
मोटोरोला ने इंडिया में अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया स्मार्टफोन Motorola Edge 70 Neo पेश कर दिया है। यह 5जी फोन 40,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ है जिसमें 8GB RAM, Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर, 32MP Selfie कैमरा, 144Hz Curved AMOLED डिस्प्ले और 7,000mAh Battery जैसी स्पेसिफिकेशन्स दी गई है। मोटोरोला ऐज 70 नियो के फीचर्स, स्पेसिफिकेशन्स, प्राइस और सेल डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Motorola Edge 70 Neo स्पेसिफिकेशन्स
मोटोरोला ऐज 70 नियो 5जी फोन एंड्रॉयड 16 पर लॉन्च हुआ है जिसमें 3 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 5 साल की सिक्योरिटी अपडेट्स का वादा किया गया है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में Qualcomm Snapdragon 7s Gen 3 चिपसेट लगाया गया है। यह 4 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.5 गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। हैवी परफॉर्मेंस और गेमिंग के दौरान फोन हीट होने से रोकने के लिए इसमें 4466mm स्क्वायर वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है। यह स्मार्टफोन LPDDR5X RAM सपोर्ट करता है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाए रखने में मदद करती है।
Motorola Edge 70 Neo 5G फोन को 2772 x 1272 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.8-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह पंच-होल स्टाइल वाली स्क्रीन कर्व्ड Extreme AMOLED पैनल पर बनी है जिस पर 144Hz तक की रिफ्रेश रेट, 1500Hz टच सैंपलिंग रेट, HDR10+ और 5200nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए जहां Gorilla Glass 7i की लेयर दी गई है वहीं वाटर प्रोटेक्शन के लिए IP64 रेटिंग से लैस किया गया है। यह मोबाइल MIL-STD-810H सर्टिफाइड मिलिट्री ग्रेड बॉडी पर बनाया गया है।

मोटोरोला ऐज 70 नियो 5जी फोन फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Sony Lytia 710 मेन OIS सेंसर दिया गया है जो एफ/2.4 अपर्चर वाले 2 मेगापिक्सल Macro Vision लेंस के साथ मिलकर काम करता है। इनके अलावा फोन में 3-इन-1 light sensor भी लगाया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह Motorola 5G फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए मोटोरोला ऐज 70 नियो 5जी को 7,000mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। ब्रांड का दावा है कि फुल चार्ज के बाद यह स्मार्टफोन लिमिटेड यूज के साथ 53 घंटे तक का बैकअप दे सकता है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 45W टर्बोपावर फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है, साथ ही इसमें 7.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी मिलती है। बताते चलें कि कनेक्टिविटी के लिए यह मोटोरोला फोन Wi-Fi 6E, Bluetooth 6.0 और NFC जैसे फीचर्स सपोर्ट करता है। इस मोबाइल में Google Gemini वॉयस कंट्रोल भी मिलता है।
Motorola Edge 70 Neo प्राइस
मोटोरोला ऐज 70 नियो 5जी फोन इंडिया में 8GB RAM पर लॉन्च हुआ है जिसके साथ 128GB Storage दी गई है। इस स्मार्टफोन की कीमत 40,999 रुपये है। Motorola Edge 70 Neo की सेल 1 दिसंबर से शुरू होगी जिसे Light Pink, Light Blue, Deep Green और Light Green कलर में खरीदा जा सकेगा। यह मोबाइल कंपनी वेबसाइट, फ्लिपकार्ट और रिटेल स्टोर्स पर बिकेगा। शुरुआती सेल ऑफर में 1 से 10 दिसंबर तक इस मोबाइल पर 3,000 रुपये का फ्लैट डिस्काउंट मिलेगा।

Motorola Edge 70 Neo कंपनी की ‘ऐज 70’ सीरीज का पांचवां मॉडल बनकर आया है। इस सीरीज में पहले से ही Edge 70 Max, Edge 70 Fusion, Edge 70 Pro और Edge 70 Pro Plus जैसे मॉडल मौजूद हैं। नए नियो मॉडल को सीरीज के किफायती विकल्प के तौर पर देखा जा सकता है। हालांकि चार्जिंग स्पीड और सेकेंडरी रियर कैमरा को छोड़ दें तो इसकी अधिकांश स्पेक्स ऐज 70 फ्यूजन से मिलती जुलती दिखाई देती है। मोटोरोला ने Edge 70 Neo के साथ प्रीमियम डिजाइन और हाई रिफ्रेश रेट कर्व्ड एमोलेड डिस्प्ले वाले फोंस के इंडस्ट्री ट्रेंड को फॉलो किया है जिसमें बड़ी स्क्रीन के साथ ही लंबी चलने वाली बैटरी भी मिलती है।
डिजाइन और डिस्प्ले के साथ ही फोन में दिया गया Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर और LPDDR5X RAM मिलकर इसे मिड-रेंज सेगमेंट में एक अच्छा विकल्प बनाने की कोशिश करते हैं। वहीं सिंगल 128GB Storage वेरिएंट का लाया जाना कुछ लोगों को निराश कर सकता है। 256GB मेमोरी भी लाई जाती तो ज्यादा इंटरनल मेमोरी की चाह रखने वाले यूजर्स को चुनने के लिए एक और स्टोरेज ऑप्शन मिल जाता। दूसरी ओर 204 ग्राम वजन और 8.49mm मोटाई के चलते यह फोन हल्के और कॉम्पैक्ट स्मार्टफोन पसंद करने वाले यूजर्स को थोड़ा भारी लग सकता है।
कीमत के लिहाज से देखें तो इंडिया में Motorola Edge 70 Neo की टक्कर vivo S2, OPPO F35, POCO X8 Power और Tecno Camon 50 Ultra जैसे स्मार्टफोंस से हो सकती है। ये सभी मोबाइल 36 हजार से 42 हजार रुपये की रेंज में सेल के लिए उपलब्ध हैं। वीवो एस2 में Curved AMOLED डिस्प्ले के साथ Dimensity 7360 Turbo प्रोसेसर दिया गया है। ओपो एफ35 में 8,000mAh बैटरी और 50MP सेल्फी कैमरा लगा है। पोको एक्स8 पावर 10,000mAh Battery की ताकत से लैस है। वहीं कैमोन 50 अल्ट्रा में भी 50MP फ्रंट कैमरा के साथ Curved AMOLED स्क्रीन दी गई है।









