडी+ डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन है जिसे PLS LCD पैनल पर बनाया गया है। कंपनी ने इस फोन डिस्प्ले पर 90Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया है। वहीं मोबाइल को डस्ट और पानी से बचाने के लिए इसे IP64 रेटिंग से लैस किया गया है।
यह नया सैमसंग स्मार्टफोन फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो एफ/2.4 अपर्चर वाले 2 मेगापिक्सल सेकेंडरी सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह सस्ता सैमसंग मोबाइल 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy A08 LTE मॉडल को तगड़ी 6000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। कंपनी के मुताबिक एक बार फुल चार्ज करने के लिए यह स्मार्टफोन पूरा दिन आराम से निकाल सकता है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 25W फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। ध्यान रहे, बॉक्स में चार्जर नहीं मिलेगा, ग्राहकों को कम्पैटिबल चार्जर अलग से खरीदना पड़ेगा।









