
फ्रांस की प्रतिष्ठित टेक ब्रांड Alcatel ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार में एक बार फिर कदम रखने की घोषणा की है। यह ब्रांड TCL Communication द्वारा स्वतंत्र रूप से संचालित किया जाता है और Nokia से ट्रेडमार्क लाइसेंस के तहत काम करता है। भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए कंपनी स्टायलस के साथ एक प्रीमियम स्मार्टफोन भी लॉन्च करने जा रही है।
बता दें कि ब्रांड ने हमेशा लेटेस्ट तकनीक और नवाचार पर जोर दिया है। वहीं, अब भारत में प्रवेश करते हुए, कंपनी एक प्रीमियम स्मार्टफोन रेंज पेश करने के लिए तैयार है, जिसमें अपडेटेड तकनीक, स्टाइलिश डिजाइन और भारत में पेटेंटेड इनोवेशन शामिल होंगे। इन स्मार्टफोंस को भारतीय बाजार की बढ़ती जरूरतों के अनुसार डिजाइन किया जाएगा। जिससे तगड़े हार्डवेयर और अनोखी खूबियों यूजर्स को मिल सकें।
‘मेक इन इंडिया’ के साथ मजबूत प्रतिबद्धता
Alcatel का यह बड़ा कदम ‘मेक इन इंडिया’ पहल के समर्थन में है। कंपनी ने घोषणा की है कि उसके सभी स्मार्टफोंस का निर्माण भारत में ही होगा। इससे न केवल भारतीय टेक उद्योग को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
भारत स्मार्टफोन उपभोक्ताओं के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक है। इसे देखते हुए Alcatel देशभर में अपने आगामी डिवाइस को पहुंचाने के लिए एक मजबूत सर्विस नेटवर्क स्थापित करेगा। जिससे उपभोक्ताओं को बेहतरीन तकनीकी सहायता मिल सके।
मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स
Alcatel का लक्ष्य शहरी उपभोक्ताओं, टेक प्रेमियों और डिजिटल युग के कई लोगों के लिए बेहतरीन तकनीक उपलब्ध कराना है। कंपनी का मानना है कि प्रीमियम फीचर्स को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना ही उसका प्रमुख उद्देश्य है। अपने दशकों के अनुभव और तकनीकी नवाचार के साथ कंपनी भारतीय बाजार में स्मार्टफोन की दुनिया में एक नई क्रांति लाने के लिए तयारी कर रही है।
आखिर में आपको बताते चलें कि कंपनी ने 2018 के बाद भारत में कोई फोन या टैबलेट लॉन्च नहीं किया है, लेकिन 2022 तक कुछ बाजारों में डिवाइस लॉन्च करना जारी रखा गया था। वहीं, अब देखना होगा कि एक बार फिर इंडिया में एंट्री कर रही ब्रांड किस हद तक ग्राहकों का ध्यान आकर्षित कर पाती है।












