CMF Watch 3 Pro भारत में लॉन्च: 13 दिन बैटरी, ChatGPT फीचर और AI रनिंग कोच वाली सस्ती स्मार्टवॉच

Join Us icon

CMF ने भारत में अपनी नई स्मार्टवॉच CMF Watch 3 Pro को लॉन्च कर दिया है। यह CMF Watch 2 Pro का सक्सेसर है। जिसे करीब दो साल पहले पेश किया गया था। नए मॉडल में डिजाइन से लेकर हेल्थ फीचर्स और AI तक कई बड़े अपग्रेड देखने को मिलते हैं। जिससे यह बजट स्मार्टवॉच सेगमेंट में बढ़िया ऑप्शन बन सकती है।

भारत में CMF Watch 3 Pro की कीमत 7,999 रुपये रखी गई है। हालांकि लॉन्च ऑफर के तहत इसे सीमित समय के लिए 6,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। खास बात यह है कि Light Grey, Light Green और Dark Grey वैरियंट इस ऑफर प्राइस पर उपलब्ध हैं, जबकि Orange कलर की कीमत थोड़ी ज्यादा 7,499 रुपये रखी गई है। वहीं, इसकी सेल 8 मई से Flipkart पर शुरू होगी।

डिजाइन की बात करें तो CMF Watch 3 Pro में सर्कुलर डायल दिया गया है, लेकिन इस बार कंपनी ने इंटरचेंजेबल बेजल्स को हटाकर फिक्स्ड डिजाइन दिया है। जिससे इसकी बिल्ड क्वालिटी और ड्यूरेबिलिटी बेहतर रह सकती है। इसमें मेटल बॉडी के साथ लिक्विड सिलिकॉन स्ट्रैप्स मिलते हैं और यह IP68 रेटिंग के साथ आती है। वॉच में 1.43 इंच का AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जो 466×466 रेजोल्यूशन, 650 निट्स ब्राइटनेस और 60Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है।

बैटरी लाइफ भी CMF Watch 3 Pro वॉच की बड़ी खासियत है। इसमें 350mAh की बैटरी दी गई है, जो सामान्य उपयोग में 13 दिन, हैवी यूज में 10 दिन, AOD के साथ 4.5 दिन और पावर सेविंग मोड में 60 दिन तक चल सकती है। वहीं, लगातार Bluetooth कॉलिंग के साथ यह करीब 17.9 घंटे तक का बैकअप दे सकती है।

CMF Watch 3 Pro वॉच क्राउन बटन के साथ आती है, जिसे प्रेस और रोटेट दोनों किया जा सकता है, जिससे यूआई नेविगेशन आसान हो सकता है। यूजर्स को इसमें 120 से ज्यादा वॉच फेस का सपोर्ट मिलता है, जिनमें कुछ कस्टमाइजेबल और इंटरएक्टिव ऑप्शन भी शामिल हैं।

हेल्थ और फिटनेस फीचर्स की बात करें तो CMF Watch 3 Pro स्मार्टवॉच एडवांस है। इसमें नया ऑप्टिकल सेंसर दिया गया है, जो कंपनी के अनुसार एक्सरसाइज के दौरान 7% तक ज्यादा और रेस्ट के दौरान 3% तक ज्यादा सटीक रीडिंग दे सकता है। यह डिवाइस हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन, स्ट्रेस, स्टेप्स और स्लीप ट्रैकिंग जैसे फीचर्स सपोर्ट करता है। इसमें स्लीप स्टेज एनालिसिस, पावर नैप डिटेक्शन, गाइडेड ब्रीदिंग, सेडेंटरी रिमाइंडर और महिलाओं के लिए मेंस्ट्रुअल साइकिल ट्रैकर जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।

फिटनेस लवर्स के लिए CMF Watch 3 Pro में 131 स्पोर्ट्स मोड्स हैं, साथ ही डुअल-बैंड मल्टी-सिस्टम GPS भी मिलता है, जो आउटडोर एक्टिविटी ट्रैकिंग को और ज्यादा सटीक बना सकता है। इसमें AI-पावर्ड पर्सनलाइज्ड रनिंग कोच दिया गया है, जो यूजर के गोल्स के हिसाब से 8 से 16 हफ्तों का ट्रेनिंग प्लान तैयार कर सकता है और रियल-टाइम में उसे एडजस्ट भी कर सकता है।

स्मार्ट फीचर्स की बात करें तो CMF Watch 3 Pro में Bluetooth कॉलिंग, म्यूजिक कंट्रोल, क्विक रिप्लाई और ChatGPT इंटीग्रेशन जैसे फीचर्स दिए गए हैं। यह वॉच Android 6.0 और iOS 13 या उससे ऊपर के डिवाइस के साथ पेअर हो सकती है और Nothing X ऐप के जरिए काम करती है।

CMF Watch 3 Pro बड़े डिस्प्ले, बेहतर GPS, एडवांस हेल्थ ट्रैकिंग और AI फीचर्स के साथ अपग्रेड लेकर आई है। इसलिए जो यूजर्स बजट में शानदार अनुभव चाहते हैं इसे चुन सकते हैं। 91मोबाइल्स पर हर टेक अपडेट के लिए जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here