
असूस अपनी ज़ेनफोन सीरीज़ के नए स्मार्टफोन ज़ेनफोन 6 पर काम कर रही है। कंपनी की ओर से हालांकि इस फोन की कोई जानकारी नहीं दी गई है लेकिन पिछले दिनों असूस ज़ेनफोन 6 की रियल ईमेज सामने आई थी। इस फोटो में फोन को हाथ में पकड़ा हुआ तथा जिसमें फोन का बैक पैनल साफ दिखाई दिया था। इस फोटो में फोन का बॉक्स भी नज़र आया था। ज़ेनफोन 6 की इस फोटो के सामने आने के बाद माना जा रहा था कि असूस जल्द ही नए डिवाईस को लेकर कोई घोषणा करेगी। वहीं आज लॉन्च से पहले असूस का यह स्मार्टफोन वाई-फाई सर्टिफिकेशन्स साइट पर भी लिस्ट हो गया है।
असूस ज़ेनफोन 6 लिस्टिंग
असूस के आगामी स्मार्टफोन ज़ेनफोन 6 को वाई-फाई सर्टिफिकेशन्स साइट वाई-फाई अलायंस पर देखा गया है। इस वेबसाइट पर ज़ेनफोन 6 को असूस_आई01डब्ल्यूडी मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। ज़ेनफोन 6 की लिस्टिंग में फोन की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी तो नहीं मिली है लेकिन फोन में मौजूद एंडरॉयड ओएस का खुलासा हो गया है कि यह फोन एंडरॉयड के 9.0 पाई आउट-आफ-द-बॉक्स पर पेश किया जाएगा। वाई-फाई अलायंस इस फोन को डुअल बैंड वाई-फाई कनेक्टिविटी से सर्टिफाइड कर दिया गया है, जो 2.4गीगाहर्ट्ज़ से 5गीगाहर्ट्ज़ तक के फ्रीक्वेंसी सपोर्ट करेगा।

असूस ज़ेनफोन 6
अब तक सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स और तमाम लीक्स में सामने आया है कि असूस की ओर से ज़ेनफोन 6 को फुलव्यू डिसप्ले पर लॉन्च किया जा सकता है जिसमें किसी भी तरह की कोई नॉच देखने को नहीं मिलेगी। पहले सामने आई ज़ेनफोन 6 की एक फोटो से पता चला था कि यह स्मार्टफोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा जो वर्टिकल शेप में बैक पैनल पर बाईं ओर स्थित है। फोन दो कैमरा सेंसर जहां एक रिंग में मौजूद है वहीं तीसरा कैमरा इस सेटअप के नीचे मौजूद है। तीसरे कैमरा सेंसर के नीचे फ्लैश लाईट दी गई है। फोन का बैक पैनल काफी शाइनी है और यहां असूस का लोगो लगा हुआ है। ज़ेनफोन 6 के दाएं पैनल पर पावर बटन और वाल्यूम रॉकर मौजूद है। ध्यान देने वाली बात है कि इस फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया गया है।
इस लीक में फोन के बॉक्स की फोटो भी छपी थी। जिसे देखने से पता चला था कि ज़ेनफोन 6 में असूस द्वारा किसी भी तरह को कोई नॉच नहीं दी जाएगी। यह फोन पुराने बेजल लेस डिजाईन से लैस नज़र आया है जिसमें 18:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली डिसप्ले देखने को मिल सकती है। फोन डिसप्ले के उपर तथा नीचे दोनों ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। डिसप्ले के उपरी ओर जहां सेल्फी कैमरा व अन्य सेंसर देखने को मिल सकते हैं वहीं डिसप्ले के नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर साफ नज़र आ रहा था।
असूस ज़ेनफोन 6 की स्पेसिफिकेशन्स को लेकर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन लीक्स की मानें तो यह फोन असूस का हाईएंड फ्लैगशिप डिवाईस होगा जो क्वालकॉम के सबसे नए और ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 पर पेश किया जाएगा। आपको बता दें कि असूस ज़ेनफोन 6 मई की 16 तारीख को टेक मंच पर कदम रखेगा जो साल की दूसरी छमाही में भारतीय बाजार में दस्तक देगा।


















