
टेक ब्रांड पोको ने पिछले सप्ताह अपना सस्ता 5जी फोन POCO C85x इंडिया में लॉन्च किया है। यह मोबाइल सिर्फ 10,999 रुपये के स्टार्टिंग प्राइस पर लाया गया है। एक ओर जहां स्मार्टफोन ब्रांड अपने डिवाइसेज की कीमत बढ़ा रहे हैं, वहीं पोको द्वारा लो बजट 5जी मोबाइल पेश करना कई ग्राहकों के लिए फायदे का सौदा बन सकता है। आज 14 मार्च से पोको सी85एक्स 5जी फोन की सेल भारत में शुरु हो रही है। इस सस्ते स्मार्टफोन का प्राइस, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स का ब्यौरा आप आगे पढ़ सकते हैं।
POCO C85x 5G फोन 4जीबी रैम पर लॉन्च हुआ है जिसे दो स्टोरेज वेरिएंट्स में लाया गया है। मोबाइल के बेस वेरिएंट में 64GB स्टोरेज दी गई है जिसका प्राइस सिर्फ 10,999 रुपये है। वहीं स्मार्टफोन के 128GB मेमोरी वेरिएंट को 11,999 रुपये की कीमत पर लाया गया है। वहीं Paytm से पेमेंट करने पर ग्राहकों को 50 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा जिसके साथ फोन का इफेक्टिव प्राइस 10,949 रुपये पड़ेगा।
पोको सी85एक्स 5जी फोन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर आज से बिक्री के लिए उपलब्ध हो गया है। ग्राहक इसे Black, Gold और Green कलर ऑप्शन में खरीद सकते हैं। मोबाइल की डिटेल्स देखने या सस्ता 5जी फोन POCO C85x 5G फ्लिपकार्ट से खरीदने के लिए (यहां क्लिक) करें।
POCO C85x 5G के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इसे Unisoc T8300 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है। यह 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जो 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। कंपने इस मोबाइल में एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी दी है जो 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर इसे 8GB RAM (4जीबी+4जीबी) की ताकत देती है।
यह पोको फोन एंड्रॉयड 16 पर आया है जो HyperOS 3 के साथ मिलकर काम करता है। कंपनी इसे 4 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड के साथ लेकर आई जो फोन को अभी से ही Android 20 OS के लिए रेडी करता है। वहीं ग्राहकों को इसमें 6 साल की सिक्योरिटी पैच अपडेट भी प्राप्त होगी जो मोबाइल को स्मूथ बनाए रखने में मदद करेगी। बताते चलें कि इस फोन में 2TB का मेमोरी कार्ड भी लगाया जा सकता है।
POCO C85x 5G फोन 720 × 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.9-इंच का एचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। इस बड़ी फोन स्क्रीन पर यूजर्स को 120Hz रिफ्रेश रेट और 240Hz टच सैंपलिंग रेट के साथ ही 800निट्स ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलेगा। यह स्मार्टफोन IP57 रेटिंग के साथ आता है जो इसे हल्की फुल्की पानी की बौछारों से सुरक्षित रखने में मदद करेगा।
फोटोग्राफी के लिए इसके बैक पैनल पर 10x डिजिटल जूम की क्षमता वाला 32 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। वहीं फ्रंट पर 8 मेगापिक्सल सेल्फी सेंसर लगाया गया है। पावर बैकअप के लिए यह मोबाइल 6300एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है जिसके साथ 15W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मौजूद है। इस फोन में 7.5W रिवर्स चार्जिंग फीचर भी दिया गया है। यानी यह फोन पावरबैंक का काम भी कर सकता है।











