
ASUS आने वाली 22 जुलाई को इंडिया में अपना पावरफुल गेमिंग फोन ASUS ROG Phone 3 लाने जा रही है। इसी दिन यह फोन ग्लोबल लॉन्च होगा। ROG यानि Republic of Gamers कैटेगरी के तहत पेश किए जाने वाले इस फोन का इंतजार पूरी दुनिया के मोबाइल गेमर कर रहे हैं। आरओजी फोन 3 के बाजार में आने से पहले ही अब असूस से जुड़ी नई खबर सामने आ रही है जिसमें कंपनी के आगामी स्मार्टफोन ASUS Zenfone 7 की स्पेसिफिकेशन्स शेयर की गई है।
ASUS Zenfone 7 को दरअसल सर्टिफिकेशन साइट एनसीसी पर स्पॉट किया गया है। इस वेबसाइट पर फोन को ASUS_1002D मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है जिसके लिए कहा जा रहा है कि सर्टिफाइड असूस ज़ेनफोन सीरीज़ में लॉन्च होने वाला ज़ेनफोन 7 है। कंपनी की ओर से हालांकि अभी तक इस फोन को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है लेकिन एनसीसी लिस्टिंग के बाद एक ओर जहां फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स सामने आ गई है वहीं साथ ही यह उम्मीद और भी प्रबल हो गई है कि ASUS Zenfone 7 जल्द ही टेक मंच पर दस्तक देने वाला है।
यह हुआ खुलासा
ASUS Zenfone 7 को एनसीसी सर्टिफिकेशन्स साइट पर 5,000एमएएच की बैटरी से लैस बताया गया है। इसके साथ ही लिस्टिंग में यह जानकारी भी सामने आई है कि ज़ेनफोन 7 को 30वॉट फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी से लैस कर बाजार में उतारा जाएगा। पावर सेग्मेंट में अलावा सर्टिफिकेशन्स साइट पर इस फोन को 512 जीबी की इंटरनल स्टोरेज से लैस बताया गया है। तथा फोन मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 2टीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। गौरतलब है कि ASUS Zenfone 7 एक 5G फोन होगा।
लगे हाथ आपको बात दें कि पिछले दिनों बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी असूस फोन को देखा गया था जो 16 जीबी की पावरफुल रैम से लैस था। इस फोन का नाम भी Asus ZenFone 7 बताया जा रहा है। वेबसाइट पर इस फोन एंडरॉयड 10 ओएस और क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 865 चिपसेट से लैस बताया गया था। गीकबेंच पर इस फोन को सिंगल-कोर में 973 और मल्टी-कोर में 3346 प्वाइंट्स दिए गए थे।
ASUS ROG Phone 3
आसूस आरओजी फोन 3 आने वाली 22 जुलाई को ग्लोबल मंच पर लॉन्च होगा और इसी दिन फोन को इंडिया में भी ऑफिशियल कर दिया जाएगा। भारतीय समयानुसार शाम के 8 बजकर 15 मिनट पर आरओजी फोन 3 से पर्दा उठाया जाएगा। फोन की लॉन्च डेट के अलावा असूस की ओर से यह खुलासा भी कर दिया गया है कि कंपनी का यह आगामी फोन क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 865+ पर लॉन्च किया जाएगा।
22 जुलाई को ASUS ROG Phone 3 का लॉन्च कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के अलावा शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर भी दिखाया जाएगा। इस शॉपिंग साइट फोन का प्रोडक्ट पेज भी बना दिया गया है जिससे साफ हो गया है कि ASUS ROG Phone 3 इंडिया में कंपनी वेबसाइट के अलावा फ्लिपकार्ट पर ही सेल के लिए उपलब्ध होगा। बहरहाल असूस आरओजी फोन 3 की बिक्री कब से शुरू होगी इसके लिए 22 जुलाई का इंतजार करना होगा।






















