
केंद्र सरकार ने खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए संचार साथी पोर्टल – www.sancharsaathi.gov.in लॉन्च किया है। यह पोर्टल भारत के सभी टेलीकॉम यूजर्स के लिए फायदेमंद होगा। इस पोर्टल की मदद से यूजर्स चोरी या गुम हो जाने वाले फोन को ट्रैक करने के साथ-साथ ब्लॉक भी करवा सकते हैं। इसके साथ ही आपके नाम पर कितने फोन नंबर रजिस्टर हैं इसकी जानकारी को प्राप्त कर सकते हैं। आज हम आपको संचार साथी पोर्टल पर खोए या चोरी हुए फोन को कैसे ब्लॉक करें इसके बारे में जानकारी दे रहे हैं।
चोरी या खोए फोन को ब्लॉक कैसे करें
स्टेप 1 : सबसे पहले आपको संचार साथी पोर्टल – https://sancharsaathi.gov.in/ पर लॉगइन करना होगा। यहां दिए लिंक पर क्लिक करके सीधे आप संचार साथी पर विजिट कर सकते हैं।
स्टेप 2 : इस वेबसाइट के होम पेज पर आपको संचार साथी पोर्टल से जुड़ी सर्विसेज के बारे जानकारी दिखाई देंगी। यहां आपको मेन मैन्यू पर ‘सिटीजंस सेंट्रिक सर्विसेस’ पर क्लिक करना होगा।
स्टेप 3 : सिटीजंस सेंट्रिक सर्विसेस ऑप्शन पर क्लिक करते ही नया पेज ओपन होगा, जिसमें दो ऑप्शन नजर आएंगे। मोबाइल फोन को ब्लॉक करने के लिए आपको पहले ऑप्शन ‘ब्लॉक यॉर्स स्टोलन/लॉस्ट फोन’ पर क्लिक करना है।
स्टेप 4 : एक नया पेज ओपन होगा, जिसमें तीन ऑप्शन मिलेंगे। पहला – ब्लॉक स्टोलन/ लॉस्ट मोबाइल, दूसरा अनब्लॉक फाउंड मोबाइल और तीसरा चेक रिक्वेस्ट स्टेटस का ऑप्शन मिलेगा। फोन ब्लॉक करने के लिए आपको पहले ऑप्शन को सलेक्ट करना है।
स्टेप 5 : अब नए पेज में आपको मोबाइल नंबर, IMEI नंबर, फोन ब्रांड का नाम, मोबाइल के बिल की कॉपी, पुलिस कंप्लेंट और किस जगह पर स्मार्टफोन चोरी हुआ ये सभी जानकारी भरनी होंगी।
स्टेप 6 : सभी डिटेल्स भरने के बाद आपको अपनी जानकारी देनी हैं, जिसमें आपका नाम, पता, आईडेंटिटी और स्मार्टफोन के जरिए ओटीपी वेरीफिकेशन करना होगा।
स्टेप 7 : अब आपको अपनी कंप्लेन का रिक्वेस्ट आईडी नंबर मिल जाएगा। इसकी मदद से आप स्टेटस चेक कर पाएंगे।
फोन ब्लॉक का स्टेटस कैसे चेक करें
स्टेप 1 : चोरी हुए या गुम हुए फोन की कंप्लेन कर चुके हैं तो इस पोर्टल में आप अपने कंप्लेन का स्टेटस भी चेक कर सकते हैं। इसके लिए आपको सबसे पहले होम पेज पर ‘सिटीजंस सेंट्रिक सर्विसेस’ में क्लिक करना है।
स्टेप 2 : यहां आपको तीसरे ऑप्शन Check Request Status पर क्लिक करना है।
स्टेप 3 : नया पेज ओपन होगा जहां आपको आपको रिक्वेस्ट आईडी सबमिट करना होगा। और आपको कंप्लेन के बारे में जानकारी मिल जाएगी।
फोन मिल जानें पर ऐसे करें अनब्लॉक
अगर आपका खोया हुआ फोन आपको मिल जाता है। तो ब्लॉक किए फोन को आप संचार साथी पोर्टल की मदद से अनब्लॉक भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको निम्नलिखित स्टेप फॉलो करने होंगे।
स्टेप 1 : होम पेज में ‘सिटीजंस सेंट्रिक सर्विसेस’ पर क्लिक कर दूसरे ऑप्शन ‘अनब्लॉक फाउंड मोबाइल’ पर क्लिक करना है।
स्टेप 2 : नए पेज में आपको अनब्लॉक का रीजन पूछा जाएगा। आपको चार विकल्प में से एक को सलेक्ट करना होगा।
स्टेप 3 : अब आपको कैप्चा कोड और मोबाइल नंबर भरना होगा, जिसके बाद ओटीपी वेरीफिकेशन करना होगा।
स्टेप 4 : सबमिट करने के बाद आपको मोबाइल नंबर अनब्लॉक की रिक्वेस्ट आईडी मिल जाएगी। बाद में आप अनब्लॉक का स्टेटस चेक कर पाएंगे।


























