AT&T PBH20 रिव्यू: क्या इस वायरलेस हेडफोन को खरीदना है फायदे का सौदा?

भारतीय मार्केट में वायरलेस हेडफोन का बाजार धीरे-धीरे तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए कई कंपनियां अपने नए-नए हेडफोन, ईयरबड्स और नेकबैंड लॉन्च कर रही हैं। आज के समय में वायर वाले हेडफोन की जगह ब्लूटूथ हेडफोन्स ग्राहकों की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। इसी को देखते हुए फॉर्च्यून 10 कंपनी AT&T ने भी इंडिया में अपना ओवर-द-ईयर PBH20 ब्लूटूथ हेडफोन पेश किया है।
कंपनी संयुक्त राज्य अमेरिका में अपने लाखों वायरलेस नेटवर्क ग्राहकों के लिए जानी जाती है। वहीं, अगर बात करें PBH20 ब्लूटूथ हेडफोन की तो यह अमेजन इंडिया पर 1,999 रुपए में सेल किया जा रहा है। हालांकि, इसे फ्लिपकार्ट पर भी इसी कीमत में खरीदा जा सकता है।
AT&T PBH20 हमें रिव्यू के लिए मिला था जिसे हमने लगभग 20 दिनों तक इस्तेमाल किया तो आइए रिव्यू में जानते हैं क्या यह ब्लूटूथ हेडफोन आपकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा?
AT&T PBH20 ओवर-द-ईयर ब्लूटूथ हेडफोन की खास बातें–
1. 6 घंटे का प्लेबैक समय
2. मेटल फ्रैम
3. नॉइस रिडक्शन क्षमता
4. लाइट वेट डिजाइन और एडस्टेबल हेड बैंड
5. हैंड्स फ्री कॉलिंग के लिए माइक
AT&T PBH20 का डिजाइन
सबसे पहले AT&T PBH20 की डिजाइन की बात करें तो डिजाइन कुछ खास नहीं है। यह हेडफोन प्रीमियम लुक का अहसास देता है, हालांकि बिल्ड क्वालिटी ज्यादा अच्छी नहीं है। लेकिन फिनिशिंग काफी अच्छी है। डिजाइन के मामले में यह हेडफोन आपको निराश नहीं करेगा। डिजाइन शानदार है और खास बात है कि इसे आसानी से फोल्ड किया जा सकता है। ऐसे में यदि आपके पास लैपटॉप का बैग है या कोई छोटा बैग, यह हेडफोन उसमें आसानी से आ जाएगा। हेडफोन में सभी बटन बायीं ओर दिए हैं जिनमें चार्जिंग पोर्ट, ऑक्स केबल जैक, पावर बटन, वॉल्यूम अप और डाउन बटन और बेस बटन शामिल हैं। यह हेडफोन फ्लेक्सिबल भी है। लेकिन अगर आप अपने नेक में इसे थोड़ी देर पहनकर रखेंगे तो यह आपको परेशान करने लगेगा।
आप अपनी सहूलियत के हिसाब से इसे बड़ा या छोटा भी कर सकते हैं। लेकिन इसमें ज्यादा बढ़ा करने का स्पेस नहीं है। इसके अलावा कान में यह आसानी से फिट भी हो जाता है, हालांकि यह अन्य हेडफोन की तरह कान को पूरी तरह से पैक नहीं करता है। उदाहरण के तौर पर यदि आप इस हेडफोन को इस्तेमाल कर रहे हैं और आपको कोई आवाज लगाता है तो आप उसकी आवाज को सुन सकते हैं।
परफॉर्मेंस
अगर बात करें परफॉर्मेंस की तो इसकी परफॉर्मेंस आपको ज्यादा खास तो नहीं लगेगी। लेकिन, कम वॉल्यूम में आप आराम से गाने सुन सकते हैं। इसके अंदर ऑडियो क्वालिटी ज्यादा बढ़िया नहीं है और इसके साथ मिलने वाला बेस भी नॉर्मल ही कहा जाएगा। हालांकि, इसकी कनेक्टिविटी बढ़िया कही जा सकती है। इस हेडफोन से कॉलिंग के दौरान आवाज साफ-साफ आती है। खास बात यह इस हेडफोन का परफॉर्मेंस आईफोन और एंड्रॉयड दोनों के साथ एक जैसा ही रहा है। क्योंकि बाजार में कई वायरलेस हेडफोन ऐसे भी हैं जो आईफोन के साथ अच्छे हैं लेकिन एंडरॉयड के साथ उनकी परफॉर्मेंस कमजोर हो जाती है, वहीं जो एंड्रॉयड के लिए अच्छे होते हैं, वे आईफोन के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं। इस हेडफोन की आवाज दोनों ही फोन्स में ज्यादा खास नहीं थी। थोड़ी देर में इस पर सुनने वाले गानों की आवाज कानों में चुभने लगती है। गाने सुनने के लिए बनाया गया यह हेडफोन हमारे रिव्यू के दौरान खरा नहीं उतरा।
दमदार बैटरी
बैटरी के मामले में कंपनी का दावा सही है। इसकी बैटरी लगभग 2 घंटे में फुल चार्ज हो जाता है। वहीं बैकअप के मामले में यह आपको निराश नहीं करेगा। एक बार की चार्जिंग में आप 5 घंटे तक फुल वॉल्यूम में म्यूजिक सुन सकते हैं। ऐसे में बैटरी को लेकर कंपनी का 6 घंटे तक के बैकअप का दावा सही है।