
काफी दिनों से iQOO 9 Series को लेकर लीक्स सामने आ रहे हैं जिनमें स्मार्टफोंस की स्पेसिफिकेशन्स शेयर करने के साथ ही बताया गया है कि यह सीरीज़ Qualcomm के सबसे पावरफुल Snapdragon 8 Gen 1 चिपसेट से लैस कर बाजार में लाई जाएगी। कंपनी ने हालांकि अभी आईक्यू 9 सीरीज़ के लॉन्च को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन इस सीरीज़ से पहले कंपनी iQoo Neo 5s स्मार्टफोन टेक मार्केट में पेश करने जा रही है जो आने वाली 20 दिसंबर को लॉन्च कर दिया जाएगा।
iQoo Neo 5s स्मार्टफोन 20 दिसंबर को टेक मंच पर अनविल कर दिया जाएगा। इस दिन यह फोन चीनी बाजार में एंट्री लेगा जो आने वाले महीनों में विश्व के अन्य बाजारों में दस्तक दे सकता है। कंपनी ने फोन की लॉन्च डेट के अलावा अभी तक सिर्फ यही ऑफिशियल किया है कि आईक्यू नियो 5एस स्मार्टफोन नए Origin OS Ocean पर काम करेगा। वहीं साथ ही इस आईक्यू मोबाइल फोन में एंडरॉयड 12 ओएस भी देखने को मिल सकता है जिसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
iQoo Neo 5s की स्पेसिफिकेशन्स
अभी तक सामने आए लीक्स की बात करें तो आईक्यू नियो 5एस को कंपनी की ओर से 6.56 इंच की बड़ी डिसप्ले पर लॉन्च किया जा सकता है जो पंच-होल डिजाईन पर बनी होगी तथा 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी। इस फोन को ओएलईडी स्क्रीन पैनल पर पेश किया जा सकता है जो इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस होगा। सामने आई फोटो में फोन के नैरो बेजल्स वाला दिखाया गया है जिसमें हल्का सा चिन पार्ट भी मौजूद है। वहीं सेल्फी कैमरे से लैस होल स्क्रीन के उपरी हिस्से पर ठीक बीच में दिया गया है।

iQoo Neo 5s को क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 888 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ 8 जीबी की रैम मैमोरी और 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल सकती है। फोटोग्राफी के लिए फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिए जाने की बात कही गई है जिसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर शामिल रहेगा जो ओआईएस फीचर से लैस होगा। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए आईक्यू फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है। पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,500एमएएच की बैटरी दी जा सकती है जो 66वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस होगी।




















