
Google ने अपनी नई Pixel 10 सीरीज को मार्केट में उतार दिया है। इस सीरीज को कंपनी ने अब तक का सबसे एडवांस स्मार्टफोन बताया है, क्योंकि इसमें लेटेस्ट प्रोसेसर, शानदार कैमरे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े फीचर्स और ब्राइट डिस्प्ले दिए गए हैं, लेकिन सबसे खास और अनोखी बात यह है कि Pixel 10 फोन अब WhatsApp पर ऑडियो और वीडियो कॉल की सुविधा देगा, वह भी तब जब आपके पास मोबाइल नेटवर्क बिल्कुल भी न हो।
यह फीचर कैसे काम करेगा
Pixel 10 सीरीज में सैटेलाइट कनेक्टिविटी का सपोर्ट दिया गया है। इसका मतलब यह है कि अगर कोई यूजर ऐसी जगह पर है, जहां मोबाइल नेटवर्क का नामोनिशान तक नहीं है, तब भी फोन सीधे सैटेलाइट से कनेक्ट हो जाएगा। इसके बाद यूजर आसानी से WhatsApp पर कॉल कर सकेंगे। यह सुविधा सिर्फ ऑडियो कॉल तक सीमित नहीं है, बल्कि वीडियो कॉल भी की जा सकती है। Google और WhatsApp ने मिलकर इस तकनीक को उपलब्ध कराया है।
#Pixel10 has you covered on and off the grid 📍 Pixel devices will be the first to offer voice and video calls on @WhatsApp over a satellite network starting 8/28¹ 🌍 pic.twitter.com/6yDSDMskkK
— Made by Google (@madebygoogle) August 22, 2025
Google की ओर से जारी किए गए टीजर वीडियो में देख सकते हैं कि जब भी यूजर को WhatsApp कॉल सैटेलाइट नेटवर्क पर मिलेगी, तो फोन की स्टेटस बार में एक सैटेलाइट का आइकन दिखाई देगा। आपको बता दें कि यह सुविधा 28 अगस्त, 2025 से उपलब्ध होगी यानी जिस दिन Pixel 10 सीरीज की बिक्री शुरू होगी उसी दिन से लोग इस फीचर का फायदा उठा पाएंगे।
दुनिया का पहला स्मार्टफोन
Pixel 10 सीरीज को दुनिया का पहला ऐसा स्मार्टफोन कहा जा रहा है जिसमें WhatsApp पर सीधे सैटेलाइट से ऑडियो और वीडियो कॉल करने की सुविधा दी गई है। हालांकि इससे पहले Apple ने साल 2022 में iPhone 14 के साथ सैटेलाइट कनेक्टिविटी पेश की थी, लेकिन वहां यह सुविधा केवल इमरजेंसी टेक्स्ट मैसेज भेजने तक सीमित थी। Google ने अब इसे अगले लेवल तक पहुंचा दिया है।
किन बातों का रखना होगा ध्यान
हालांकि यह सुविधा बेहद खास है, लेकिन इसके साथ कुछ शर्तें भी हैं। शुरुआत में यह फीचर केवल चुनिंदा नेटवर्क ऑपरेटर्स के साथ ही काम करेगा। इसके अलावा, Google ने साफ कहा है कि सैटेलाइट कॉल के लिए अतिरिक्त शुल्क भी लग सकता है यानी सामान्य मोबाइल नेटवर्क की तरह यह सुविधा फ्री नहीं होगी। हालांकि WhatsApp की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि सैटेलाइट नेटवर्क पर की गई कॉल्स भी पूरी तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगी। इसका मतलब यह है कि यूजर की प्राइवेसी पर कोई असर नहीं पड़ेगा और सुरक्षा वैसी ही बनी रहेगी जैसी सामान्य इंटरनेट कॉल में होती है।
Pixel Watch 4 में भी मिलेगा सैटेलाइट सपोर्ट
Google ने सिर्फ Pixel 10 स्मार्टफोन्स में ही नहीं, बल्कि Pixel Watch 4 LTE मॉडल में भी यह सुविधा देने की घोषणा की है। यह दुनिया की पहली स्मार्टवॉच होगी जिसमें सीधे सैटेलाइट से जुड़ने और इमरजेंसी मैसेज भेजने की क्षमता होगी। इस वॉच में Snapdragon W5 Gen 2 चिप लगाया गया है, जिसकी मदद से यह जियोस्टेशनरी सैटेलाइट नेटवर्क से कनेक्ट होकर जरूरी मदद के संदेश भेज पाएगी।
Google Pixel 10 सीरीज का यह नया फीचर उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है, जो अक्सर पहाड़ों, जंगलों या दूर-दराज इलाकों की यात्रा करते हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क मिलना लगभग नामुमकिन होता है। अब चाहे आप रेगिस्तान में हों, गांव के बीचोंबीच हों या किसी पर्वतीय इलाके में, WhatsApp पर ऑडियो और वीडियो कॉल करना पहले से कहीं आसान हो जाएगा। यह फीचर Pixel 10 सीरीज को न केवल टेक्नोलॉजी की दुनिया में अलग पहचान दिलाता है, बल्कि इसे आपातकालीन परिस्थितियों में भी सबसे भरोसेमंद फोन बना देता है।









