
असूस की ओर से ज़ेनफोन 4 सीरीज़ को लॉन्च किए अभी ज्यादा वक्त नहीं गुज़रा है कि कंपनी के एक और स्मार्टफोन की जानकारी सामनें आई है। असूस के एक नए स्मार्टफोन को चीनी सर्टिफिकेशन्स साइट टेना पर लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग में हालांकि फोन के नाम का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन इसकी स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी मिली है।
टेना पर असूस के आगामी स्मार्टफोन को एक्स018डीसी मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। लिस्टिंग के मुताबिक असूस का यह फोन 18:9 स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो पर पेश किया जाएगा तथा इसमें 1440×720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 5.7-इंच की एचडीप्लस डिसप्ले देखने को मिलेगी। फोन के बैक पैनल पर ही फिंगरप्रिंट सेंसर दिखाया गया है।
यह फोन एंडरॉयड नुगट आधारित होगा तथा 1.5गीगाहर्ट्ज़ आॅक्टा-कोर प्रोसेसर पर रन करेगा। लीक के अनुसार इस फोन को 3जीबी और 4जीबी के दो रैम वेरिएंट में लॉन्च किया जाएगा जिनमें क्रमश: 32जीबी और 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है।
फोटोग्राफी के लिए असूस के इस फोन में डुअल रियर कैमरा बताया गया है। फोन के बैक पैनल पर जहां 16-मेगापिक्सल और 8-मेगापिक्सल के दो कैमरे दिए जा सकते हैं वहीं सेल्फी के लिए इसमें फ्रंट पैनल पर 8-मेगापिक्सल का कैमरा हो सकता है। असूस के इस फोन में पावर बैकअप के लिए 4,030एमएएच की बैटरी दिए जाने की उम्मीद है।






















